IPL 2026: 9 चौके, 5 छक्के और 103 रन; 21 साल के बल्लेबाज ने दी KKR को राहत, हर्षित राणा का भी मिला ऑप्शन!

कोलकाता नाइट राइडर्स के कैंप से एक ऐसा नाम सामने आया है, जिसने अपने धमाकेदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया है. 21 साल के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने अभ्यास मैच में तूफानी शतक जड़कर यह संकेत दे दिया है कि आने वाले सीजन में वह बड़ा धमाका कर सकते हैं.

Angkrish Raghuvanshi

(Image Source:  X/ @KKRiders )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 21 March 2026 8:05 AM IST

IPL 2026: आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही मैदान पर रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है. सभी 10 टीमें प्री-सीजन तैयारियों में जुटी हैं और इंट्रा-स्क्वॉड मुकाबलों के जरिए अपने संयोजन को अंतिम रूप दे रही हैं. इन अभ्यास मैचों में खिलाड़ियों का प्रदर्शन टीम मैनेजमेंट के लिए बेहद अहम साबित हो रहा है.

इसी कड़ी में कोलकाता नाइट राइडर्स के कैंप से एक ऐसा नाम सामने आया है, जिसने अपने धमाकेदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया है. 21 साल के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने अभ्यास मैच में तूफानी शतक जड़कर यह संकेत दे दिया है कि आने वाले सीजन में वह बड़ा धमाका कर सकते हैं.

कैसे ईडन गार्डन्स में आया रघुवंशी का तूफान?

ईडन गार्डन्स में खेले गए इस इंट्रा-स्क्वॉड मुकाबले में केकेआर ने अपने खिलाड़ियों को दो टीमों पर्पल नाइट्स और गोल्ड नाइट्स में बांटा. पर्पल नाइट्स की कमान अजिंक्य रहाणे के हाथों में थी. पहले बल्लेबाजी करते हुए गोल्ड नाइट्स ने 20 ओवर में 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए रिंकू सिंह ने 40 रन, टिम सिफर्ट ने 30 रन और सार्थक रंजन ने 37 रन का योगदान दिया.

200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पर्पल नाइट्स ने 19.2 ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया. इस जीत के असली हीरो रहे अंगकृष रघुवंशी, जिन्होंने मात्र 55 गेंदों पर 103 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनका स्ट्राइक रेट 187.27 का रहा, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल थे. उनकी इस शानदार पारी ने मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया और गोल्ड नाइट्स को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा.

क्या KKR को मिल गया नया ओपनिंग विकल्प?

इस मुकाबले से केकेआर को दो बड़ी सकारात्मक बातें मिलीं. पहली, टीम को एक मजबूत भारतीय ओपनिंग विकल्प मिल गया है. अब तक टीम के पास फिन एलन और टिम सिफर्ट जैसे विदेशी ओपनर थे, लेकिन घरेलू विकल्प की कमी महसूस की जा रही थी. अंगकृष ने अपनी पारी से यह साबित कर दिया कि वह जरूरत पड़ने पर तेज शुरुआत देने के साथ-साथ लंबी पारी भी खेल सकते हैं. इससे टीम संयोजन में संतुलन आने की संभावना बढ़ गई है.

क्या हर्षित राणा की होगी कमी पूरी?

दूसरी अच्छी खबर गेंदबाजी विभाग से आई, जहां कार्तिक त्यागी ने शानदार प्रदर्शन किया. त्यागी ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके. हर्षित राणा चोट के चलते इस सीजन से बाहर रहने वाले हैं, ऐसे में कार्तिक त्यागी की शानदार गेंदबाजी से टीम मैनेजमेंट ने थोड़ी राहत की सांस ली होगी.

Similar News