Begin typing your search...

‘आज रात चलेंगी गोलियां’- कौन हैं लेविट, जिनके व्हाइट हाउस हमले से ठीक पहले दिए बयान ने खड़े किए बड़े सवाल

व्हाइट हाउस डिनर के दौरान फायरिंग से पहले कैरोलिन लेविट के “shots fired” बयान ने मचाई सनसनी. जानें क्या है पूरा मामला, घटना की टाइमिंग और उठते सवाल.

‘आज रात चलेंगी गोलियां’- कौन हैं लेविट, जिनके व्हाइट हाउस हमले से ठीक पहले दिए बयान ने खड़े किए बड़े सवाल
X
( Image Source:  X- @PressSec )
समी सिद्दीकी
Edited By: समी सिद्दीकी5 Mins Read

Updated on: 26 April 2026 1:38 PM IST

White House Firing Update: वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग की घटना के बीच व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. यह बयान उन्होंने कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि आज रात कुछ शॉट्स फायर होंगे, जिसने बाद में लोगों को चौंका दिया.

दरअसल, लेविट ने यह बात फॉक्स न्यूज से बातचीत के दौरान कही थी. उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने भाषण में “heat लाएंगे” और “shots fired” होंगे. उनका यह बयान राजनीतिक संदर्भ में था, जिसका मतलब था कि ट्रंप अपने भाषण में तीखे बयान देंगे.

उन्होंने कहा था, "वह पूरी तरह तैयार हैं. आज का भाषण क्लासिक डोनाल्ड ट्रंप स्टाइल का होगा. यह मजेदार और मनोरंजक होगा. कमरे में कुछ शॉट्स फायर होंगे, इसलिए सभी को इसे देखना चाहिए." उनका यही बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

क्या इस बयान के बाद हुई घटना?

इस बयान के कुछ ही समय बाद कार्यक्रम स्थल पर वास्तव में गोलीबारी की घटना हो गई, जिससे यह क्लिप अलग संदर्भ में वायरल हो गई. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई यूजर्स ने इस बयान को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कुछ लोगों ने लिखा, "ध्यान से सुनिए, उन्होंने पहले ही शूटिंग की बात कही थी, उन्हें कैसे पता था?” वहीं कुछ ने इसे साजिश से जोड़ते हुए कहा कि क्या यह घटना राजनीतिक फायदा लेने के लिए पहले से प्लान की गई थी.

कौन हैं कैरोलिन लेविट?

कैरोलिन लेविट एक अमेरिकी राजनीतिक प्रवक्ता हैं. वह साल 2025 से व्हाइट हाउस की 36वीं प्रेस सेक्रेटरी के रूप में काम कर रही हैं. वह रिपब्लिकन पार्टी की सदस्य हैं और 2022 में न्यू हैम्पशायर के पहले कांग्रेसनल जिले से चुनाव लड़ चुकी हैं.

लेविट ने सेंट एंसेल्म कॉलेज से राजनीति और कम्युनिकेशन की पढ़ाई की और 2019 में ग्रेजुएशन पूरा किया. पढ़ाई के दौरान उन्होंने व्हाइट हाउस के ऑफिस ऑफ प्रेसिडेंशियल कॉरेस्पोंडेंस में इंटर्नशिप की, जिसके बाद वह वहीं एसोसिएट डायरेक्टर बन गईं.

जून 2020 में उन्हें व्हाइट हाउस की असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी बनाया गया. 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की हार के बाद, उन्होंने न्यूयॉर्क की कांग्रेसवुमन एलिस स्टेफानिक के लिए कम्युनिकेशन डायरेक्टर के रूप में काम किया.

व्हाइट हाउस पार्टी में आखिर क्या हुआ?

घटना की बात करें तो शनिवार को एक हथियारबंद व्यक्ति बंदूक और चाकू लेकर व्हाइट हाउस प्रेस डिनर के आयोजन स्थल के बाहर लॉबी में घुस आया. उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कैबिनेट के अन्य सदस्य कार्यक्रम में मौजूद थे. संदिग्ध तेजी से बॉलरूम की ओर बढ़ रहा था, तभी अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने उसे घेर लिया और हिरासत में ले लिया.

समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, इस घटना में ट्रंप को कोई चोट नहीं आई. जेडी वेंस को सबसे पहले सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि एजेंट्स ने पहले ट्रंप को कवर किया और फिर उन्हें तथा फर्स्ट लेडी को सुरक्षित बाहर ले जाया गया.

एक वीडियो में संदिग्ध को सुरक्षा बैरिकेड पार करते हुए देखा जा सकता है, जबकि सीक्रेट सर्विस के एजेंट उसकी ओर दौड़ते नजर आते हैं. एक अमेरिकी कानून प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि हमलावर ने फायरिंग की थी और इस दौरान एक सुरक्षा अधिकारी को गोली लगी, लेकिन वह बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से सुरक्षित है.

घटना पर ट्रंप ने क्या कहा?

घटना के बाद ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी और कहा कि संदिग्ध एक अकेला हमलावर प्रतीत होता है. उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि वह अकेला ही था, एक ‘लोन वुल्फ’." कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोप तय किए जाएंगे. इस जांच का नेतृत्व एफबीआई की काउंटर-टेररिज्म यूनिट कर रही है.

कैरोलिन लेविट का बयान, जो मूल रूप से एक राजनीतिक रूपक था, अब इस घटना के बाद एक संयोग के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, इससे घटना को लेकर लोगों के बीच और भी ज्यादा हैरानी और चर्चाएं बढ़ गई हैं. फिलहाल जांच एजेंसियां सुरक्षा में हुई चूक और हमलावर के इरादों की गहराई से जांच कर रही हैं.

डोनाल्ड ट्रंपअमेरिका
अगला लेख