Aaj ki Taaza Khabar: 'राष्ट्रवाद से होते हैं युद्ध, दुनिया भारत से चाहती है समाधान': जयपुर में बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत- पढ़ें 15 नवंबर की बड़ी खबरें
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. शनिवार 15 नवंबर 2025 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, साथ ही हर बड़ी खबर को जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
"इंच-इंच नहीं, अब मील-मील बढ़ रहा भारत… दुनिया की समस्याओं का हल हमारे पास": जयपुर में बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत
जयपुर, राजस्थान: RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, "भारत अब इंच-इंच नहीं, बल्कि मील-मील की गति से आगे बढ़ रहा है. पूरे विश्व में भारत की एक सम्मानजनक पहचान बनी है… हमारे पास वह बुद्धि और विचार है जो दुनिया की बड़ी समस्याओं का समाधान दे सकता है."
'राष्ट्रवाद से होते हैं युद्ध, दुनिया भारत से चाहती है समाधान': जयपुर में बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत
जयपुर, राजस्थान: RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, “... युद्ध राष्ट्रवाद के कारण होते हैं, इसलिए वैश्विक नेताओं ने अंतरराष्ट्रीयवाद की बात शुरू की. लेकिन हमने देखा है कि जो अंतरराष्ट्रीयवाद की बात करते हैं, वे भी अपने राष्ट्र के हित को ही सर्वोपरि रखते हैं... सबसे शक्तिशाली देश ही आज अस्तित्व बचाने के लिए सबसे ज्यादा संघर्ष कर रहे हैं और इसका खामियाजा कमजोर देशों को भुगतना पड़ रहा है... वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए आज दुनिया भारत की ओर देख रही है.”
दिल्ली रेड फोर्ट मेट्रो ब्लास्ट- CCTV में कैद धमाके के बाद का खौफनाक मंजर, चारों ओर धुआं और चीख-पुकार
10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के बाहर हुए आतंकी धमाके के बाद का पूरा मंजर अब CCTV फुटेज में सामने आया है. विजुअल्स में देखा जा सकता है कि धमाके के तुरंत बाद इलाके में धुआं फैल गया, कई वाहन जलते नजर आए और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे. अफरा-तफरी, चीख-पुकार और मौके पर मौजूद लोगों की दहशत साफ झलकती है. पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्पेशल सेल की टीमें कुछ ही मिनटों में पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई थीं. दिल्ली पुलिस ने जारी किया वीडियो
सीडीएस जनरल अनिल चौहान बोले: “राष्ट्रीय सुरक्षा तीन घेरों वाली संरचना, भविष्य के युद्धों की तैयारी ही असली सैन्य तत्परता”
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे को समझाते हुए कहा, "मैं राष्ट्रीय सुरक्षा की संरचना को तीन संकेंद्रित घेरों के रूप में समझाने की कोशिश करूंगा. सबसे बाहरी घेरा बताता है कि किसी राष्ट्र को कैसे सुरक्षित रखा जाए. फिर उससे अंदर वाला घेरा आता है कि मिशन की रक्षा कैसे की जाए. और सबसे भीतर का घेरा है. मिशन की सैन्य तैयारी." उन्होंने कहा कि इन तीन स्तरों से ही राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति, रक्षा रणनीति या सैन्य रणनीति तैयार की जा सकती है. जनरल चौहान ने भविष्य के युद्धों पर जोर देते हुए कहा, "हमारा काम है यह समझना कि भविष्य में युद्ध कैसे होंगे, परिचालन वातावरण कैसा होगा, किस तरह की चुनौतियां और खतरे सामने आएंगे और फिर खुद को उसी हिसाब से सुसज्जित करते हुए प्रशिक्षण देना. यही सैन्य तैयारी है." उन्होंने आगे कहा, "एक रक्षा पहचान और रणनीतिक संस्कृति भी होती है… किसी राष्ट्र की सुरक्षा कूटनीति, अर्थव्यवस्था और टेक्नोलॉजी पर भी निर्भर करती है."
सोनभद्र की खदान में बड़ा हादसा: कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका
सोनभद्र में बुधवार को पत्थर खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, कंप्रेसर मशीन से होल करते समय अचानक पत्थर दरक गया और भारी चट्टानें नीचे गिर पड़ीं. इस हादसे में कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव टीमें तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, ओबरा क्षेत्र की कृष्णा माइनिंग वर्क्स में खनन के दौरान कुल 9 जगहों पर कंप्रेशन मशीन से होल किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक पत्थर टूटकर गिर पड़ा और मजदूर इसकी चपेट में आ गए. प्रशासन बचाव कार्य में जुटा है और मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है. हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है.
