Xi Jinping का असली नंबर-2 कौन? ‘Cai Qi’ क्यों माने जा रहे चीन के सबसे ताकतवर चेहरों में से एक
काई की चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के सबसे ताकतवर चेहरों में गिने जाते हैं. जानें क्यों उन्हें शी जिनपिंग का सबसे करीबी और CPP का असली नंबर-2 माना जा रहा है.
चीन की राजनीति हमेशा रहस्य, शक्ति संतुलन और बंद दरवाजों के फैसलों के लिए जानी जाती है. लेकिन अक्टूबर 2022 में 20वीं पार्टी कांग्रेस के बाद एक सवाल दुनिया भर के रणनीतिक जानकारों, राजनयिकों और इंटेलिजेंस एजेंसियों के बीच लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. आखिर चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping के बाद चीन में सबसे ताकतवर नेता कौन है? क्या यह पद औपचारिक तौर पर प्रीमियर Li Qiang के पास है, या फिर असली ताकत उस शख्स के हाथ में है जो हर समय शी जिनपिंग के सबसे करीब दिखाई देता है? इसी बहस के केंद्र में हैं 'काई की' Cai Qi, जिन्हें चीन की सत्ता का “ग्रैंड स्टीवर्ड” और शी जिनपिंग का सबसे भरोसेमंद सहयोगी माना जा रहा है.
विशेषज्ञों का मानना है कि चीन में अब नंबर-2 की पारंपरिक अवधारणा लगभग खत्म हो चुकी है. शी जिनपिंग ने सत्ता का ऐसा ढांचा बनाया है, जिसमें कोई भी नेता इतना मजबूत नहीं हो सकता कि वह उनके लिए चुनौती बन जाए. इसी मॉडल ने काई की को बेहद प्रभावशाली तो बनाया है, लेकिन क्या वे सचमुच चीन के दूसरे सबसे ताकतवर व्यक्ति हैं? यही इस पूरे राजनीतिक समीकरण का सबसे बड़ा सवाल है.
काई की कौन?
Cai Qi चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं. वे पोलित ब्यूरो स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य हैं, जो चीन की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था मानी जाती है. इसके अलावा, वे CCP सचिवालय के फर्स्ट-रैंक अधिकारी और पार्टी के जनरल ऑफिस के निदेशक भी हैं.
सरल भाषा में कहें तो काई की वही व्यक्ति हैं जो शी जिनपिंग के राजनीतिक कार्यक्रम, सुरक्षा, दस्तावेज, बैठकों और सत्ता तंत्र की रोजमर्रा की मशीनरी को नियंत्रित करते हैं. उन्हें चीन की सत्ता का 'चीफ ऑफ स्टाफ' भी कहा जाता है.
काई की लंबे समय से शी जिनपिंग के करीबी माने जाते हैं. जब शी झेजियांग प्रांत में पार्टी प्रमुख थे, तब काई की ने उनके साथ काम किया था. यही नजदीकी आगे चलकर उन्हें सत्ता के शीर्ष तक ले गई.
हाल के वर्षों में विदेशी नेताओं से मुलाकात, बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों और पार्टी बैठकों में उनकी बढ़ती मौजूदगी ने यह धारणा मजबूत की है कि वे शी जिनपिंग के सबसे भरोसेमंद व्यक्ति हैं. हालांकि, कई विश्लेषक मानते हैं कि उनके पास प्रभाव तो बहुत है, लेकिन वे स्वतंत्र राजनीतिक शक्ति केंद्र नहीं हैं.
क्या चीन में ‘नंबर-2’ का ट्रेडिशन अब नहीं रहा?
माओत्से तुंग के दौर से लेकर देंग शियाओपिंग और हू जिंताओ तक चीन की राजनीति में आमतौर पर एक स्पष्ट “सेकंड-इन-कमांड” होता था. प्रीमियर को अर्थव्यवस्था और प्रशासन की जिम्मेदारी दी जाती थी, जबकि कम्युनिस्ट पार्टी का महासचिव सर्वोच्च राजनीतिक नेता होता था. लेकिन Xi Jinping ने इस व्यवस्था को धीरे-धीरे बदल दिया. उन्होंने सत्ता को संस्थाओं में बांटने के बजाय अपने आसपास मौजूद वफादार नेताओं में वितरित किया. इसका मतलब यह है कि अब कोई भी नेता अकेले इतना शक्तिशाली नहीं है कि वह दूसरा शक्ति केंद्र बन सके.
यही कारण है कि चीन में आज “नंबर-2 कौन है” इसका जवाब पहले जितना साफ नहीं रहा. औपचारिक रूप से प्रीमियर ली कियांग सरकार और अर्थव्यवस्था देखते हैं, लेकिन पार्टी मशीनरी और शी तक सीधी पहुंच के मामले में काई की कहीं ज्यादा प्रभावशाली दिखाई देते हैं.
काई की को इतना ताकतवर क्यों?
काई की, अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump की बीजिंग यात्रा के दौरान भी काई की उन पहले अधिकारियों में शामिल थे जिन्होंने ट्रंप का स्वागत किया. यह संकेत माना गया कि विदेशी मामलों और उच्चस्तरीय कूटनीति में भी उनकी भूमिका लगातार बढ़ रही है.
विशेषज्ञ मानते हैं कि काई की का असली प्रभाव “एक्सेस कंट्रोल” में है. यानी कौन शी जिनपिंग तक पहुंचेगा, कौन सी जानकारी उनके सामने जाएगी और कौन सा राजनीतिक संदेश पार्टी के भीतर प्रसारित होगा.
फिर ली कियांग और दूसरे नेता कहां खड़े हैं?
Li Qiang चीन के प्रीमियर हैं और संविधान के हिसाब से वे सरकार और आर्थिक तंत्र के प्रमुख माने जाते हैं. इसलिए औपचारिक रूप से उन्हें अब भी चीन का नंबर-2 कहा जाता है. हालांकि, कई विश्लेषकों का मानना है कि ली कियांग की ताकत संस्थागत है, जबकि काई की की ताकत व्यक्तिगत नजदीकी और पार्टी नियंत्रण से आती है.
दूसरी ओर, पहले सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के उपाध्यक्ष Zhang Youxia को भी शी जिनपिंग के बाद सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता था. लेकिन 2026 में उनकी राजनीतिक स्थिति कमजोर पड़ने की चर्चाओं ने यह दिखाया कि शी किसी भी एक व्यक्ति को जरूरत से ज्यादा ताकतवर नहीं होने देना चाहते. यही वजह है कि चीन की सत्ता अब “एक नेता और कई वफादार प्रबंधकों” के मॉडल पर चलती दिख रही है.
Xi ने चीन में ‘वन-मैन रूल’ का नया मॉडल दिया?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शी जिनपिंग ने चीन में ऐसा शासन मॉडल तैयार किया है जिसमें हर बड़ा नेता किसी खास क्षेत्र का प्रभारी तो है, लेकिन अंतिम नियंत्रण सिर्फ शी के पास रहता है. इसी वजह से काई की जैसे नेता बेहद शक्तिशाली दिखाई देते हैं, लेकिन उन्हें शी जिनपिंग का बराबरी वाला शक्ति केंद्र नहीं माना जाता. वे सत्ता के संरक्षक हैं, साझेदार नहीं. चीन की राजनीति में यही बदलाव आज दुनिया के लिए सबसे बड़ा संकेत है. अब वहां नंबर-2 से ज्यादा महत्वपूर्ण वह व्यक्ति है जो नंबर-1 के सबसे करीब है.




