Begin typing your search...

Work From Home से लेकर विदेश यात्रा टालने तक, PM मोदी ने अचानक लोगों से क्यों की यह अपील? जानिए इसके पीछे का संदेश

PM Modi ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल और गैस का सीमित इस्तेमाल करने की अपील की है. उन्होंने मेट्रो, कारपूलिंग, वर्क फ्रॉम होम और विदेश यात्राएं टालने जैसे सुझाव दिए. यह बयान वेस्ट एशिया संकट और बढ़ती ऊर्जा असुरक्षा के बीच आया है.

pm modi fuel saving appeal explained
X

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 

( Image Source:  ANI )

PM Modi Fuel Saving Appeal Explained: वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रविवार का भाषण सिर्फ ऊर्जा बचाने की अपील नहीं था. यह एक ऐसा राजनीतिक और आर्थिक संदेश था, जो आने वाले समय की संभावित चुनौतियों की तरफ इशारा करता है. तेल के बड़े हिस्से के लिए आयात पर निर्भर भारत के लिए पश्चिम एशिया का हर तनाव सीधा असर डालता है.

अगर युद्ध लंबा खिंचता है या तेल सप्लाई प्रभावित होती है, तो भारत में पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है, महंगाई बढ़ सकती है और सरकार पर आर्थिक दबाव भी बढ़ सकता है. ऐसे माहौल में मोदी का 'कम पेट्रोल इस्तेमाल करें' वाला संदेश सिर्फ आम सलाह नहीं माना जा रहा।

आखिर PM मोदी ने क्या कहा?

  • पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल 'बहुत संयम' से करें.
  • जहां मेट्रो है, वहां मेट्रो से सफर करें.
  • कार पूलिंग अपनाएं.
  • इलेक्ट्रिक वाहनों का ज्यादा इस्तेमाल करें.
  • Work From Home और ऑनलाइन मीटिंग्स को बढ़ावा दें
  • विदेश यात्रा और डेस्टिनेशन वेडिंग जैसी चीजें फिलहाल टाल दें

प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि इन उपायों से विदेशी मुद्रा की बचत होगी. इससे आम लोगों पर युद्ध का असर कम पड़ेगा.

मोदी ने अचानक Work From Home की बात क्यों की?

कोरोना महामारी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री ने इतने खुले तौर पर Work From Home मॉडल को फिर से बढ़ावा देने की बात की है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरकार जनता को पहले से मानसिक रूप से तैयार करना चाहती है कि अगर वैश्विक संकट बढ़ता है, तो ईंधन बचत और खर्च नियंत्रण जरूरी हो सकता है.

यह बयान उस समय आया है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. भारत हर साल अरबों डॉलर का तेल आयात करता है। ऐसे में तेल महंगा होने का सीधा असर रुपये, महंगाई और आम आदमी की जेब पर पड़ता है.

विदेश यात्रा पर रोक जैसी अपील क्यों?

मोदी ने खास तौर पर मध्यम वर्ग में बढ़ रही 'विदेश घूमने' और 'डेस्टिनेशन वेडिंग' संस्कृति का जिक्र किया. इसका सीधा संबंध विदेशी मुद्रा खर्च से है. सरकार की चिंता यह है कि अगर तेल आयात बिल बढ़ता है और डॉलर पर दबाव बढ़ता है, तो भारत का विदेशी मुद्रा संतुलन प्रभावित हो सकता है. इसलिए प्रधानमंत्री ने लोगों से कम-से-कम एक साल विदेश यात्रा टालने की अपील की.

क्या सरकार किसी बड़े संकट की तैयारी कर रही है?

सरकार ने फिलहाल किसी आपात स्थिति का संकेत नहीं दिया है, लेकिन मोदी के भाषण को 'प्री-एम्प्टिव पॉलिटिकल मैसेजिंग' माना जा रहा है. यानी सरकार पहले से जनता को बचत, आत्मनिर्भरता और ऊर्जा अनुशासन की तरफ मोड़ना चाहती है. इसीलिए प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में सोलर एनर्जी, एथेनॉल ब्लेंडिंग, CNG ट्रांसपोर्ट, पाइप्ड गैस नेटवर्क और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे मुद्दों को भी जोर से उठाया.

राजनीतिक संदेश क्या है?

यह भाषण BJP की उस राजनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है, जिसमें 'राष्ट्रहित में त्याग' को बड़े नैरेटिव के रूप में पेश किया जाता है. कोरोना काल में 'थाली बजाओ', 'दीया जलाओ' और वैक्सीन अभियान की तरह अब 'ईंधन बचाओ' को राष्ट्रीय जिम्मेदारी के रूप में पेश किया जा रहा है. साथ ही सरकार यह संदेश भी देना चाहती है कि भारत सिर्फ संकट का सामना नहीं करेगा, बल्कि ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा.

नरेंद्र मोदी
अगला लेख