Begin typing your search...

कौन हैं Mandana Karimi? ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद छोड़ना चाहती हैं भारत

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बीच मंदाना करीमी ने भारत छोड़ने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि वे एक स्वतंत्र और आज़ाद ईरान में लौटकर नई शुरुआत करना चाहती हैं.

ayatollah ali khamenei death mandana karimi leaving india free iran statement
X
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Updated on: 4 March 2026 7:30 AM IST

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर ने पूरी दुनिया में हलचल मचा दी है. अमेरिका और इज़राइल के संयुक्त सैन्य हमलों में उनकी मौत हो गई, जिसके बाद ईरान ने मध्य पूर्व के कई देशों पर जवाबी हमले किए. इस घटना के बाद ईरान में लोगों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली दिखाई दी. कुछ जगहों पर शोक मनाया गया, तो कहीं खुशी और उम्मीद की लहर भी दिखी.

इसी बीच, बॉलीवुड में काम करने वाली ईरानी मूल की मशहूर एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने एक इंटरव्यू में बहुत इमोशनल होकर अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि अब वे भारत छोड़कर ईरान वापस जाने की योजना बना रही हैं. मंदाना ने बॉलीवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में कहा कि वे एक ऐसे स्वतंत्र और आज़ाद ईरान को देखना चाहती हैं, जहां महिलाएं अपनी मर्जी से कपड़े पहन सकें, जो चाहें पढ़ाई करें, किसी भी यूनिवर्सिटी में जा सकें और पूरी आज़ादी से जी सकें. वे चाहती हैं कि ईरान मध्य पूर्व के अन्य देशों के साथ अच्छे और शांतिपूर्ण संबंध रखे, किसी के लिए खतरा न बने, बल्कि इलाके के विकास और शांति में योगदान दे.

अपने वतन जाना चाहती है एक्ट्रेस

मंदाना ने आगे कहा, 'जैसे ही वहां इस मौजूदा शासन (रेजीम) के खत्म होने की आधिकारिक घोषणा होगी, मैं तुरंत ईरान चली जाऊंगी.' उन्होंने बताया कि उनका सामान पैक हो चुका है और वे भारत छोड़ने वाली हैं। यह फैसला उनके लिए बहुत मुश्किल है, क्योंकि वे बहुत छोटी उम्र में भारत आई थीं. भारत ने उन्हें बहुत कुछ दिया मॉडलिंग का करियर शुरू किया, एक्टिंग के मौके दिए, ढेर सारा प्यार और दोस्त मिले. लेकिन अब उन्हें लगता है कि भारत में उनकी कोई आवाज नहीं बची है. वे कहती हैं कि यह उनके लिए भारत से 'ब्रेकअप' जैसा महसूस हो रहा है.

मुंबई के कई दोस्त दूर हो गए

मंदाना ने यह भी शेयर किया कि ईरान में चल रहे प्रोटेस्ट में शामिल होने और ईरान की सरकार के खिलाफ खुलकर बोलने की वजह से मुंबई में उनके कई दोस्त उनसे दूर हो गए. पिछले दो महीनों में वे मुंबई में बहुत अकेली और उदास महसूस कर रही हैं. घर की याद बहुत सताती है उनके कई पुराने दोस्त अब उनसे बात नहीं करते, क्योंकि उन्होंने ईरान के मुद्दे पर इतनी खुलकर बात की. इससे उन्हें बहुत दुख हुआ है, वे कहती हैं कि भारत ने उन्हें वह सब दिया जो देना था, लेकिन अब आगे बढ़ने का समय आ गया है. वे उम्मीद करती हैं कि जल्द ही ईरान जाएंगी और वहां एक बेहतर, आज़ाद और खुशहाल देश देखेंगी.

कौन है मंदाना करीमी

19 मई 1988 को ईरान के तेहरान में जन्मी मंदाना करीमी एक मुस्लिम परिवार से हैं. उनके पिता की जड़ें ईरानी-भारतीय हैं, जबकि मां ईरानी (पर्शियन) हैं। वे आधी ईरानी और आधी भारतीय मूल की हैं. उन्होंने करियर की शुरुआत एयर होस्टेस के रूप में की थी, लेकिन बाद में मॉडलिंग के लिए इसे छोड़ दिया. 2010 में वे मुंबई आ गईं और यहां मॉडलिंग शुरू की. उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के साथ काम किया और कुछ बड़े सेलिब्रिटीज़ के साथ ऐड फिल्माए. 2015 में फिल्म 'रॉय' में कैमियो रोल से शुरुआत की. उसी साल बिग बॉस 9 में हिस्सा लिया, जहां वे सेकंड रनर-अप रहीं. इस शो ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया. उन्होंने भाग जॉनी, क्या कूल हैं हम 3, मैं और चार्ल्स जैसी फिल्मों में काम किया. कुछ इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स भी किए.

bollywood
अगला लेख