डिनर में फायरिंग से लेकर रैली शूटिंग तक, ट्रंप पर 10 साल में हुए 12 से ज्यादा हमले; देखें पूरी टाइमलाइन
व्हाइट हाउस डिनर में फायरिंग की घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा फिर चर्चा में है. 2016 से 2026 तक ट्रंप पर 12 से ज्यादा हमले, साजिशें और सुरक्षा चूक के मामले सामने आ चुके हैं.
डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रम में चली गोलियां
Donald Trump Timeline of Assassination Attempts and Threats Explained: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान फायरिंग होने से हड़कंप मच गया. वॉशिंगटन डीसी के Washington Hilton में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं.
United States Secret Service ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ट्रंप, फर्स्ट लेडी Melania Trump, उपराष्ट्रपति JD Vance और अन्य वरिष्ठ नेताओं को सुरक्षित बाहर निकाला. मौके पर मौजूद सैकड़ों मेहमानों, पत्रकारों, नेताओं और अन्य हस्तियों, को तुरंत टेबल के नीचे झुकने के निर्देश दिए गए. बाद में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया, जबकि एक सुरक्षाकर्मी घायल हुआ, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट ने उसकी जान बचा ली.
यह घटना ट्रंप पर हुए हमलों और धमकियों की लंबी सूची में एक और कड़ी बन गई है. पिछले कुछ वर्षों में ट्रंप कई बार जानलेवा हमलों, साजिशों और सुरक्षा चूकों का सामना कर चुके हैं. लगातार बढ़ती इन घटनाओं ने ट्रंप को आधुनिक अमेरिकी राजनीति के सबसे ज्यादा निशाने पर रहने वाले नेताओं में शामिल कर दिया है. सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह एक बड़ी चुनौती बनी हुई है कि इतने हाई-प्रोफाइल नेता की सुरक्षा को हर परिस्थिति में कैसे सुनिश्चित किया जाए.
ट्रंप पर हमलों और साजिशों की पूरी टाइमलाइन
साल 2026
- 26 अप्रैल: वॉशिंगटन में डिनर के दौरान फायरिंग हुई, जिसके बाद एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया. बाद में, ट्रंप ने बताया कि एक अधिकारी को गोली लगी थी, लेकिन बुलेटप्रुफ जैकेट पहनने की वजह से उसकी जान बच गई.
- 22 फरवरी: Mar-a-Lago में हथियार से लैस घुसपैठिए को ढेर किया गया. उसकी पहचान नॉर्थ कैरोलिना के रहने वाले 21 साल के ऑस्टिन टकर मार्टिन के रूप में हुई. उस पर आरोप था कि वह शॉटगन और गैस का कनस्तर लेकर परिसर में घुस आया था. उस समय ट्रंप वाशिंगटन में ही थे.
- 29 मार्च: एक नागरिक विमान मार-ए- लागो के ऊपर नो-फ्लाई ज़ोन में घुस आया, जिसे NORAD के फाइटरजेट ने रोक लिया. उस समय ट्रंप उस प्रॉपर्टी के सुरक्षा घेरे के अंदर मौजूद थे.
साल 2025
- 31 अगस्त -गोल्फ क्लब में सुरक्षा चूक: वर्जीनिया के ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब में एक शख्स गलती से लोडेड पिस्टल अंदर ले गया. हैरानी की बात ये रही कि हथियार सिक्योरिटी चेक से गुजर गया. बाद में खुद उस व्यक्ति ने इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस ने जांच शुरू की.
- अगस्त– जान से मारने की धमकी: इंडियाना की एक 50 वर्षीय महिला को वॉशिंगटन डीसी में गिरफ्तार किया गया. उस पर आरोप था कि उसने ऑनलाइन ट्रंप को मारने की धमकी दी और व्हाइट हाउस के आसपास संदिग्ध गतिविधियां कीं.
- मई- फर्जी हत्या साजिश का खुलासा: एक लेटर में दावा किया गया कि एक मैक्सिकन प्रवासी ट्रंप को रैली में मारने वाला है. जांच में पता चला कि यह साजिश फर्जी थी और डेमेट्रिक स्कॉट नाम के शख्स ने इसे किसी और को फंसाने के लिए लिखा था.
साल 2024
- 12 अक्टूबर – रैली के पास हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार: कैलिफोर्निया के कोचेला में ट्रंप की रैली के पास एक शख्स को दो हथियार, गोलियां और फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ा गया.
- 15 सितंबर 2024 – गोल्फ क्लब में हत्या की कोशिश: रयान वेस्ली राउथ नाम का आरोपी ट्रंप के गोल्फ खेलने के दौरान झाड़ियों में छिपा मिला. सीक्रेट सर्विस ने फायरिंग की, जिसके बाद आरोपी भागा, लेकिन बाद में पकड़ा गया। उसे उम्रकैद की सजा मिली.
- 13 जुलाई 2024 – पेंसिल्वेनिया रैली में गोलीबारी: यह सबसे बड़ा हमला था. थॉमस क्रूक्स ने रैली में गोली चलाई, जिसमें ट्रंप के कान में चोट लगी. एक व्यक्ति की मौत हुई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए. हमलावर को मौके पर मार गिराया गया.
- ईरान से जुड़े हत्या के प्लॉट: अमेरिकी एजेंसियों ने दावा किया कि ईरान से जुड़े नेटवर्क ने ट्रंप की हत्या की साजिश रची. पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट समेत कई लोगों पर आरोप लगे, हालांकि ईरान ने इनकार किया.
ट्रंप को और कब-कब बनाया गया निशाना?
- 2020 – जहर वाला खत (Ricin case): कनाडा की एक महिला ने ट्रंप को जहर मिला खत भेजा था. उसे बाद में 22 साल की सजा हुई.
- 2020 – व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग: एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान अचानक ट्रंप को हटा दिया गया, क्योंकि बाहर एक संदिग्ध को गोली मारी गई थी.
- 2018 – संदिग्ध जहरीला लिफाफा: ट्रंप को भेजे गए एक लिफाफे में जहरीले पदार्थ होने का शक हुआ, जिसे समय रहते रोक लिया गया.
- 2017 – फोर्कलिफ्ट से हमला करने की कोशिश: नॉर्थ डकोटा में एक शख्स ने ट्रंप के काफिले पर फोर्कलिफ्ट चढ़ाने की कोशिश की. बाद में उसे 20 साल की सजा मिली.
- 2016 – रैली में गन छीनने की कोशिश: लास वेगास में एक ब्रिटिश नागरिक ने पुलिस अधिकारी की बंदूक छीनकर ट्रंप को मारने की कोशिश की। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
इन घटनाओं की लंबी लिस्ट साफ दिखाती है कि Donald Trump लगातार सुरक्षा खतरों के बीच रहे हैं. चाहे रैली हो, गोल्फ क्लब या व्हाइट हाउस, हर जगह सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहना पड़ा है. यह भी दिखाता है कि आधुनिक राजनीति में बड़े नेताओं की सुरक्षा कितनी बड़ी चुनौती बन चुकी है.




