पिता-टीम और देश... सांसद प्रिया सरोज ने रिंकू सिंह के लिए खोल दिया दिल
सपा सांसद प्रिया सरोज ने टीम इंडिया की टी20 वर्ल्ड कप जीत पर एक्स पर भावुक पोस्ट लिखकर बधाई दी. उन्होंने रिंकू सिंह की हिम्मत और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत देश के लिए ऐतिहासिक पल है.
टी20 वर्ल्ड कप जीत पर प्रिया सरोज का भावुक पोस्ट
(Image Source: x.com/PriyaSarojMP )Priya Saroj Post on Rinku Singh After T20 World Cup 2026 Victory: भारतीय क्रिकेट टीम के तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर पूरे देश में जश्न का माहौल है. कई नेताओं ने भी टीम इंडिया को बधाई दी है. इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से सपा सांंसद प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक पोस्ट लिखकर टीम इंडिया और क्रिकेटर रिंकू सिंह को बधाई दी.
अपनी पोस्ट में प्रिया सरोज ने लिखा कि कुछ दिन स्याही से लिखे जाते हैं, लेकिन 8 मार्च जैसे दिन इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाते हैं. यह वह दिन है जब टीम इंडिया ने ICC Men's T20 World Cup जीतकर हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया.
प्रिया सरोज ने क्या कहा?
प्रिया सरोज ने कहा कि यह जीत ऐसा पल है जिसे देश आने वाली पीढ़ियों तक याद रखेगा और मनाएगा. उन्होंने इस जीत के बीच रिंकू सिंह के साहस और दृढ़ता की भी खास तौर पर सराहना की. सपा सांसद ने लिखा कि उन्होंने एक ऐसे बेटे की ताकत देखी जो अपने पिता, अपनी टीम और अपने देश के लिए मजबूती से खड़ा रहा.
प्रिया के मुताबिक, जीवन के सबसे कठिन पलों में भी मैदान पर उतरकर चैंपियन बनकर निकलना असाधारण हिम्मत की बात है. पोस्ट के अंत में उन्होंने टीम इंडिया और रिंकू सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने दुनिया को दिखा दिया कि असली ताकत क्या होती है.
प्रिया की पोस्ट हुई वायरल
प्रिया सरोज की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. क्रिकेट प्रशंसक भी टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत का जश्न मना रहे हैं. बता दें कि रिंकू और प्रिया की सगाई हो चुकी है. दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं.
भारत ने रचा इतिहास
भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया. वह अपने घर में वर्ल्ड कप ट्रॉफी को डिफेंड करने वाली पहली टीम बन गई है. टीम इंडिया ने तीसरी बार इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जो एक रिकॉर्ड है. इसके पहले, 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने ट्रॉफी जीती थी.