Begin typing your search...

क्या है US Secret Service, जो करती है अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा, गोलियों की गड़गड़ाहट के बीच ट्रंप को ऐसे बचाया

व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में सुरक्षा घटना के बीच यूएस सीक्रेट सर्विस (USSS) की अहम भूमिका सामने आई है. जानिए कैसे खतरों से निपटकी है ये सीक्रेट एजेंसी?

क्या है US Secret Service, जो करती है अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा, गोलियों की गड़गड़ाहट के बीच ट्रंप को ऐसे बचाया
X

White House Firing: वॉशिंगटन में शनिवार रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोलीबारी की आवाजों के बाद अचानक सुरक्षा एजेंसियों ने तेज कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य शीर्ष अमेरिकी नेताओं को कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाल लिया.

इस घटना के चलते कुछ समय के लिए पूरे समारोह में दहशत का माहौल बन गया. जानकारी के मुताबिक हमलावर को पकड़ लिया गया है और वह पेशे से एक टीचर बताया जा रहा है.

कैसे ट्रंप को बचाया?

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, जैसे ही गोली चलने जैसी आवाजें सुनाई दीं, सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी तुरंत बैंक्वेट हॉल में पहुंच गए. सैकड़ों मेहमान अपनी जान बचाने के लिए टेबल के नीचे छिप गए. इस दौरान “सर, रास्ते से हटिए!” और “नीचे झुक जाइए!” जैसी आवाजें सुनाई दीं. गोलियों की आवाज सुनते ही सीक्रेट सर्विस के जवान कॉम्बैट गियर में डाइनिंग हॉल के अंदर दौड़ते हुए पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया. एक एजेंट ट्रंप के एकदम सामने जाकर खड़ा हो गया, ताकि कोई उन पर निशाना न साध सके.

घटना के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी मंच के पीछे झुक गए थे, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने उन्हें तुरंत वहां से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. अन्य मेहमानों ने भी गोलियों की आवाज के बीच खुद को बचाने के लिए नीचे झुककर शरण ली.

कितनी गोलियां चलीं?

कार्यक्रम में मौजूद कई लोगों ने बताया कि उन्हें पांच से आठ गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दीं. यह हॉल पत्रकारों, मशहूर हस्तियों और राष्ट्रीय नेताओं से भरा हुआ था, जो ट्रंप के संबोधन का इंतजार कर रहे थे. गोली जैसी आवाजें सुनते ही लोग चिल्लाने लगे, "नीचे झुको, नीचे झुको!" और देखते ही देखते सैकड़ों लोग टेबल के नीचे छिप गए.

क्या है US Secret Service?

इस पूरे घटनाक्रम के बीच यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस की भूमिका एक बार फिर चर्चा में रही. यह एक संघीय एजेंसी है, जिसकी जिम्मेदारी देश के शीर्ष नेताओं की सुरक्षा के साथ-साथ वित्तीय अपराधों की जांच करना भी है.

क्या काम करती है ये सीक्रेट एजेंसी?

यूएस सीक्रेट सर्विस की स्थापना वर्ष 1865 में हुई थी और समय के साथ इसकी भूमिका और भी व्यापक होती गई है. यह एजेंसी न केवल राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और अन्य प्रमुख नेताओं की सुरक्षा करती है, बल्कि देश की महत्वपूर्ण संरचनाओं की भी रक्षा करती है.

किन सेक्टर्स में काम करती है ये एजेंसी?

इसके अलावा, एजेंसी साइबर अपराधों के खिलाफ भी सक्रिय रूप से काम करती है. साइबर इन्वेस्टिगेटिव सेक्शन बड़े साइबर अपराधियों और गिरोहों को निशाना बनाता है, जबकि साइबर फ्रॉड टास्क फोर्स विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर ऑनलाइन अपराधों पर रोक लगाने का काम करती है.

यूएस सीक्रेट सर्विस नकली करेंसी, मनी लॉन्ड्रिंग और धोखाधड़ी जैसे वित्तीय अपराधों की जांच भी करती है. साथ ही, यह एजेंसी उन्नत साइबर फॉरेंसिक विश्लेषण और इमरजेंसी रिस्पॉन्स में भी अहम भूमिका निभाती है.

अमेरिकाडोनाल्ड ट्रंप
अगला लेख