कौन हैं US के नेवी सेक्रेटरी जॉन फेलन? ईरान के साथ छिड़ी जंग के बीच इस्तीफा देकर ट्रंप को दिया झटका
अमेरिकी नौसेना के शीर्ष सिविलियन अधिकारी जॉन फेलन ने अचानक से इस्तीफा दे दिया. जिससे अमेरिका में हलचल तेज हो गई है.
John Phelan
ईरान के साथ जबसे अमेरिका की जंग छिड़ी है, तबसे पेंटागन में कई बदलाव देखने को मिले हैं. कई सैन्य अधिकारियों को हटा दिया गया तो कई ने खुद से इस्तीफा दे दिया. अब इस कड़ी में अमेरिकी नौसेना के शीर्ष सिविलियन अधिकारी जॉन फेलन का नाम भी जुड़ गया है. जिन्होंने जंग के बीच अचानक से इस्तीफा दे दिया. जिससे अमेरिका में हलचल तेज हो गई है. पेंटागन ने उनके इस्तीफे की पुष्टि की है.
हालांकि इस्तीफे के पीछे के कारणों पर अब भी पर्दा बना हुआ है. बताया जा रहा है कि यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हुआ है, जिससे अमेरिकी रक्षा विभाग के भीतर जारी नेतृत्व बदलावों की कड़ी और मजबूत होती दिखाई दे रही है.
क्यों दिया अचानक इस्तीफा?
पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने बुधवार को जानकारी देते हुए कहा कि जॉन फेलन ने तत्काल प्रभाव से अपना पद छोड़ दिया है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्तीफे के पीछे की वजह फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है. इस अचानक फैसले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उस समय जब रक्षा विभाग में लगातार बदलाव हो रहे हैं.
पहले किसने दिया था इस्तीफा?
गौरतलब है कि इससे पहले 3 अप्रैल 2026 को अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के निर्देश पर सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज ने भी अपना पद छोड़ दिया था. लगातार हो रहे इन इस्तीफों को अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव और ट्रंप प्रशासन के दौरान पेंटागन में हो रहे संरचनात्मक बदलावों से जोड़कर देखा जा रहा है.
फेलन की जगह किसे सौंपी गई कमान?
फेलन के पद छोड़ने के बाद हंग काओ को कार्यवाहक नौसेना सचिव नियुक्त किया गया है. वे तब तक इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे जब तक स्थायी नियुक्ति नहीं हो जाती. इस बदलाव से नौसेना के अंदरूनी ढांचे में भी हलचल देखी जा रही है.
कौन हैं जॉन फेलन?
जॉन फेलन का जन्म 1964 में हुआ था. वे एक अमेरिकी व्यवसायी, राजनीतिक दानदाता और कला संग्राहक के रूप में जाने जाते हैं. उन्होंने 2025 से 2026 तक संयुक्त राज्य अमेरिका के नौसेना सचिव के रूप में कार्य किया. 27 नवंबर 2024 को, नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें इस पद के लिए नामित किया था. फेलन का नाम चर्चित एपस्टीन फाइल्स में भी सामने आ चुका है, जिससे वे पहले भी सुर्खियों में रहे हैं.
इस्तीफे से ठीक पहले किया था संबोधन
खास बात यह है कि इस्तीफा देने से एक दिन पहले ही फेलन ने वॉशिंगटन में आयोजित नौसेना के वार्षिक सम्मेलन में बड़ी संख्या में सैनिकों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को संबोधित किया था. उस दौरान उन्होंने अपनी योजनाओं और भविष्य के एजेंडे पर खुलकर चर्चा भी की थी. अब उनके इस्तीफे की चर्चाएं तेज हो गई है.




