Begin typing your search...

Gujarat Model की बात कर रहे थे Telangana के CM रेवंत रेड्डी, PM Modi ने कर दी बोलती बंद- VIDEO

तेलंगाना में 9400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री Revanth Reddy ने 'तेलंगाना मॉडल' की बात करते हुए पीएम मोदी की तारीफ की. जवाब में मोदी ने मंच से ही मजाकिया लेकिन राजनीतिक अंदाज में कहा- बेहतर है आप मेरे साथ आ जाइए.

pm modi revanth reddy viral video
X
पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी को दिया जवाब 

PM Narendra Modi Revanth Reddy Viral Video: तेलंगाना की राजनीति में रविवार को सिर्फ विकास परियोजनाओं की बात नहीं हुई… मंच पर सियासी कैमिस्ट्री, तंज, संकेत और भविष्य की राजनीति भी साफ दिखाई दी. एक तरफ मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी थे, जिन्होंने खुले मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए 'गुजरात मॉडल' का जिक्र किया, तो दूसरी तरफ मोदी ने भी मुस्कुराते हुए ऐसा जवाब दिया जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी.

हैदराबाद में करीब 9400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान रेवंत रेड्डी ने कहा कि जैसे मनमोहन सिंह के दौर में नरेंद्र मोदी ने गुजरात मॉडल बनाकर देश को नई दिशा दी थी, वैसे ही अब तेलंगाना की जनता उनसे 'तेलंगाना मॉडल' की उम्मीद कर रही . रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना की आबादी देश की कुल आबादी का 3% से भी कम है, लेकिन उनका लक्ष्य देश की GDP में 10% योगदान देने का है. उन्होंने 2034 तक तेलंगाना को 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने का विजन भी सामने रखा.

पीएम मोदी ने क्या जवाब दिया?

लेकिन असली राजनीतिक हलचल तब मची जब पीएम मोदी ने मंच से ही मजाकिया लेकिन बेहद राजनीतिक अंदाज में जवाब दिया. मोदी ने कहा, “मैं रेवंत रेड्डी से कहना चाहता हूं कि गुजरात को 10 साल में केंद्र से जो मिला, मैं आपको भी देने को तैयार हूं… लेकिन मुझे पता है कि ऐसा होते ही आपको अभी जो मिल रहा है, वह आधा हो जाएगा. इसलिए बेहतर यही है कि आप मेरे साथ ही आ जाइए.” मोदी के इस बयान के बाद मंच पर मौजूद नेताओं की मुस्कान और दर्शकों की तालियां बता रही थीं कि यह सिर्फ मजाक नहीं, बल्कि बड़ा राजनीतिक संदेश भी था.

दरअसल, तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है, लेकिन बीजेपी लगातार राज्य में अपनी जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है. ऐसे में पीएम मोदी का 'मेरे साथ आ जाइए' वाला बयान सीधे राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

मोदी ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

अपने संबोधन में मोदी ने कांग्रेस सरकारों के दौर और मौजूदा केंद्र सरकार की तुलना भी की. उन्होंने कहा कि अविभाजित आंध्र प्रदेश के समय इस क्षेत्र का रेलवे बजट 1000 करोड़ रुपये से भी कम था, जबकि आज अकेले तेलंगाना के लिए करीब 5500 करोड़ रुपये का रेलवे बजट दिया जा रहा है. तेलंगाना में नेशनल हाईवे नेटवर्क पिछले 11 वर्षों में दोगुना हुआ है और केंद्र सरकार ने सिर्फ हाईवे पर करीब 1.75 लाख करोड़ रुपये निवेश किए हैं.

प्रधानमंत्री ने इस दौरान कई बड़े प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की, जिसमें महबूबनगर हाईवे फोरलेन प्रोजेक्ट, जहीराबाद इंडस्ट्रियल एरिया, वारंगल का PM MITRA टेक्सटाइल पार्क और ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स से जुड़े बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट शामिल हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं तेलंगाना को निवेश, रोजगार और उद्योग के बड़े केंद्र में बदल देंगी. वहीं, राजनीतिक तौर पर देखें तो यह कार्यक्रम सिर्फ विकास योजनाओं का मंच नहीं रहा, बल्कि कांग्रेस और बीजेपी के बीच भविष्य की सियासी संभावनाओं, दोस्ताना तंज और शक्ति प्रदर्शन का भी बड़ा संदेश बन गया.

नरेंद्र मोदी
अगला लेख