T20 World Cup Trophy का क्या है 'जयपुर' कनेक्शन? जानिए इसे कब और किसने तैयार किया
T20 World Cup की ट्रॉफी का खास कनेक्शन जयपुर से है. इसे जयपुर के डिजाइनर अमित पाबूवाल ने 2007 में तैयार किया था, जबकि मूल डिजाइन ऑस्ट्रेलिया में बना था. चांदी और प्लैटिनम प्लेटिंग से बनी यह ट्रॉफी करीब 21 इंच ऊंची और 6 किलो वजन की है.
T20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी
(Image Source: ANI )ICC Men's T20 World Cup 2026 का फाइनल मुकाबला आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुरू होने जा रहा है. यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. बहुत कम लोग जानते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप की चमचमाती ट्रॉफी का खास कनेक्शन राजस्थान के जयपुर से है.
जयपुर के डिजाइनर Amit Pabuwal ने टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को तैयार किया है. हालांकि ट्रॉफी का शुरुआती डिजाइन ऑस्ट्रेलिया की डिजाइन कंपनी Minale Bryce ने बनाया था.
Amit Pabuwal ने T20 World Cup Trophy के बारे में क्या बताया?
- ट्रॉफी का डिजाइन 2007 में तैयार किया गया था, जब टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण आयोजित हुआ था.
- डिजाइन फाइनल होने के बाद International Cricket Council (ICC) ने ट्रॉफी बनाने की जिम्मेदारी उन्हें दी.
- शुरुआत में आईसीसी की योजना थी कि ट्रॉफी को टाइटेनियम और कांच के मिश्रण से बनाया जाए ताकि यह टी20 क्रिकेट की तेज और आधुनिक शैली को दर्शा सके.
- इसके लिए कई प्रोटोटाइप भी तैयार किए गए. लेकिन तकनीकी दिक्कतों की वजह से यह विचार सफल नहीं हो पाया.
- कांच और धातु को जोड़ते समय कांच बार-बार टूट जाता था. कई प्रयोगों के बाद मैंने आईसीसी को सलाह दी कि इस कॉम्बिनेशन से ट्रॉफी बनाना व्यावहारिक नहीं होगा.
- इसके बाद ट्रॉफी का अंतिम संस्करण चांदी (सिल्वर) से बनाया गया और उस पर प्लैटिनम प्लेटिंग की गई ताकि वह लंबे समय तक सुरक्षित रह सके और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन के लिए उपयुक्त हो.
- यह ट्रॉफी लगभग 21 इंच ऊंची है और इसका वजन करीब 6 किलोग्राम है.
- असली ट्रॉफी आईसीसी के मुख्यालय में सुरक्षित रखी जाती है, जबकि विजेता टीम को उसकी बिल्कुल वैसी ही एक प्रतिकृति (रेप्लिका) दी जाती है.
इस बीच टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत के पास कई बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका भी है. अगर टीम इंडिया खिताब जीतती है तो वह अपने घर में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी. इसके अलावा भारत लगातार दूसरी बार यह टूर्नामेंट जीतने और तीसरी बार ट्रॉफी उठाने वाली भी पहली टीम बन सकता है.