टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में एक ही ओवर में ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे के विकेट चटकाने वाले शैडली वान शाल्कविक कौन?
Who Is Shadley van Schalkwyk : भारत के खिलाफ USA के शैडली वान शाल्कविक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में चार विकेट झटके. पावरप्ले में उनकी कसी हुई गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजी को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया.;
Who is Shadley Van Schalkwyk: T20 World Cup 2026 के पहले मुकाबले में भारतीय क्रिकेट फैंस को उम्मीद थी कि अपने से कमजोर मानी जा रही संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के खिलाफ टीम इंडिया बल्लेबाजी में तूफान मचा देगी, लेकिन जैसे ही मैच शुरू हुआ, तस्वीर बिल्कुल उलटी नजर आई. पावरप्ले खत्म होने से पहले ही भारतीय टीम के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे. स्टेडियम से लेकर टीवी स्क्रीन तक हर कोई हैरान रह गया.
भारत की इस खराब शुरुआत के पीछे सबसे बड़ा नाम रहा शैडली वान शाल्कविक (Shadley Van Schalkwyk) का... यूएसए के इस अनुभवी गेंदबाज ने शुरुआती ओवरों में ही भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. पावरप्ले के दौरान उन्होंने कुल तीन ओवर फेंके और सिर्फ 13 रन देकर तीन बड़े विकेट चटकाए. उनकी इकॉनमी महज 4.33 की रही, जिसने भारत की रन गति को पूरी तरह रोक दिया.
शाल्कविक ने एक ही ओवर में चटकाए तीन विकेट
शाल्कविक ने ईशान किशन (20), तिलक वर्मा (25) और शिवम दुबे (01) जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट कर भारत को शुरुआती झटके दिए, खासतौर पर शिवम दुबे का जल्दी आउट होना टीम इंडिया के लिए बड़ा नुकसान साबित हुआ. ये तीनों विकेट उन्होंने एक ही ओवर में चटकाए.
Shadley van Schalkwyk के दूसरे ओवर का पूरा हाल
- पहली गेंद- तिलक वर्मा ने 1 रन लिया
- दूसरी गेंद- ईशान कैच आउट हुए
- तीसरी गेंद- कोई रन नहीं
- चौथी गेंद- सूर्यकुमार यादव ने 1 रन लिया
- पांचवीं गेंद- तिलक वर्मा 25 रन बनाकर आउट
- छठी गेंद- शिवम दुबे बिना खाता खोले आउट
कौन हैं शैडली वान शाल्कविक?
इस घातक गेंदबाजी के बाद क्रिकेट फैंस के मन में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कौन हैं शैडली वान शाल्कविक? शैडली का जन्म 5 अगस्त 1988 को दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में हुआ. मौजूदा समय में उनकी उम्र 37 साल से ज्यादा है और वह अमेरिकी टीम के लिए बतौर ऑलराउंडर खेलते हैं. वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और दाएं हाथ से मीडियम पेस गेंदबाजी करते हैं. इसके अलावा शैडली मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स की ओर से भी खेलते नजर आते हैं.
दक्षिण अफ्रीका से अमेरिका तक का सफर कैसा रहा?
बहुत कम लोग जानते हैं कि शैडली ने अपने घरेलू क्रिकेट करियर की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका से की थी. फरवरी 2008 में उन्होंने वेस्टर्न प्रोविंस के लिए लिस्ट-ए क्रिकेट में डेब्यू किया. हालांकि, शुरुआती दौर में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और कुछ कमजोर प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया. इसके बाद शैडली ने अमेरिका का रुख किया और यहां खुद को दोबारा साबित किया. आज वही खिलाड़ी भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मैच का रुख पलटता नजर आया.
भारत के खिलाफ शाल्कविक ने 4 ओवर में कितने रन दिए?
भारत के खिलाफ शाल्कविक ने पूरे चार ओवर फेंके और 25 रन देकर चार विकेट झटके. उनके शिकार बने- ईशान किशन (20), तिलक वर्मा (25), शिवम दुबे (00) और अर्शदीप सिंह (04). उनका यह प्रदर्शन मैच के सबसे निर्णायक फैक्टरों में से एक रहा.