Sameer Rizvi ने MI के गेंदबाजों पर ढाया कहर, 51 गेंद में जड़े 90 रन; DC ने IPL 2026 में दर्ज की लगातार दूसरी जीत
IPL 2026 के आठवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की. समीर रिजवी ने तूफानी फिफ्टी जड़ते हुए मैच को एकतरफा बना दिया.
समीर रिजवी की विस्फोटक फिफ्टी
(Image Source: IPL )IPL 2026 DC vs MI Match Highlights: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में पहली हार का सामना करना पड़ा. समीर रिजवी ने तूफानी फिफ्टी जड़कर Delhi Capitals को आसानी से जीत दिला दी. यह दिल्ली की इस सीजन लगातार दूसरी जीत है. इससे पहले, MI ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए, जिसे DC ने 18.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 164 रन बनाकर आसानी से हासिल कर लिया.
समीर रिजवी ने 51 गेंदों में 90 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 7 चौके शामिल रहे. उन्हें कॉर्बिन बॉश ने आउट किया. यह रिजवी की बैक टू बैक फिफ्टी है. उन्हें पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ भी फिफ्टी जड़ी थी. इसके अलावा, पाथुम निसांका ने 30 गेंद में 44 रन की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 1 छक्का और 6 चौके जड़े.
केएल राहुल 1 और नीतीश राणा 0 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, डेविड मिलर 18 गेंद में 21 और ट्रिस्टन स्टब्स 3 रन बनाकर नाबाद रहे. यह दिल्ली की लगातार दूसरी और मुंबई की पहली हार है. पहले मुकाबले में दिल्ली ने लखनऊ सुपर जायंट्स, जबकि मुंबई ने कोलकाता नाइटराइडर्स को हराया था. MI की ओर से मिशेल सैंटनर, कॉर्बिन बॉश और दीपक चाहर ने 1-1 विकेट लिया.
MI की तरफ से किसने कितने रन बनाए?
MI की तरफ से कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए. उन्होंने 36 गेंद की अपनी पारी में 2 छक्के और 3 चौके लगाए. इसके अलावा, रेयान रिकेल्टन ने 9, रोहित शर्मा ने 35, तिलक वर्मा ने 0, शेरफेन रदरफोर्ड ने 5 और नमन धीर ने 28 रन बनाए. मिशेल सैंटनर 18 और कॉर्बिन बॉश 11 रन बनाकर नाबाद रहे.
DC की ओर से मुकेश कुमार ने 3 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट चटकाए. उनके अलावा, लुंगी एनगिडी, कप्तान अक्षर पटेल , विपराज निगम और टी नटराजन ने 1-1 विकेट लिए.
IPL में किसी 'इम्पैक्ट प्लेयर' द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर
- 108* - साई सुदर्शन बनाम DC, दिल्ली, 2025
- 107* - जोस बटलर बनाम KKR, कोलकाता, 2024
- 90 - समीर रिज़वी बनाम MI, दिल्ली, 2026
- 89 - करुण नायर बनाम MI, दिल्ली, 2025
IPL में समीर रिज़वी के पिछले 3 स्कोर
- 58* (25) बनाम PBKS
- 70* (47) बनाम LSG
- 90 (51) बनाम MI