Ajit Agarkar ने क्या सच में 2027 World Cup तक अपना कार्यकाल बढ़ाने की मांग की है? BCCI ने खुद दिया जवाब
BCCI ने अजीत अगरकर के कार्यकाल बढ़ाने की खबरों को खारिज कर दिया है. उनका कॉन्ट्रैक्ट सितंबर 2026 तक है. आगे का फैसला बाद में होगा. फिलहाल चयन समिति का फोकस 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी पर है.
अजित अगरकर
(Image Source: ANI )Ajit Agarkar Extension News: टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर को लेकर चर्चा है कि उन्होंने 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक अपना कार्यकाल बढ़ाने की मांग की है, लेकिन अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने साफ कहा कि अगरकर ने कभी भी एक्सटेंशन की मांग नहीं की और उन्हें इसकी जरूरत भी नहीं है. उनका मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट सितंबर 2026 तक है, जिसके बाद बोर्ड और अगरकर मिलकर आगे का फैसला करेंगे.
अगरकर 2023 में चीफ सेलेक्टर बने थे. उनके कार्यकाल में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया है. भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 वर्ल्ड कप 2026 जैसे बड़े खिताब जीते हैं.
किस पर है चयन समिति का फोकस?
इस समय चयन समिति का पूरा फोकस 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी पर है, जो दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा. करीब 20 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया जा चुका है. अब उनकी फॉर्म व फिटनेस पर नजर रखी जाएगी. इसके लिए 28 मार्च से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग 2026 को अहम मंच माना जा रहा है. चयनकर्ता अलग-अलग शहरों में मैच देखकर और टीवी के जरिए खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर नजर रखेंगे.
किन खिलाड़ियों पर है नजर?
सूत्रों के मुताबिक, इस बार IPL में नए खिलाड़ियों की बजाय पहले से तय 50 ओवर फॉर्मेट के खिलाड़ियों पर ज्यादा ध्यान रहेगा. तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह जैसे नाम शामिल हैं, जबकि हार्दिक पांड्या ऑलराउंडर के तौर पर टीम का हिस्सा रहेंगे. वहीं, युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को चोट से उबरने में अभी समय लग सकता है.
कुल मिलाकर, BCCI ने साफ कर दिया है कि फिलहाल एक्सटेंशन की कोई चर्चा नहीं है. पूरा फोकस 2027 वर्ल्ड कप को लेकर टीम की तैयारियों पर है.