RCB vs SRH: सनराइजर्स हैदराबाद पर भारी पड़ी ये गलती, हार के बाद कप्तान ने बताया कहां हुई चूक?
आईपीएल 2026 का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया. हैदराबाद को 201 रन बनाने के बाद भी पहले ही मैच हार का सामना करना पड़ा.
आईपीएल 2026 का पहला मैच
(Image Source: X/ @IPL )IPL 2026, RCB vs SRH: आईपीएल 2026 का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया. ईशान किशन इस बार हैदराबाद की कप्तानी करते हुए दिखाई दिए, लेकिन उनके लिए शुरुआत बेहद खराब रही. सनराइजर्स हैदराबाद को 201 रन बनाने के बाद भी पहले ही मैच हार का सामना करना पड़ा.
हालांकि ईशान किशन ने कमाल की बल्लेबाजी का नजारा पेश किया लेकिन कई मौकों पर टीम चूक गई, जिसका जिक्र कप्तान ईशान ने भी मैच के बाद करते हुए बताया कि आखिर कहां टीम से गलती हुई, जिसको जल्द से जल्द सुधारना होगा.
हार के बाद क्या बोले ईशान किशन?
आरसीबी के हाथों मिली हार के बाद ईशान किशन ने बताया कि 'मुझे लगता है कि शुरुआती 3-4 ओवरों के बाद विकेट काफी अच्छा रहा। हमने शुरुआत में ही कुछ विकेट गंवा दिए, और अगली बार हमें इस बात का ध्यान रखना होगा क्योंकि दूसरी पारी में विकेट पर बल्लेबाजी करना आसान था और गेंद भी अच्छी तरह से आ रही थी। तो हां, अगली बार हमें शॉट सिलेक्शन में थोड़ा समझदारी दिखानी होगी। लेकिन हां, ट्रैक खोने के बाद भी हमने अच्छा प्रदर्शन किया, जिससे हमें काफी आत्मविश्वास मिला.'
आगे उन्होंने कहा 'खासकर बल्लेबाजों को भी श्रेय देना होगा, जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, खासकर विराट भाई ने चेज़ करते हुए. उनका विकेट जल्द से जल्द लेना बहुत जरूरी था. नहीं तो, अगर वो खेलते रहे तो उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है. हमें थोड़ी और मेहनत करनी होगी. यह पहला मैच है और अभी के लिए ये गलतियां बर्दाश्त की जा सकती हैं. हम गेंदबाजी में थोड़ा और सतर्क रहेंगे, उन क्षेत्रों पर ध्यान देंगे जहां हमें सुधार करने की जरूरत है और शायद अगले मैच से हम और मजबूत हो जाएंगे.'
कैसा रहा मैच का हाल?
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 201 रन बनाए थे. हैदराबाद की तरफ से कप्तान ईशान किशन ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों पर 80 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों पर 43 रन बनाए थे. वहीं आरसीबी ने 202 रनों के टारगेट को आसानी से 15.4 ओवर में हासिल कर लिया था. आरसीबी की तरफ से विराट कोहली ने सबसे ज्यादा नाबाद 69 रनों की पारी खेली थी. तो वहीं देवदत्त पडिक्कल ने 61 रन बनाए थे.
कब होगा SRH का अगला मैच?
पहले मैच की हार को भुलाकर सनराइजर्स हैदराबाद अगले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी. ये मुकाबला 2 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में ईशान किशन की सनराइजर्स हैदराबाद पुरानी गलतियों को नहीं दोहराना चाहेगी.