मंगल गोचर 2026: मेष में मंगल की एंट्री से चमकेगा इन लोगों का भाग्य, जानें 12 राशियों पर क्या होगा असर
मंगल ग्रह 11 मई को मेष राशि में गोचर करने जा रहे हैं, जिसका असर सभी 12 राशियों पर अलग-अलग रूप में दिखाई देगा. किसी को धन लाभ मिलेगा तो किसी के रिश्तों और करियर में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं.
11 मई, सोमवार को साहसी और पराक्रमी ग्रह मंगल शनि के स्वामित्व वाली राशि मीन से निकलकर मेष राशि में प्रवेश कर जाएंगे. मेष राशि के स्वामी मंगलदेव होते हैं ऐसे में मंगल का राशि परिवर्तन स्वयं की राशि में होने से इसका काफी प्रभाव माना जाता है. ज्योतिष में मंगल को युद्ध, भूमि, रक्त, क्रोध और सेना आदि का कारक माना जाता है. जिन लोगों की कुंडली में मंगल की स्थिति अच्छी होती हैं उनके अंदर साहस और पराक्रम भरा हुआ होता है. ऐसे लोगों के पास काफी आर्थिक क्षमताएं होती हैं. वहीं जिन लोगों की कुंडली में मंगल अशुभ स्थिति में होते हैं उनको वैवाहिक जीवन में सुख-शांति की कमी रहती है. इसके मंगल दोष होने पर व्यक्ति को भूमि-भवन से जुड़े कामों में दिक्ततों का सामना करना पड़ता है. आइए जानते हैं मंगल के स्वयं की राशि में गोचर करने से सभी 12 राशियों के ऊपर कैसा प्रभाव देखने को मिलेगा. इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं.
मेष राशि
मंगल का गोचर आपकी ही राशि में होगा जिससे आपके साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी और आपकी निर्णय करने की क्षमता में विस्तार होगा. आपको अधूरे काम पूरे होंगे. जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों में आपको अच्छी सफलता मिल सकती है. कार्यक्षेत्र में आक्रमकता आ सकती है. साथ ही वैवाहिक जीवन में तनाव संभव है.
वृषभ राशि
मंगल के गोचर करने से वृषभ राशि के लिए ये 12वें भाव में आ जाएंगे जिससे आपके खर्चों में वृद्धि हो सकती है. आपकी सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी. जो लोग विदेश से जुड़े कामों में है उनको वहां से कोई अच्छी डील हासिल हो सकती है.
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए मंगल 11वें भाव में गोचर करेंगे जिससे आपकी आर्थिक स्थिति में बेहतर सुधार देखने को मिलेगा. आय के स्त्रोतों में वृद्धि के योग हैं. इसके अलावा रुके हुआ धन वापस मिल सकता है.
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए मंगल का गोचर आपके दशम यानी कर्म स्थान पर होगा. ऐसे में कार्यक्षेत्र में कोई बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है.
सिंह राशि
मंगल का गोचर आपके नवम भाव में होगा और यह भाव भाग्य और धर्म से संबंधित होता है. इस तरह के आपको किस्मत का अच्छा साथ मिलेगा और धार्मिक गतिविधियों में रूझान बढ़ेगा.
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए मंगल का गोचर अष्टम भाव में होगा. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार अष्टम भाव आयु और जीवन में अचानक होने वाली घटनाओं से संबंधित होता है. ऐसे में आपको इस दौरान थोड़ा संभलकर रहना होगा. इसके अलावा शोध कार्य में रुचि जाएगी.
तुला राशि
तुला राशि वालो के लिए मंगल सप्तम भाव में गोचर करेंगे. ऐसे में आपके वैवाहिक जीवन और बिजनेस पार्टनरशिप पर मंगल का सीधा प्रभाव देखने को मिलेगा. इस गोचर से आपका अपने जीवन साथी संग किसी बात को लेकर मतभेद पनप सकता है. आपको अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना होगा. इसके अलावा व्यापार में नए तरह के अनुबंध बन सकते हैं.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालो के लिए मंगल का गोचर छठे भाव में होगा. कुंडली का छठा भाव आपके शत्रुओं और रोगों से संबंधित होता है. मंगल का यहां पर गोचर करने से आपको अपने शत्रुओं पर विजय हासिल होगी.
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए मंगल का गोचर उनकी कुंडली के पंचम भाव में होगा. ऐसे में शिक्षा, प्रेम और संतान संबंधी कुछ मामलों में आपके ऊपर प्रभाव देखने को मिलेगा. प्रेम संबंध में नजदीकियां रहेंगी.
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए मंगल चतुर्थ भाव यानी सुख के स्थान पर रहेगा. इस तरह से आपको सभी तरह के भौतिक सुख-सुविधाओं और इच्छाओं की पूर्ति होगी. मां की सेहत को लेकर आपकी कुछ चिंताएं बढ़ सकती हैं.
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए मंगल तीसरे भाव में यानी साहस और पराक्रम को प्रभावित करेंगे. आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी. इस दौरान आपके छोटे-भाई बहनों के साथ आपके मधुर संबंध होंगे.
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए मंगल धन भाव में रहेगा. इस दौरान आपकी आर्थिक स्थिति में बेहतर सुधार देखने को मिलेगा. निवेश संबंधी योजनाओं में आपको लाभ मिलेगा. परिवार के सदस्यों संग रिश्ता बेहतर रहेगा.




