UK 07 के लिए शादी कैसे बन गई नरक, परिवार पर लगाए गंभीर आरोप; अनुराग डोभाल की खुदकुशी की कोशिश की क्या है वजह?
Bigg Boss 17 के कंटेस्टेंट और यूट्यूबर Anurag Dobhal ने बीती रात इंस्टाग्राम लाइव के दौरान तेज रफ्तार कार चलाते हुए कथित तौर पर खुदकुशी की कोशिश की, जिससे उनके फैंस में हड़कंप मच गया. लाइव में उन्होंने भावुक होकर अपनी मां के नाम संदेश दिया, “अगले जन्म में बस प्यार देना,” और इसके बाद कार की रफ्तार बढ़ा दी. आखिर उनका परिवार से किस बात पर विवाद चल रहा था जो उन्होंने ये कदम उठाया?
UK07 Suicide Reason: बिग बॉस के कंटेस्टेंट रहे और लोकप्रिय यूट्यूबर Anurag Dobhal ने बीती रात खुदकुशी करने की कोशिश की. उन्होंने तेज़ रफ्तार कार चलाई और अपनी मां के नाम एक संदेश दिया कि अगले जन्म उसे प्यार करना. अनुराग काफी वक्त से परेशान हैं और वह अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं.
कुछ दिन पहले ही अनुराग ने एक एक भावुक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने कहा कि यह उनका 'आखिरी संदेश' हो सकता है. इस वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि इंटर-कास्ट मैरिज का फैसला लेने के बाद उन्हें अपने परिवार की ओर से गंभीर मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है.
अनुराग की शादी से परिवार को क्या ऐतराज़?
वीडियो में अनुराग ने बताया कि वह ब्राह्मण परिवार से आते हैं, जबकि उनकी पत्नी Ritika Chauhan राजपूत परिवार से हैं. उन्होंने कहा कि उनकी शादी को लेकर उनके माता-पिता ने कड़ा विरोध किया था. अनुराग के अनुसार, शुरुआत में उनके परिवार ने शादी के लिए सहमति दे दी थी, लेकिन शादी से सिर्फ पांच दिन पहले उन्होंने अपनी सहमति को वापस ले लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि रिश्तेदारों के सामने उन्हें अपमानित भी किया गया.
अनुराग ने वीडियो में कहा,"मुझसे कहा गया कि जिस लड़की से मैंने शादी की है, जो राजपूत परिवार से है, उसके लिए मुझे माफी मांगनी चाहिए औरउनके पैरों में झुकना चाहिए.”
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और कार्ड भी बंट चुके थे, लेकिन परिवार ने बीच में अड़ंगा लगा दिया और शादी को रोकने की कोशिश की.
क्या यूट्यूब छोड़ने की कही थी बात?
वीडियो में उन्होंने यह भी कहा था कि वह यूट्यूब छोड़ने का फैसला कर चुके हैं और यह उनका आखिरी व्लॉग हो सकता है. भावुक होते हुए उन्होंने कहा,"पिछले कुछ महीनों में मेरी जिंदगी इतनी ज्यादा बदल गई है कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि जिंदगी इस तरह मुझे झकझोर देगी."
कैसे हुई पत्नी रीतिका से मुलाकात?
उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता के सपने हमेशा प्राथमिकता में रहे. अनुराग ने यह भी बताया कि उनकी मुलाकात उनकी पत्नी रितिका से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. उन्होंने कहा कि रितिका लगभग तीन साल तक एक फैन के रूप में उन्हें लगातार मैसेज करती रहीं. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई.
अनुराग के मुताबिक, दोनों ने करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट किया और फिर शादी करने का फैसला किया, लेकिन उनके परिवार ने इस फैसले का समर्थन नहीं किया था.
अनुराग ने कब की खुदकुशी की कोशिश?
पुरानी वीडियो के बाद काफी वक्त तक सब कुछ शांत था, लेकिन बीती रात यूट्यूबर अनुराग ने एक लाइवस्ट्रीम किया इस दौरान अनुराग भावुक होकर कह रहे थे, “मम्मी, अगर मैं अगले जन्म में आऊं तो बस प्यार देना,” और इसके बाद उन्होंने कार की रफ्तार बढ़ा दी. कुछ ही देर बाद उन्होंने कहा, "चलो, फाइनल ड्राइव पर चलते हैं."
लाइव खत्म होने के थोड़ी देर बाद सोशल मीडिया पर एक और वीडियो सामने आया, जिसमें हादसे के बाद का दृश्य दिखाया गया. उस वीडियो में अनुराग डोभाल सड़क पर घायल अवस्था में पड़े दिखाई दे रहे थे और आसपास मौजूद लोग उनकी मदद करते नजर आ रहे थे.




