पंजाब में सियासी तनाव! संजीव की अरोड़ा गिरफ्तारी पर BJP और AAP कार्यकर्ता भिड़े, भगवंत मान के खिलाफ लगे नारे
बठिंडा में भाजपा कार्यालय के बाहर संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा और AAP कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. स्थिति बिगड़ने से पहले पुलिस ने मानव श्रृंखला बनाकर दोनों गुटों को अलग किया और इलाके में भारी फोर्स तैनात कर दी.
रविवार दोपहर को बठिंडा शहर में मित्तल मॉल के पास स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय के बाहर अचानक तनाव का माहौल बन गया. भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. यह पूरा विवाद कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर था. कल चंडीगढ़ से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था. इस खबर के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत प्रतिक्रिया दी.
उन्होंने नैतिकता के आधार पर मंत्री संजीव अरोड़ा और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के इस्तीफे की मांग की. भाजपा के कार्यकर्ता जोर-शोर से प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान आप के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए. आप के विधायकों के नेतृत्व में आए इन कार्यकर्ताओं को देखते ही माहौल और गर्म हो गया. दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा और छोटी-मोटी झड़प भी हो गई. मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया. पुलिस ने दोनों गुटों के बीच मानव श्रृंखला बना दी ताकि कोई बड़ी अनहोनी न हो.
पुलिस की सतर्कता
एसपी (सिटी) नरिंदर सिंह, डीएसपी अमृतपाल सिंह भाटी और डीएसपी अरुण मुंडन खुद मौके पर मौजूद रहे. उन्होंने पूरी स्थिति पर नजर रखी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति ज्यादा बिगड़ने से बच गई. भाजपा की ओर से पूर्व विधायक और पार्टी के बठिंडा जिला (शहरी) अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला के नेतृत्व में कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. थोड़ी देर बाद वे पार्टी कार्यालय के अंदर चले गए, लेकिन बाहर अपना प्रदर्शन जारी रखा. उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ लगातार नारे लगाए. दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए. उन्होंने भाजपा पर पंजाब विरोधी होने का आरोप लगाया. आप कार्यकर्ताओं का कहना था कि ईडी को भाजपा राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है.
आप के प्रमुख नेता मौजूद
प्रदर्शन के दौरान आप के कई बड़े नेता वहां पहुंचे. इनमें विधायक जगरूप सिंह गिल, बलकार सिद्धू, जगसीर सिंह और सुखवीर सिंह माइसरखाना शामिल थे. इसके अलावा पूर्व मेयर पदमजीत मेहता, बठिंडा लोकसभा प्रभारी नवदीप जीदा और जिला अध्यक्ष जतिंदर भल्ला भी मौजूद रहे. गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने पूरे पंजाब में आज सभी जिलों में भाजपा कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया था. बठिंडा की यह घटना उसी आह्वान का हिस्सा थी.
पुलिस तैनाती जारी
रिपोर्ट लिखे जाने तक बठिंडा के उस इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क थी. यह घटना पंजाब की सियासी हलचल को फिर से दिखाती है. मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है. आम आदमी पार्टी ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक साजिश बता रही है, जबकि भाजपा इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई मान रही है. स्थिति अभी नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है.




