क्या है 100 करोड़ का GST फ्रॉड केस, जिसमें हुई पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी
पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को ईडी ने कई ठिकानों पर छापेमारी करने के बाद गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई कथित फर्जी जीएसटी बिलिंग और मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी बताई जा रही है.
पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है. वह मिनिस्ट्री ऑफ पावर देख रहे थे और उनके ठिकानों पर आज सुबह ही ईडी ने छापेमारी की थी. चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित उनके आवास के अलावा दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ के अन्य स्थानों पर भी तलाशी ली गई थी.
इस दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई थी. बताया जा रहा है कि करीब 20 वाहनों के साथ पहुंची ईडी टीम ने घंटों तक दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले थे.
क्या है संजीव पर आरोप?
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी ने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के दफ्तरों और संजीव अरोड़ा से जुड़े परिसरों समेत कुल पांच स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. शुरुआती जांच में 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी खरीद बिलों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े इनपुट सामने आने की बात कही जा रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया है कि मोबाइल फोन कारोबार से जुड़े फर्जी खरीद बिलों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का गलत तरीके से फायदा लिया गया.
आरोप है कि दिल्ली की कई ऐसी फर्मों के नाम पर खरीद दिखाई गई, जो अस्तित्व में ही नहीं थीं. इसके जरिए जीएसटी रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का फायदा उठाया गया. साथ ही एजेंसी को यह भी संदेह है कि निर्यात के माध्यम से पैसा दुबई से भारत वापस लाने की कोशिश की गई, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा.
कितनी बार ईडी रेड?
जानकारी के अनुसार, पिछले एक साल में संजीव अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर यह तीसरी बार छापेमारी हुई है, जबकि एक महीने के भीतर दूसरी बार ईडी की टीम पहुंची है. इससे पहले भी पंजाब में कई कारोबारी और राजनीतिक रूप से चर्चित लोगों के यहां ईडी की कार्रवाई हो चुकी है. हाल ही में मोहाली के वेस्टर्न टावर में दो बिल्डरों से जुड़े मामले में भी छापेमारी हुई थी, जहां कथित तौर पर बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की चर्चा रही.
क्या अशोक मित्तल के ठिकानों पर हो चुकी छापेमारी?
इसके अलावा राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर भी पहले कार्रवाई हो चुकी है. हालांकि, अब वह बीजेपी में शामिल हो चुके हैं. वहीं एक अन्य कारोबारी के यहां भी छापा पड़ा था, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को लेकर विपक्ष और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं.
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
इस पूरे मामले पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा था. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि आज फिर भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है. एक साल में तीसरी और एक महीने में दूसरी बार रेड हुई, लेकिन कुछ नहीं मिला. पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, इसे दबाया नहीं जा सकता.” उन्होंने आगे कहा कि पंजाब भाजपा और ईडी के कथित ‘अनैतिक गठजोड़’ का जवाब देगा.
वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस कार्रवाई को लेकर प्रतिक्रिया दी थी.उन्होंने कहा, “मोदी जी खास तौर पर पंजाब को निशाना बना रहे हैं. पंजाब के लोगों के साथ अन्याय किया जा रहा है.”




