ट्रंप पर हमले की कोशिश! कई हथियारों के साथ कैसे हाई सिक्योरिटी जोन में घुसा हमलावर? सामने आई तस्वीर
व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में शूटिंग जैसे घटनाक्रम के दौरान हथियारबंद शख्स ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की. सीक्रेट सर्विस ने उसे काबू किया, एक अधिकारी घायल हुआ लेकिन सुरक्षित है.
Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुए शूटिंग जैसे घटनाक्रम को लेकर कई अहम जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि एक हथियारबंद व्यक्ति सुरक्षा जांच चौकी की ओर तेजी से बढ़ा और उसके पास कई हथियार थे, जिसे सीक्रेट सर्विस के जवानों ने समय रहते काबू कर लिया.
ट्रंप के मुताबिक, इस दौरान संदिग्ध ने एक सुरक्षा अधिकारी को गोली मार दी, लेकिन वह अधिकारी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गया. राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने उस अधिकारी से बात की है और वह ठीक हालत में है. उन्होंने सुरक्षा बलों की तेजी से की गई कार्रवाई की सराहना भी की.
कैसे हाई सिक्योरिटी जोन में घुसा हमलावर?
राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि डिनर का आयोजन जिस स्थल पर किया गया था, वह बहुत सुरक्षित इमारत नहीं है. उन्होंने सुरक्षा को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया. ट्रंप ने बताया कि व्हाइट हाउस में ड्रोन-प्रूफिंग और बुलेटप्रूफ ग्लास जैसे सुरक्षा इंतजाम किए जाने की योजना है, जिसकी मांग सीक्रेट सर्विस और सेना की ओर से की जा रही है, ताकि बदलते खतरों से निपटा जा सके.
घटना के बारे में विस्तार से बताते हुए ट्रंप ने कहा कि संदिग्ध लगभग 50 गज की दूरी से तेजी से सुरक्षा बैरिकेड की ओर बढ़ा. उस समय हॉल में मौजूद लोग सुरक्षित थे, लेकिन स्थिति अचानक गंभीर हो गई. उन्होंने कहा, 'सीक्रेट सर्विस की प्रतिक्रिया बेहद तेज थी.' राष्ट्रपति द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में संदिग्ध को सुरक्षा बैरिकेड पार करते हुए देखा जा सकता है, जबकि सीक्रेट सर्विस के एजेंट उसकी ओर दौड़ते नजर आते हैं.
ट्रंप के जरिए शेयर किए गए वीडियो में हमलावर भागते हुए बैरीकेडिंग की ओर बढ़ता है और इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड उस पर फायरिंग करते हैं.
क्या ईरान से था कनेक्शन?
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर का ईरान से कोई कनेक्शन नहीं है. उसने क्यों हमला किया, इसके बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है. यह ट्रंप पर दूसरी बार हमले की कोशिश थी. इससे पहले एक रैली के दौरान गोली उनके कान को छू कर निकल गई थी.
हमलावर के बारे में क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने कहा कि जिस शख्स ने इस कार्यक्रम में अफरा-तफरी मचाई, वह कई हथियारों से लैस था. उन्होंने सीक्रेट सर्विस की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी त्वरित कार्रवाई की वजह से बड़ा खतरा टल गया. उन्होंने संदिग्ध को अपना “संभावित हमलावर” भी बताया.
क्या हमलावर की तस्वीर आई सामने?
इस बीच, व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर से जुड़े संदिग्ध की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वॉशिंगटन हिल्टन होटल की सीढ़ियों पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है और उसके आसपास कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी मौजूद हैं.
घटना के दौरान गोलीबारी की आवाज सुनते ही सुरक्षा एजेंसियों, जिसमें सीक्रेट सर्विस भी शामिल है, ने तुरंत राष्ट्रपति ट्रंप और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को मंच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. अधिकारियों ने पुष्टि की कि संदिग्ध को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया और राष्ट्रपति या अन्य वीआईपी को कोई चोट नहीं आई.




