भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान में मचा हाहाकार, नकवी पर बुरी तरह भड़के मुनीर; क्या PCB चीफ पर गिरेगी गाज?
T20 World Cup में भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान में बड़ा बवाल मचा है. PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी के एक बयान से सेना प्रमुख आसिम मुनीर नाराज बताए जा रहे हैं. मामला प्रधानमंत्री तक पहुंच गया है.;
भारत से मिली करारी हार के बाद मोहसिन नकवी पर भड़के आसिम मुनीर
India vs Pakistan T20 World Cup Match: भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच में 61 रनों से मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान में सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, सत्ता के गलियारों में भी हलचल मच गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हार अब एक संवेदनशील सिविल-मिलिट्री मुद्दा बनती जा रही है. मामला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन Mohsin Naqvi और पाकिस्तान के सेना प्रमुख Asim Munir के बीच नाराज़गी तक पहुंच गया है.
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत उस बयान से हुई, जो मोहसिन नकवी ने भारत-पाकिस्तान मैच से पहले पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया था. उनसे जब ICC के दबाव और भारत के खिलाफ मैच को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने सख्त लहजे में जवाब देते हुए कहा कि न तो पाकिस्तान सरकार डरती है और न ही 'फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर डरते हैं.'
सेना प्रमुख का नाम लेने पर क्यों मचा बवाल?
सेना प्रमुख का नाम इस तरह सार्वजनिक तौर पर लेने को लेकर रावलपिंडी के सैन्य हलकों में नाराज़गी बताई जा रही है. पाकिस्तान की राजनीतिक व्यवस्था में सेना का प्रभाव काफी मजबूत माना जाता है. ऐसे में किसी खेल से जुड़े विवाद में सेना प्रमुख का नाम लेना ‘ओवररीच’ माना जा रहा है.
क्या आसिम मुनीर नाराज हैं?
सूत्रों का कहना है कि आसिम मुनीर इस बात से खुश नहीं थे कि उन्हें बिना अनुमति ऐसे बयान में शामिल किया गया. भारत से मिली हार ने इस नाराज़गी को और बढ़ा दिया. पाकिस्तान की टीम दबाव में बुरी तरह लड़खड़ा गई, जिसे देश की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा गया. पाकिस्तान में भारत के खिलाफ क्रिकेट मुकाबला सिर्फ खेल नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव और प्रतिद्वंद्विता का प्रतीक माना जाता है. इसलिए हार को लेकर सत्ता प्रतिष्ठान में भी असंतोष बताया जा रहा है.
रिपोर्ट्स के अनुसार सेना प्रमुख ने अपनी चिंता प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif तक पहुंचाई है. कहा जा रहा है कि संदेश में PCB की तैयारियों और नेतृत्व पर सवाल उठाए गए. इस बीच इस्लामाबाद में अटकलें तेज हैं कि हालात शांत करने के लिए PCB में बदलाव भी हो सकता है, हालांकि सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
शोएब अख्तर ने क्यों नकवी पर बोला हमला?
उधर, पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज Shoaib Akhtar ने भी मोहसिन नक़वी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने लाइव टीवी पर PCB चेयरमैन को अयोग्य और अनजान तक कह दिया. अख्तर ने कहा कि क्रिकेट की समझ न रखने वाले व्यक्ति को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देना टीम के लिए नुकसानदेह है. कुल मिलाकर, भारत से मिली हार ने पाकिस्तान में बड़ा तनाव पैदा कर दिया है.
भारत बनाम पाकिस्तान मैच में क्या हुआ?
भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन के 40 गेंद में 77 रन की शानदार पारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई. जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए, जबकि तिलक वर्मा और कुलदीप यादव को 1-1 विकेट मिला. यह टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की आठवीं जीत है.