U19 World Cup: मोहम्मद कैफ से लेकर आयुष म्हात्रे तक, इन खिलाड़ियों ने अपनी कप्तानी में टीम को बनाया चैंपियन; देखें पूरी लिस्ट
भारत ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीता. वैभव सूर्यवंशी की 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी भारत की जीत का सबसे बड़ा आधार रही. 411 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 311 रन पर सिमट गई.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी के साथ आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम इंडिया
U19 World Cup Winners Captains List: भारत ने एक बार फिर अंडर-19 क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित कर दी है. भारतीय टीम ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया. यह मुकाबला शुक्रवार को जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जहां भारत ने हर विभाग में इंग्लैंड को पूरी तरह पछाड़ दिया.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस ऐतिहासिक स्कोर की नींव रखी युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने, जिन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाज़ों की एक न चलने दी. महज 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेलने वाले वैभव ने 15 चौके और 15 छक्के लगाए.
वैभव की बल्लेबाजी से दबाव में आए इंग्लैंड के गेंदबाज
वैभव की बल्लेबाज़ी इतनी आक्रामक थी कि इंग्लैंड के गेंदबाज़ पूरी तरह दबाव में आ गए. कप्तान आयुष म्हात्रे ने एक छोर संभालते हुए संयमित अर्धशतक जड़ा, जबकि अंतिम ओवरों में कनिष्क चौहान की तेज़ रनगति वाली पारी ने भारत को 400 के पार पहुंचा दिया.
इंग्लैंड को मिली अच्छी शुरुआत
412 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत ठीक-ठाक रही. बेन डॉकिन्स और बेन मेयर्स ने शुरुआती ओवरों में संघर्ष दिखाया. इसके बाद कालेब फाल्कनर ने आक्रामक अंदाज़ में 115 रन की शानदार पारी खेलकर इंग्लैंड की उम्मीदें ज़िंदा रखने की कोशिश की. हालांकि, भारत के गेंदबाज़ों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर मैच को अपने नियंत्रण में रखा. दीपेश देवेंद्रन ने अहम मौकों पर विकेट झटके. वहीं, कप्तान आयुष म्हात्रे और कनिष्क चौहान ने भी गेंद से निर्णायक योगदान दिया.
लगातार विकेट गिरने के कारण इंग्लैंड की रन गति धीमी पड़ गई और पूरी टीम 40.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई. इस तरह भारत ने 100 रन की बड़ी जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली. इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे सफल टीम के रूप में अपनी स्थिति और मज़बूत कर ली है. यह खिताब भारत का छठा अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब है.
अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत का जश्न मनाती भारतीय टीम
ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप विनर टीम और उनके कप्तान
- 1988: ऑस्ट्रेलिया, कप्तान- जियोफ पार्कर
- 1998: इंग्लैंड, कप्तान- ओवैस शाह
- 2000: भारत, कप्तान- मोहम्मद कैफ
- 2002: ऑस्ट्रेलिया, कप्तान- कैमरन व्हाइट
- 2004: पाकिस्तान, कप्तान- खालिद लतीफ
- 2006: पाकिस्तान, कप्तान- सरफराज अहमद
- 2008: भारत, कप्तान- विराट कोहली
- 2010: ऑस्ट्रेलिया, कप्तान- मिचेल मार्श
- 2012: भारत, कप्तान- उन्मुक्त चंद
- 2014: दक्षिण अफ्रीका, कप्तान- एडन मार्करम
- 2016: वेस्टइंडीज, कप्तान: शिमरोन हेटमायर
- 2018: भारत, कप्तान- पृथ्वी शॉ
- 2020: बांग्लादेश, कप्तान- तौहीद हृदोय
- 2022: भारत, कप्तान- यश धुल
- 2024: ऑस्ट्रेलिया, कप्तान- ह्यू वेबगेन
- 2026: भारत, कप्तान- आयुष म्हात्रे





