Begin typing your search...

UAE की मंत्री रीम अल हाशिमी कौन? जिन्होंने जमकर की भारत की तारीफ, परिवार और दोनों देशों का बताया गजब कनेक्शन

यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री रीम अल हाशिमी इन दिनों भारत की खुलकर तारीफ करने को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने कहा कि उनके परिवार के कई सदस्य इलाज के लिए भारत आते हैं और भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पर भरोसा करते हैं. रीम अल हाशिमी ने भारत-UAE रिश्तों को भविष्य के लिए बेहद अहम बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, संस्कृति और लोगों का जुड़ाव लगातार मजबूत हो रहा है.

UAE की मंत्री रीम अल हाशिमी कौन? जिन्होंने जमकर की भारत की तारीफ, परिवार और दोनों देशों का बताया गजब कनेक्शन
X
( Image Source:  @EmiratiEssence-X )

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री रीम अल हाशिमी इन दिनों भारत को लेकर दिए गए अपने बयान की वजह से चर्चा में हैं. अबू धाबी में उन्होंने खुलकर कहा कि 'अगर किसी भी अमीराती से पूछा जाए तो उसका किसी न किसी रूप में भारत से गहरा संबंध जरूर मिलेगा.' इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी बताया कि उनके परिवार के कई सदस्य इलाज और पारंपरिक चिकित्सा के लिए भारत आते रहे हैं.

रीम अल हाशिमी का यह बयान सिर्फ एक कूटनीतिक टिप्पणी नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे भारत और UAE के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी, व्यापारिक रिश्तों और सांस्कृतिक जुड़ाव का बड़ा संकेत माना जा रहा है. सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक लोग जानना चाहते हैं कि आखिर रीम अल हाशिमी कौन हैं? जिनकी गिनती UAE की सबसे प्रभावशाली महिला नेताओं में होती है.

कौन हैं रीम अल हाशिमी?

रीम इब्राहिम अल हाशिमी UAE सरकार की वरिष्ठ मंत्री और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का बड़ा चेहरा हैं. वह फरवरी 2016 से UAE में अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री के पद पर कार्यरत हैं. रीम अल हाशिमी को मिडिल ईस्ट की सबसे प्रभावशाली महिला नेताओं में गिना जाता है. उन्होंने UAE की विदेश नीति, वैश्विक व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है. खासतौर पर भारत, अफ्रीका और एशियाई देशों के साथ संबंध मजबूत करने में उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है.

रीम अल हाशिमी ने अमेरिका के प्रतिष्ठित Tufts University से इंटरनेशनल रिलेशंस में स्नातक किया. इसके बाद उन्होंने Harvard University से मास्टर्स की डिग्री हासिल की. उनकी पहचान सिर्फ एक राजनेता के तौर पर नहीं, बल्कि एक ग्लोबल स्ट्रैटेजिस्ट और डिप्लोमैट के रूप में भी होती है. अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उनकी मजबूत पकड़ और बेबाक कूटनीतिक शैली ने उन्हें UAE की ग्लोबल इमेज का अहम चेहरा बना दिया.

Expo 2020 Dubai की सफलता के पीछे कितना बड़ा रोल था?

रीम अल हाशिमी ने दुबई में आयोजित 'एक्सपो 2020 दुबई' को सफल बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई थी. वह Expo City Dubai Authority की CEO भी रहीं. कोरोना महामारी के बावजूद UAE ने जिस तरह Expo 2020 को दुनिया के सबसे बड़े वैश्विक आयोजनों में बदल दिया, उसमें रीम अल हाशिमी की रणनीति और नेतृत्व की काफी तारीफ हुई. इस आयोजन ने UAE को ग्लोबल बिजनेस और टूरिज्म हब के रूप में और मजबूत किया.

भारत से रीम अल हाशिमी का कनेक्शन इतना खास क्यों है?

अबू धाबी में दिए बयान में रीम अल हाशिमी ने खुलकर स्वीकार किया कि उनके परिवार के लोग इलाज और पारंपरिक चिकित्सा के लिए भारत जाते हैं. उन्होंने कहा कि 'मेरे परिवार के कुछ सदस्य इलाज के लिए हमेशा भारत जाते हैं. वे भारतीय जड़ी-बूटियों और पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान पर काफी भरोसा करते हैं.' उन्होंने भारतीय संस्कृति, आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा को UAE की परंपराओं से जोड़ते हुए कहा कि दोनों देशों में प्राकृतिक चिकित्सा को लेकर गहरा सम्मान है.

भारत और UAE के रिश्तों को लेकर उन्होंने क्या कहा?

रीम अल हाशिमी ने भारत-UAE रिश्तों को सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं बताया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच कपड़ों, मसालों, संस्कृति और लोगों का गहरा जुड़ाव है. उन्होंने साफ कहा कि 'मेरे लिए एक बात बिल्कुल साफ है कि मजबूत भारत और मजबूत UAE के बिना भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती.' यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत और UAE के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और निवेश के क्षेत्र में तेजी से साझेदारी बढ़ रही है.

UAE में रहने वाले भारतीयों को लेकर क्या बोलीं रीम अल हाशिमी?

उन्होंने UAE में रहने वाले करीब 45 लाख भारतीयों का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक भारतीय समुदाय UAE की अर्थव्यवस्था और सामाजिक ढांचे का बेहद अहम हिस्सा है. उन्होंने कहा कि दोनों देश लगातार एक-दूसरे से सीख रहे हैं और यही रिश्ता भविष्य में नई संभावनाओं के दरवाजे खोलेगा.

पीएम मोदी और UAE नेतृत्व के रिश्तों में उनकी भूमिका कितनी अहम है?

रीम अल हाशिमी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और UAE नेतृत्व के बीच मजबूत कूटनीतिक पुल के तौर पर भी देखा जाता है. उन्होंने कई मौकों पर पीएम मोदी की तारीफ करते हुए भारत-UAE साझेदारी को 'भविष्य की रणनीतिक ताकत' बताया है. भारत और UAE के बीच CEPA समझौता, निवेश समझौते, ऊर्जा सहयोग और रक्षा साझेदारी जैसे बड़े फैसलों में उनकी सक्रिय भूमिका मानी जाती है.

अगला लेख