मिशन 2027 के लिए योगी सरकार का रीसेट बटन: मंत्रिमंडल विस्तार में OBC-दलित चेहरों पर बड़ा दांव - PDA को काटने की तैयारी?
Yogi Cabinet Expansion: योगी कैबिनेट विस्तार में OBC, दलित और महिला चेहरों को जगह देकर BJP ने 2027 चुनाव से पहले बड़ा सामाजिक दांव चला है. PDA समीकरण को चुनौती देने की रणनीति अब खुलकर दिखाई दे रही है.
Yogi Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) अपनी सरकार के दूसरे कार्यकाल का सबसे महत्वपूर्ण मंत्रिमंडल विस्तार किया. लंबे समय से अटके इस विस्तार को सिर्फ प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि 2027 यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की बड़ी चुनावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. सीएम योगी ने छह नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया है. जबकि दो मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव के साथ प्रमोशन दिया गया है. पार्टी की कोशिश साफ है कि यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को नए सिरे से साधा जाए.
योगी कैबिनेट के विस्तार के तहत जिन लोगों को मंत्री बनाया गया है, उनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, सपा से बगावत करने वाले विधायक मनोज पांडेय, अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा का नाम शामिल है. इनमें से अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर पहले से मंत्रिमंडल में शामिल थे. उन्हें प्रमोशन देकर स्वतंत्र प्रभार और कैबिनेट का दर्जा दिया गया है. नए बनने वाले मंत्रियों में 1 ब्राह्मण, 3 ओबीसी और 2 दलित वर्ग से हैं.
कहीं PDA का समीकरण को तोड़ने की कोशिश तो नहीं?
समाजवादी पार्टी लगातार PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक गठजोड़ को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है. ऐसे में बीजेपी अब गैर-यादव OBC और गैर-जाटव दलित वोट बैंक को अपने पक्ष में मजबूत करने की तैयारी में जुटी दिखाई दे रही है. संभावित मंत्रियों की सूची पर नजर डालें तो उसमें सवर्ण, पिछड़ी और दलित जातियों से आने वाले नेताओं को प्राथमिकता मिलती दिख रही है. मनोज पांडेय, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र सिंह दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा जैसे नाम इसी सामाजिक संदेश का हिस्सा माने जा रहे हैं. बीजेपी यह संदेश देना चाहती है कि उसकी राजनीति सिर्फ पारंपरिक वोट बैंक तक सीमित नहीं, बल्कि हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने वाली है.
क्या पश्चिमी UP और बुंदेलखंड पर खास फोकस है?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विस्तार सिर्फ जातीय नहीं, बल्कि क्षेत्रीय संतुलन का भी बड़ा प्रयास है. बीजेपी नेतृत्व और मुख्यमंत्री की मजबूत पकड़ पूर्वांचल में मानी जाती है, लेकिन 2027 के चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड बेहद अहम भूमिका निभाएंगे. यही वजह है कि इन क्षेत्रों से आने वाले नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह देकर पार्टी क्षेत्रीय असंतुलन की धारणा को खत्म करना चाहती है. पश्चिमी यूपी में किसान आंदोलन और जाट राजनीति के बाद बदले समीकरणों को देखते हुए बीजेपी वहां नए सामाजिक गठजोड़ तैयार करने में लगी है.
क्या दल बदलकर आए नेताओं को मिल रहा इनाम?
इस विस्तार का एक बड़ा राजनीतिक संदेश उन नेताओं के लिए भी माना जा रहा है जिन्होंने विपक्ष छोड़कर बीजेपी का दामन थामा. समाजवादी पार्टी से दूरी बनाकर बीजेपी के करीब आए नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह देकर पार्टी यह संकेत देना चाहती है कि संगठन के लिए काम करने वालों को राजनीतिक महत्व मिलेगा. इससे एक तरफ विपक्षी दलों में टूट को बढ़ावा मिल सकता है, वहीं दूसरी ओर बीजेपी अपने संगठनात्मक विस्तार को भी मजबूती देने की कोशिश करेगी. 2027 से पहले यह रणनीति विपक्षी एकजुटता को कमजोर करने में अहम साबित हो सकती है.
क्या यह योगी सरकार का चुनावी ‘रीसेट’ मॉडल है?
राजनीतिक तौर पर देखा जाए तो यह मंत्रिमंडल विस्तार योगी सरकार का “रीसेट मोमेंट” माना जा रहा है. सरकार चुनाव से पहले प्रशासनिक छवि, सामाजिक प्रतिनिधित्व और राजनीतिक संदेश- तीनों मोर्चों पर खुद को नए रूप में पेश करना चाहती है. कई विभागों के पुनर्गठन और नए चेहरों की एंट्री के जरिए बीजेपी यह दिखाने की कोशिश करेगी कि सरकार सिर्फ सत्ता चलाने तक सीमित नहीं, बल्कि बदलते राजनीतिक माहौल के हिसाब से खुद को ढालने में भी सक्षम है. ऐसे में यह विस्तार 2027 की चुनावी तैयारी का ट्रेलर माना जा रहा है.
जाट-दलित-OBC समीकरण साधने में कितनी सफल होगी BJP?
बीजेपी ने इस विस्तार के जरिए साफ संकेत दिया है कि उसका पूरा फोकस 2027 विधानसभा चुनाव के सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों पर है. पार्टी ने मंत्रिमंडल में ऐसे चेहरों को जगह दी है जो अलग-अलग जातीय और क्षेत्रीय वर्गों में राजनीतिक प्रभाव रखते हैं. खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल को साधने की कोशिश इस विस्तार में साफ दिखाई दे रही है.
2022 विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीजेपी को सबसे ज्यादा नुकसान पूर्वांचल और अवध क्षेत्र में हुआ था. यही वजह है कि पार्टी अब इन इलाकों में संगठन और सत्ता दोनों स्तर पर संतुलन बनाने की रणनीति पर काम कर रही है. हालांकि, इसके बावजूद योगी कैबिनेट में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पकड़ अब भी सबसे मजबूत मानी जा रही है. पश्चिम यूपी से मंत्रिमंडल में 20 से ज्यादा नेताओं को प्रतिनिधित्व मिला हुआ है.
इस विस्तार में पश्चिम यूपी के बड़े जाट नेता भूपेंद्र सिंह चौधरी और सुरेंद्र सिंह दिलेर को जगह देकर बीजेपी ने साफ संकेत दिया है कि वह जाट वोट बैंक को अपने साथ मजबूती से बनाए रखना चाहती है. वहीं कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा जैसे चेहरों के जरिए दलित और पिछड़े वर्गों को भी साधने की कोशिश की गई है. राजनीतिक जानकार मानते हैं कि बीजेपी का यह सोशल इंजीनियरिंग मॉडल समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav के PDA समीकरण को चुनौती देने की रणनीति का हिस्सा है.




