बलूचिस्तान में खूनी जंग! आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तानी सेना का काउंटर वार, 145 आतंकियों को किया ढेर-17 जवान भी मारे गए
बलूचिस्तान में समन्वित आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने काउंटर-ऑपरेशन में 145 आतंकियों को मारने का दावा किया है. हिंसा में 17 सुरक्षाकर्मी और 31 नागरिक मारे गए. वहीं BLA ने सेना के दावों को खारिज करते हुए बड़े पैमाने पर हमलों की जिम्मेदारी ली है.;
बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना ने 2 दिन में 145 आतंकियों को मार गिराया
(Image Source: Sora_ AI )Balochistan Violence Pakistan Claims 145 Militants Killed: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हिंसा एक बार फिर चरम पर पहुंच गई है. शनिवार से शुरू हुए समन्वित आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर काउंटर-ऑपरेशन चलाया, जिसमें दो दिनों में 145 आतंकियों को मार गिराने का दावा किया गया है. इन झड़पों में 17 सुरक्षाकर्मियों और 31 आम नागरिकों की मौत हुई है.
रविवार को बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने बताया कि सुरक्षा बलों को पहले से इन हमलों की खुफिया जानकारी थी, जिसके चलते हमले से एक दिन पहले ही प्री-ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था. इसके बावजूद आतंकियों ने कई इलाकों में आम लोगों को निशाना बनाया.
“आतंकियों ने नागरिकों को मानव ढाल के तौर पर इस्तेमाल किया”
पाकिस्तान के जूनियर गृह मंत्री तालाल चौधरी ने कहा कि हमलावर आम नागरिकों के वेश में अस्पतालों, स्कूलों, बैंकों और बाजारों में घुसे और अंधाधुंध फायरिंग की. उन्होंने कहा, “आतंकियों ने जानबूझकर आम लोगों को निशाना बनाया और नागरिकों को मानव ढाल के तौर पर इस्तेमाल किया.”
शनिवार को मारे गए 92 आतंकी
पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ISPR के अनुसार, हमले क्वेटा, मस्तूंग, नुश्की, दल्बंदिन, खारान, पंजगुर, तुंप, ग्वादर और पसनी समेत कई जिलों में हुए. सेना का दावा है कि सिर्फ शनिवार को 92 आतंकी मारे गए, जबकि शुक्रवार को 41 आतंकियों को ढेर किया गया.
ग्वादर और खारान जिलों में 31 नागरिकों की मौत
सेना ने आरोप लगाया कि इन हमलों का मकसद बलूचिस्तान में सार्वजनिक जीवन और विकास परियोजनाओं को बाधित करना था. खासकर ग्वादर और खारान जिलों में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत 31 नागरिकों की जान गई. वहीं, बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा कि पुलिस और फ्रंटियर कॉर्प्स की त्वरित कार्रवाई से कई बड़े हमले नाकाम किए गए.
BLA का पलटवार: सरकारी दावों को किया खारिज
इस बीच, बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना के दावों को सिरे से खारिज किया है. BLA ने कहा कि उसने ‘ऑपरेशन हेरोफ’ (Operation Herof) के दूसरे चरण के तहत 14 शहरों में 48 ठिकानों पर समन्वित हमले किए. अपने बयान में BLA ने दावा किया कि उसने सैन्य और प्रशासनिक ढांचों को निशाना बनाया, दर्जनों पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों को मार गिराया, कुछ को पकड़ लिया और कई सरकारी व सुरक्षा चौकियों पर अस्थायी कब्जा किया.
बलूचिस्तान में बढ़ती हिंसा ने एक बार फिर पाकिस्तान के सामने आंतरिक सुरक्षा, अलगाववाद और विकास को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं और सुरक्षा एजेंसियां सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं.