2026 : A Hate Story - क्या घर के भेदी बन गए हैं Iran के राष्ट्रपति पेजेशकियान? Trump के ज्यादा ‘समझदार ईरानी’ कहीं यही तो नहीं
ईरान के राष्ट्रपति Masoud Pezeshkian के अमेरिकी जनता को लिखे पत्र पर विवाद क्यों? क्या यह कूटनीति है या ‘सॉफ्ट लाइन’? आईआरजीसी के साथ मतभेद की खबर क्यों, जानें पूरा विश्लेषण-
मसूद पेजेशकियान, डोनाल्ड ट्रंप और मोजतबा खामेनेई
मिडिल ईस्ट की सियासत एक बार फिर चरम पर है. इस बार चर्चा के केंद्र में हैं Masoud Pezeshkian. ईरान के नए राष्ट्रपति को लेकर सवाल उठ रहे हैं, क्या वे सिस्टम के भीतर रहकर बदलाव लाना चाहते हैं या अनजाने में सत्ता के भीतर टकराव को बढ़ा रहे हैं? इंटरनेशनल मामलों के कुछ जानकार तो उन्हें Donald Trump के 'समझदार ईरानी' नैरेटिव से जोड़कर भी देख रहे हैं. आईआरजीसी और सुप्रीम लीडर से अलग रुख अख्तियार करने की भी खबर है. यही वहज है कि राष्ट्रपति पेजेशकियान का अमेरिका के प्रति नरम रवैये को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
IRGC बनाम राष्ट्रपति: असली ताकत किसके पास?
ईरान में सत्ता का ढांचा बेहद जटिल है. एक तरफ चुनी हुई सरकार है, तो दूसरी तरफ इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प (IRGC) जैसी ताकतवर सैन्य-राजनीतिक संस्था. पजशकियान के उदारवादी रुख और IRGC की कड़ी नीति के बीच टकराव की स्थिति बनती दिख रही है. सवाल यही है, क्या राष्ट्रपति की नीतियां लागू होंगी या फिर अंतिम फैसला IRGC और सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के इर्द-गिर्द ही रहेगा?
कौन किसका बॉस? क्या है सत्ता का असली खेल?
ईरान में राष्ट्रपति सबसे बड़ा चेहरा जरूर होता है, लेकिन अंतिम शक्ति सुप्रीम लीडर के पास होती है. IRGC सीधे उसी सत्ता संरचना से जुड़ा है. ऐसे में पेजेशकियान के पास सीमित स्पेस है. अगर वे सिस्टम से टकराते हैं, तो उनकी राजनीतिक जमीन कमजोर हो सकती है. अगर समझौता करते हैं, तो उनके समर्थक उन्हें “कमजोर” मान सकते हैं. यही दुविधा इस समय उनकी सबसे बड़ी चुनौती है.
पड़ोसियों से तनाव: कूटनीति या टकराव?
ईरान का रिश्ता पहले से ही इजराइल, सऊदी अरब, कतर, यूएई, कुवैत और अमेरिका के साथ तनावपूर्ण रहा है. ऐसे में पेजेशकियान की सॉफ्ट कूटनीति की कोशिशों को IRGC की आक्रामक रणनीति संतुलित कर देती है. नतीजा यह होता है कि दुनिया को ईरान का “डुअल पावर सेंटर” दिखाई देता है. एक तरफ बातचीत, दूसरी तरफ टकराव. इससे क्षेत्रीय अस्थिरता और बढ़ जाती है.
गिरती अर्थव्यवस्था: सबसे बड़ी चिंता
ईरान की अर्थव्यवस्था लंबे समय से प्रतिबंधों की मार झेल रही है. महंगाई, बेरोजगारी और करेंसी की गिरावट ने आम जनता की जिंदगी मुश्किल कर दी है. पेजेशकियान आर्थिक सुधारों की बात करते हैं, लेकिन बिना अंतरराष्ट्रीय सहयोग और प्रतिबंधों में ढील के यह संभव नहीं दिखता. यही वजह है कि उनकी नीतियों पर लगातार सवाल उठ रहे हैं.
Pezeshkian के पत्र का मजमून क्या?
