Begin typing your search...

T20 World Cup Final: अगर बारिश ने बिगाड़ दिया भारत-न्यूजीलैंड का फाइनल, तो किसे मिलेगी ट्रॉफी?

T20 World Cup Final: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेला जाएगा. अगर बारिश से मैच प्रभावित होता है तो ICC के अतिरिक्त समय, रिजर्व डे और DLS नियम के आधार पर विजेता तय किया जाएगा.

india vs new Zealand t20 world cup 2026 final rain rule icc
X
( Image Source:  X/@ICC )
प्रवीण सिंह
Edited By: प्रवीण सिंह4 Mins Read

Updated on: 6 March 2026 1:38 PM IST

T20 World Cup Final: मंच सज चुका है, करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें तेज हैं और निगाहें अहमदाबाद के मैदान पर टिकी हुई हैं. 8 मार्च को होने वाला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि इतिहास लिखने का मौका है. एक तरफ है भारत, जो तीसरी बार खिताब जीतकर रिकॉर्ड बनाना चाहता है, तो दूसरी ओर न्यूजीलैंड है, जो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने के सपने के साथ मैदान में उतरेगा.

इस टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी को 20 टीमों के साथ हुई थी और अब लंबी जंग के बाद सिर्फ दो टीमें बची हैं - भारत और न्यूजीलैंड. दोनों के बीच होने वाला यह महामुकाबला रोमांच की सारी सीमाएं पार कर सकता है. हालांकि मौसम विभाग ने बारिश की आशंका नहीं जताई है, लेकिन क्रिकेट में मौसम का खेल कभी भी कहानी बदल सकता है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर फाइनल मैच बारिश की वजह से रद्द हो जाए तो आखिर ट्रॉफी किसे मिलेगी? आइए समझते हैं ICC के नियम.

भारत-न्यूजीलैंड फाइनल के दौरान बारिश आ गई तो क्या होगा?

मौसम विभाग के अनुसार अहमदाबाद में फाइनल के दिन बारिश की संभावना बेहद कम है. फिर भी क्रिकेट में मौसम कभी भी अचानक करवट ले सकता है. अगर मैच के दौरान बारिश बाधा डालती है, तो ICC ने मुकाबले को पूरा कराने के लिए अतिरिक्त समय का प्रावधान रखा है.

फाइनल मैच के लिए ICC ने कौन-सी विशेष व्यवस्था की है?

टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए 120 मिनट का अतिरिक्त समय रखा गया है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कम से कम दोनों टीमों को 10-10 ओवर खेलने का मौका मिल सके, क्योंकि नॉकआउट मैच को आधिकारिक बनाने के लिए यह न्यूनतम शर्त होती है. अगर बारिश के कारण मैच रुकता है तो इसी अतिरिक्त समय में खेल पूरा कराने की कोशिश की जाएगी.

अगर उसी दिन मैच पूरा नहीं हो पाया तो क्या होगा?

अगर 8 मार्च को अतिरिक्त समय के बावजूद मैच पूरा नहीं हो पाता, तो ICC ने 9 मार्च को रिजर्व डे रखा है. रिजर्व डे पर वहीं से मैच शुरू होगा जहां से खेल रुका था. यानी मैच को दोबारा शुरुआत से नहीं खेला जाएगा.

अगर मैच टाई हो गया तो विजेता कैसे तय होगा?

अगर फाइनल मैच बराबरी पर खत्म होता है, तो विजेता का फैसला सुपर ओवर से होगा. लेकिन अगर बारिश के कारण दोनों टीमों ने कम से कम 10-10 ओवर खेल लिए हों और मैच पूरा न हो सके, तो विजेता तय करने के लिए DLS (डकवर्थ-लुईस-स्टर्न) मेथड लागू किया जाएगा.

अगर रिजर्व डे पर भी मैच नहीं हो पाया तो क्या होगा?

यह बेहद दुर्लभ स्थिति होगी, लेकिन अगर रिजर्व डे पर भी बारिश के कारण मैच का नतीजा नहीं निकल पाता, तो ICC के नियम के अनुसार भारत और न्यूजीलैंड दोनों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा. यानी ट्रॉफी दोनों टीमों के बीच साझा होगी.

क्या ICC फाइनल में ऐसा पहले कभी हुआ है?

ICC टूर्नामेंट के फाइनल में ऐसा अब तक सिर्फ एक बार हुआ है. साल 2002 के चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत और श्रीलंका के बीच मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था. यहां तक कि रिजर्व डे भी बेकार चला गया और अंत में दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करना पड़ा.

8 मार्च को इतिहास कौन लिखेगा?

भारत पहले ही रिकॉर्ड चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंच चुका है और अगर टीम जीतती है तो तीसरा खिताब अपने नाम कर सकती है. वहीं न्यूजीलैंड की नजर अपने पहले टी20 वर्ल्ड कप पर है. अब सवाल सिर्फ इतना है - क्या ट्रॉफी सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी या मिशेल सैंटनर इतिहास रचेंगे? इसका जवाब क्रिकेट प्रेमियों को 8 मार्च की रात मिल जाएगा.

टी-20 वर्ल्‍ड कप
अगला लेख