IND Vs NZ Final: भारत ने कैसे रचा इतिहास? तीन बार T20 World Cup ट्रॉफी जीतने वाली बनी पहली टीम; मिलिए 5 'धुरंधर' से

India ने New Zealand national को हराकर ICC Men's T20 World Cup 2026 का खिताब जीत लिया. अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारत ने 255 रन बनाकर दबदबा दिखाया. संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल जीत के बड़े हीरो बने.

T20 World Cup Trophy 2026 के साथ टीम इंडिया

(Image Source:  BCCI )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 9 March 2026 9:15 AM IST

कौन कहता है कि हिस्ट्री रिपीट और डिफीट नहीं होती... कौन कहता है कि कोई टीम लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप नहीं जीतती और कौन कहता है कि अपने घर पर कोई टीम ट्रॉफी नहीं उठाती... अगर कोई अब ऐसा कहते तो गर्व से कहिएगा- India, India , India... भारत क्रिकेट का बेताज बादशाह बन गया है... 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में मिली हार के बाद 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप, 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी और अब 2026 में टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतना कोई आसान काम नहीं है..

भारत ने क्रिकेट के बड़े धुरंधरों को दिखा दिया है कि टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को कैसे डिफेंड किया जाता है... और बिना विराट कोहली-रोहित शर्मा के ICC टूर्नामेंट कैसे जीता जाता है. साउथ अफ्रीका से मिली इकलौती हार ने टीम को प्लेइंग 11 बदलने पर मजबूर किया और फिर जो प्लेइंग 11 बनी, उसने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाकर ही दम लिया.

अहमदाबाद के जिस नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में इकलौती जीत मिली, उसी मैदान पर टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. आखिर भारत ने यह इतिहास कैसे रचा? आइए, आपको इस जीत में योगदार देने वाले 5 धुरंधरों के बारे में बताते हैं...

1- संजू सैमसन

संजू सैमसन को टीम में तब शामिल किया गया, जब साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के पहले मैच में भारतीय टीम को हार का मुंह देखना पड़ा. उसके बाद से संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार तीन फिफ्टी जड़ी. फाइनल मुकाबले में उन्होंने टीम को तेजतर्रार शुरुआत दिलाई और महज 46 गेंद में 89 रन जड़ दिए, जिनमें 8 छक्के और 5 चौके शामिल रहे.

2- अभिषेक शर्मा

जिस खिलाड़ी पर वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले निगाहें थीं, वह थे- अभिषेक शर्मा. फाइनल मुकाबले से पहले अभिषेक सवालों के घेरे में थे. वे लगातार तीन मैच में अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे. हालांकि, फाइनल मुकाबले में उन्होंने 21 गेंद में 52 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत के पक्ष में माहौल बना दिया. अपनी पारी के दौरान अभिषेक ने 3 छक्के और 6 चौके लगाए. वहीं, गेंदबाजी  में कमाल दिखाते हुए उन्होंने 1 ओवर में 5 रन देकर 1 विकेट चटकाए.

3- ईशान किशन

ईशान किशन ने जिस अंदाज में पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजी की, उसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया. किशन ने 25 गेंद में 4 छक्के और 4 चौके लगाते हुए 54 रन की तूफानी पारी खेली. उन्होंने सैमसन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 105 रन की साझेदारी की, जिसकी बदौलत भारत ने 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.

4- जसप्रीत बुमराह

जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने एक ही ओवर में लगातार दो विकेट चटकाए. उनके नाम 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट है. उनकी गेंदबाजी ने भारत को वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने में योगदान दिया.

5- अक्षर पटेल

अक्षर पटेल ने भी शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने महज 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट चटकाए. अक्षर ने फिन एलन, ग्लेन फिलिप्स और डैरिल मिचेल को आउट कर न्यूजीलैंड के बैटिंग ऑर्डर की कमर तोड़कर रख दी. 

बता दें कि भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई. हार्दि पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को भी 1-1 विकेट मिला.

Similar News