Begin typing your search...

क्या भारत की ब्रह्मोस मिसाइल से खतरनाक है पाकिस्तान की Fatah-3? जानें दोनों मिसाइलों में कौन बेहतर

पाकिस्तान ने अपनी नई ‘फतह-3’ सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सार्वजनिक प्रदर्शन किया है.पाकिस्तान इस मिसाइल को भारत की सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल के जवाब के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है.

BrahMos vs Fatah3
X

BrahMos vs Fatah3

( Image Source:  X/ @india_plus_, @idrwalerts )

BrahMos vs Fatah-3 Missile: पाकिस्तान ने अपनी नई फतह-3 सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सार्वजनिक प्रदर्शन किया है. गुरुवार को इस मिसाइल को पहली बार आधिकारिक तौर पर पेश किया गया. माना जा रहा है कि यह चीन की एचडी-1 मिसाइल तकनीक पर आधारित उन्नत संस्करण है, जिसे पाकिस्तान अपनी सैन्य शक्ति, तकनीकी और रक्षा उत्पादन के बड़े प्रदर्शन के तौर पर दिखाना चाहता है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान इस मिसाइल को भारत की सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल के जवाब के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है. हालांकि, रक्षा विश्लेषकों के अनुसार परिचालन क्षमता, सटीकता और वास्तविक युद्ध अनुभव के मामले में ब्रह्मोस अभी भी कहीं अधिक मजबूत मानी जाती है.

फतह-3 मिसाइल की क्या हैं खासियत?

1. टर्मिनल स्पीड मैक 2.5 से मैक 4 तक

2. भूभाग से बेहद नजदीक उड़ान भरने की क्षमता

3. समुद्र की सतह के बेहद करीब उड़ने में सक्षम

4. रडार ट्रैकिंग को जटिल बनाने की तकनीक

5. एयर डिफेंस इंटरसेप्शन के लिए बेहद कम प्रतिक्रिया समय

6. मल्टी-लेयर डिफेंस सिस्टम को भ्रमित करने की क्षमता

फतह-3 मिसाइल को चीन की HD-1 तकनीक से जुड़ा माना जा रहा है. इससे एक बार फिर यह संकेत मिला है कि बीजिंग और इस्लामाबाद के बीच रक्षा सहयोग लगातार गहरा हो रहा है. विशेषज्ञों के मुताबिक, पाकिस्तान अब चीन की उन्नत मिसाइल तकनीकों को अपने सैन्य ढांचे में तेजी से शामिल कर रहा है ताकि क्षेत्रीय शक्ति संतुलन में अपनी स्थिति मजबूत कर सके.

दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान ने इस मिसाइल का प्रदर्शन उसी दिन किया जब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मनाई. भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत किए गए उन सटीक सैन्य हमलों को याद किया, जिनमें पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था.

ब्रह्मोस-फतह-3 में कौन बेहतर?

1. स्पीड

ब्रह्मोस अपनी पूरी उड़ान के दौरान लगभग मैक 2.8 से मैक 3.0 की रफ्तार बनाए रखती है. इसकी उच्च गति दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम के लिए इसे रोकना बेहद मुश्किल बना देती है. दूसरी ओर, पाकिस्तान की फतह-3 मिसाइल को सुपरसोनिक बताया गया है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इसके वास्तविक ऑपरेशनल आंकड़े अभी ब्रह्मोस के स्तर तक नहीं पहुंचे हैं.

2. रेंज और मारक क्षमता

ब्रह्मोस मिसाइल की मौजूदा रेंज 300 से 500 किलोमीटर तक है और इसे भविष्य में 800 किलोमीटर तक बढ़ाने की दिशा में काम चल रहा है. वहीं फतह-3 की अधिकतम रेंज लगभग 290 किलोमीटर बताई जा रही है. इसके अलावा यह 250 किलोग्राम तक का वॉरहेड ले जाने में सक्षम है.

3. ब्रह्मोस दुनिया की उन चुनिंदा मिसाइलों में शामिल है जिन्हें जमीन, समुद्र और हवा तीनों प्लेटफॉर्म से लॉन्च किया जा सकता है. वहीं पाकिस्तान की फतह-3 फिलहाल उसकी रॉकेट फोर्स कमांड के तहत तैनात की जा रही है. भविष्य में इसके अन्य वेरिएंट विकसित किए जा सकते हैं, लेकिन अभी इसकी तैनाती सीमित मानी जा रही है.

अगला लेख