नोएडा के Pizza Hunt में थूककर बनाया जा रहा था पिज्जा? वीडियो वायरल होने के बाद युवक हिरासत में, हिंदू संगठनों ने जमकर किया बवाल
Noida के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र स्थित चौड़ा गांव में एक पिज्जा दुकान संचालक पर पिज्जा में थूककर बेचने का आरोप लगा है. वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नोएडा में खाने-पीने की चीजों को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है. सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव में स्थित एक पिज्जा दुकान संचालक पर पिज्जा में थूककर बेचने का आरोप लगा है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
जानकारी के मुताबिक, मुजम्मिल नाम का युवक सेक्टर-22 के चौड़ा गांव में 'Pizza Hunt' नाम से दुकान चलाता है. हिंदू संगठनों के कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि युवक पिज्जा तैयार करते समय उस पर थूक रहा था. इसी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जिसके बाद मामला बढ़ गया.
वायरल वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता दुकान पर पहुंचे और आरोपी युवक को पकड़ लिया. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई.
मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर-24 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने आरोपी मुजम्मिल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को जांच के बाद ही स्पष्ट किया जाएगा.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो कब का है और उसमें दिखाई दे रही गतिविधि वास्तव में क्या है. साथ ही, फूड सेफ्टी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा सकती है. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक अफवाहों से बचें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा न करें.