प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा बयान- 'बिहार की ऐतिहासिक जीत अधूरी है अगर सूरत में बिहारी भाइयों से न मिलूं'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में मिली NDA की ऐतिहासिक जीत के बाद सूरत में रहने वाले बिहारियों को संबोधित करते हुए भावुक संदेश दिया. उन्होंने कहा कि बिहार की विजय यात्रा तब तक पूरी नहीं हो सकती, जब तक वे सूरत में बसे अपने बिहारी भाइयों से मुलाकात न कर लें. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सूरत और बिहार के लोगों के बीच का संबंध मजबूत है और गुजरात में रह रहे बिहारी समुदाय ने हमेशा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
जम्मू SSP का बड़ा खुलासा: पाक और पंजाब कनेक्शन वाला हेरोइन मॉड्यूल पकड़ा गया
जम्मू के SSP जोगिंदर सिंह ने बताया, “परसों रात हमने दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 3 किलो से ज़्यादा हेरोइन बरामद हुई है. शुरुआती जांच में पता चला है कि इन दोनों का कनेक्शन पाकिस्तान और पंजाब से है. पूरे मॉड्यूल की पहचान कर ली गई है.”
उन्होंने आगे अपील करते हुए कहा, “जम्मू हमारी विंटर कैपिटल है, ऐसे समय में यहां भारी भीड़ होती है. कई लोग किराए पर रहने आते हैं. मैं जनता से अपील करता हूं कि अगर आप किसी को किराएदार रखते हैं, तो उनकी पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं.”
SIR प्रक्रिया को लेकर विजय का बड़ा बयान: 'तमिलनाडु के लोग सतर्क रहें, हर वोट की सुरक्षा ज़रूरी'
TVK प्रमुख और अभिनेता विजय ने SIR प्रक्रिया पर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि तमिलनाडु में यह SIR आखिर लागू कैसे होने जा रहा है? उन्होंने कहा कि राज्य में कुल 6.36 करोड़ वोटर्स हैं और BLO द्वारा फॉर्म वेरिफिकेशन के बाद ही नई वोटर लिस्ट जारी होगी. विजय ने चिंता जताते हुए कहा कि जब तक यह सूची प्रकाशित नहीं होती, “हममें से कोई भी यह पक्का नहीं कह सकता कि हम अभी भी वोटर हैं या नहीं.” विजय ने बताया कि SIR को लेकर जनता में भारी भ्रम है. कई लोग सोच रहे हैं कि यह नागरिकता पंजीकरण जैसा कोई नया प्रोसेस है. यह भ्रम अभी भी लोगों में बना हुआ है."
उन्होंने जनता से अपील की BLO से acknowledgement slip ज़रूर लें. ऑनलाइन SIR फॉर्म भरने पर स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें. अपने BLO अधिकारी का नाम और संपर्क नंबर अपने पास रखें. विजय ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि TVK कार्यकर्ताओं को SIR फॉर्म नहीं दिए जा रहे. "जो लोग सत्ता में बैठे लोगों के कठपुतली की तरह काम कर रहे हैं, वे इसके ज़िम्मेदार हैं." उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे हर हाल में ये फॉर्म आम जनता तक पहुँचाएँ. अंत में विजय ने तमिलनाडु की जनता और TVK कार्यकर्ताओं से अपील की "मतदान केंद्रों के बाहर इतनी बड़ी संख्या में इकट्ठा हों कि लगे पूरा तमिलनाडु ही तमिलगा वेत्त्रि कझगम बन चुका है. हर वोट की सुरक्षा से ही देश में बदलाव आएगा. सतर्क रहें-अच्छा होगा, विजय निश्चित है.”
कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि, नवगाम पुलिस स्टेशन में शहीद हुए इंस्पेक्टर अस्रार अहमद और टीम के सदस्यों को दी अंतिम सलामी
कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट किया 'डीजीपी और जम्मू-कश्मीर पुलिस के सभी रैंक, इंस्पेक्टर अस्रार अहमद और उनके टीम के सभी सदस्यों को, जिन्होंने नवगाम पुलिस स्टेशन की घटना में ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया, अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनका साहस, समर्पण और निस्वार्थ सेवा हमारी फोर्स की उच्चतम परंपराओं का प्रतीक है। हम शोकाकुल परिवारों के साथ खड़े हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें शक्ति और सांत्वना प्रदान करें"
बिहार नतीजों पर बदरुद्दीन अजमल का कटाक्ष: “एकजुट हो जाओ… नहीं तो 5 साल और रोते रहोगे”
बिहार चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने विपक्ष पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दल खुद को बचाना चाहते हैं तो एकजुट होना होगा, वरना अगले पांच साल भी रोने के अलावा कुछ नहीं बचेगा. अजमल के बयान ने विपक्षी एकता पर फिर सवाल खड़े कर दिए.