Iran के राष्ट्रपति पेजेशकियान का अमेरिकी जनता के नाम पत्र चार पेज में है. इसे 1300 से ज्यादा शब्दों में लिखा गया है. उन्होंने ईश्वर के नाम पर पत्र लिखा है. उस ईश्वर के नाम जो दयालु और कृपालु है. यह पत्र अमेरिका के लोगों के लिए और उन सभी लोगों के लिए जो, गलत जानकारियों और मनगढ़ंत कहानियों की बाढ़ के बीच भी, सच्चाई की तलाश जारी रखे हुए हैं और एक बेहतर जीवन की आकांक्षा रखते हैं.
उन्होंने अपने पत्र में लिखा है, 'ईरान - अपने नाम, चरित्र और पहचान के साथ - मानव इतिहास की सबसे पुरानी निरंतर चलने वाली सभ्यताओं में से एक है. विभिन्न समयों पर अपने ऐतिहासिक और भौगोलिक लाभों के बावजूद, ईरान ने अपने आधुनिक इतिहास में कभी भी आक्रामकता, विस्तारवाद, उपनिवेशवाद या प्रभुत्व का रास्ता नहीं चुना है.
राष्ट्रपति Masoud Pezeshkian ने अमेरिकी जनता को पत्र लिखकर कहा कि “हम अमेरिकियों के दुश्मन नहीं हैं.” उन्होंने अमेरिका की नीतियों पर सवाल उठाए और इजरायल के प्रभाव की बात की. विश्लेषकों के मुताबिक यह पब्लिक ओपिनियन को प्रभावित करने की कोशिश भी हो सकती है.
ट्रंप से ‘जुगलबंदी’ का आरोप क्यों?
पेजेशकियान का यह नरम रुख पश्चिम को स्वीकार हो सकता है. इसी वजह से उन्हें Donald Trump के उस बयान से जोड़ा जा रहा है, जिसमें उन्होंने “समझदार ईरानियों” की बात कही थी. हालांकि, इसका कोई ठोस सबूत नहीं है, लेकिन राजनीति में धारणा भी बड़ी भूमिका निभाती है.
सिस्टम के भीतर बदलाव या टकराव?
दरअसल, पेजेशकियान खुद को एक सुधारवादी नेता के रूप में पेश करते हैं. वे सामाजिक खुलापन, आर्थिक सुधार और वैश्विक संवाद की बात करते हैं. लेकिन ईरान का सख्त सत्ता ढांचा, उन्हें खुलकर काम करने की पूरी छूट नहीं देता. ऐसे में उनका हर कदम संतुलन साधने की कोशिश जैसा नजर आता है.
क्या ‘घर के भेदी’ वाली धारणा सही है?
यह कहना जल्दबाजी होगा कि पेजेशकियान “घर के भेदी” बन गए हैं. वह, एक ऐसे सिस्टम में काम कर रहे हैं जहां हर निर्णय कई स्तरों से गुजरता है. उनके बयान और नीतियां भले ही उदार लगें, लेकिन उन्हें लागू करने की ताकत सीमित है. इसलिए उन्हें किसी एक खांचे में फिट करना आसान नहीं है.
अब ईरान में किसका चलेगा सिक्का?
ईरान की राजनीति का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि पेजेशकियान और IRGC के बीच तालमेल बनता है या टकराव बढ़ता है. अगर संतुलन बना रहता है, तो धीरे-धीरे सुधार की गुंजाइश बन सकती है. लेकिन अगर टकराव तेज हुआ, तो इसका असर न सिर्फ ईरान बल्कि पूरे मिडिल ईस्ट की स्थिरता पर पड़ेगा.
2026 : A Hate Story कैसे?
2026: A Hate Story, मिडिल ईस्ट की उस सियासी कहानी को बयां करता है, जहां भरोसे की जगह शक और कूटनीति की जगह टकराव ने ले ली है. Masoud Pezeshkian का अमेरिकी जनता को लिखा पत्र जहां शांति का संदेश देता है, वहीं Donald Trump के “समझदार ईरानी” वाले बयान वाले narrative को और पेचीदा बना दिया है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या यह सॉफ्ट डिप्लोमेसी है या अंदरूनी दरारों का संकेत? यही वजह है कि पेजेशकियान का रुख 2026 की यह कहानी सिर्फ देशों की नहीं, बल्कि विचारधाराओं, अविश्वास और शक्ति संतुलन की ‘हेट स्टोरी’ बनती जा रही है.




