मार्च में ही जून जैसी गर्मी! दिल्ली में टूटा 50 साल का रिकॉर्ड, IMD ने बताया कब मिलेगी राहत
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मार्च की शुरुआत में ही तेज गर्मी पड़ रही है और तापमान सामान्य से कई डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. IMD के मुताबिक 10-12 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बारिश और बादलों के कारण थोड़ी राहत मिल सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम बहुत तेजी से गर्म हो रहा है. अभी मार्च का महीना शुरू ही हुआ है, लेकिन ऐसा लग रहा है जैसे जून की तेज गर्मी आ गई हो. लोग पहले से ही गर्मी से परेशान होने लगे हैं. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के करीब रहेगा. कल यानी शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री तक पहुंच गया था. यह मार्च महीने के पहले हफ्ते में पिछले 50 सालों का सबसे ज्यादा तापमान है. सफदरजंग मौसम केंद्र (जो दिल्ली का मुख्य आधार स्टेशन है) के रिकॉर्ड के मुताबिक, पहले ऐसा सबसे ज्यादा तापमान 34.8 डिग्री 5 मार्च 1999 को दर्ज हुआ था. यानी इस बार गर्मी ने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.
दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के कई अन्य राज्य भी इस असामान्य गर्मी की चपेट में हैं. हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और आसपास के इलाकों में तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री तक ज्यादा चल रहा है. कई जगहों पर दिन का पारा 35-38 डिग्री के बीच पहुंच रहा है, जो मार्च के लिए बहुत ज्यादा है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी और बढ़ सकती है. लेकिन अच्छी खबर यह है कि 10-12 मार्च के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होगा. इसके कारण उत्तर भारत में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे थोड़ी बहुत राहत मिलेगी.
कैसा रहेगा इन राज्यों का मौसम?
बिहार का मौसम: बिहार में भी गर्मी बढ़ रही है, लेकिन 9 और 10 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. तेज हवाएं भी चल सकती हैं. तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा, लेकिन बारिश से कुछ ठंडक मिल सकती है.
हिमाचल प्रदेश: यहां दिन का तापमान सामान्य से 8 से 12 डिग्री ज्यादा रह सकता है. अगले कुछ दिनों तक गर्मी बनी रहेगी। 8 मार्च को कुछ मैदानी इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है. लेकिन 7 से 13 मार्च के बीच कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी के आसार हैं, जो राहत दे सकती है.
उत्तर प्रदेश: यूपी में भी गर्मी लोगों को सता रही है. लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री ज्यादा है. लेकिन अच्छी बात है कि 9 और 10 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हवाएं 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी.
पूरे देश का मौसम एक नजर में:
- 9 से 11 मार्च तक नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिससे पश्चिमी हिमालयी इलाकों (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड) में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है.
- ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं.
- कई राज्यों में गर्मी और उष्ण लहर (हीटवेव) की चेतावनी जारी है. हिमाचल, राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है.
- 7 से 13 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की बारिश संभव है.
- ओडिशा में 7-9 मार्च, पश्चिम बंगाल-सिक्किम में 8-10 मार्च, बिहार में 9-10 मार्च, और झारखंड में 9-11 मार्च तक बारिश हो सकती है.




