Begin typing your search...

CG News: सूरजपुर में ‘तालिबानी सजा’! चोरी के शक में युवकों को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया, VIDEO वायरल

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में चोरी के आरोप में दो युवकों को जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों पर भी कार्रवाई होगी.

Surajpur viral video, Chhattisgarh mob justice
X

भीड़ बनी जज! चोरी के आरोप में युवकों को जूते पहनाकर घुमाने का वीडियो वायरल

( Image Source:  x.com/Nareshtirkey )

Two Youths Paraded With Slipper Garlands Over Theft Allegations in Surajpur: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां चोरी के आरोप में दो युवकों को ऐसी सजा दी गई, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. ग्रामीणों ने दोनों युवकों के गले में जूते-चप्पलों की माला डाल दी और पूरे गांव में घुमाया. इस दौरान उनके हाथ और पीठ पर कथित चोरी का सामान भी लाद दिया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है. मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के छिंदिया गांव का बताया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले धनसाय (35) और मुकेश (25) खेती-किसानी का काम करते हैं. दोनों पर खेत से समरसिबल पंप चोरी करने का आरोप लगाया गया था. ग्रामीणों का दावा है कि दोनों को कथित तौर पर रंगे हाथ पकड़ा गया. इसके बाद गांव वालों ने कानून अपने हाथ में ले लिया.



दोनों युवकों को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया. गले में जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर उन्हें गांवभर में घुमाया गया. आसपास मौजूद लोगों में से किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

क्या केस दर्ज हुआ ?

वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस प्रशासन तक पहुंचा. पीड़ित युवकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया है.

पुलिस ने क्या बताया?

एसडीओपी सूरजपुर Abhishek Paikra ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. अगर जांच में मारपीट और अमानवीय व्यवहार की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.


गौरतलब है कि रामानुजनगर इलाके में एक महीने के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है. इससे पहले पस्ता गांव में भी चोरी के शक में एक युवक का आधा सिर मुंडवाकर, गले में जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया था. उस दौरान युवक और उसकी पत्नी के साथ मारपीट भी की गई थी.

अगला लेख