क्या पश्चिम बंगाल में ‘UP मॉडल’ की एंट्री तय, बीजेपी की तैयारियों से क्या मिल रहे बड़े इशारे?
क्या पश्चिम बंगाल में यूपी मॉडल लागू करने की तैयारी है? BJP के संकेत, कानून-व्यवस्था पर जोर और चुनावी रणनीति से बदलते राजनीतिक समीकरण को समझिए.
बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के दौरान क्या पीएम मोदी, अमित शाह या फिर यूपी के सीएम योगी व अन्य बड़े नेताओं ने वहां की जनता से अपील की थी कि आप एक बार मौका दीजिए, डबल इंजन की सरकार आपको भयमुक्त सरकार और विकास का गंगा बहाकर दिखाएगी. इस भरोसे पर बंगाल की जनता ने इस बार बीजेपी के पक्ष में थोक के भाव वोट कर दो तिहाई बहुमत से सरकार बना दी है. अब बंगाल में बीजेपी सरकार गठन सिर्फ औपचारिकता भर रह गया है. इस बीच चर्चा ये भी है कि क्या बंगाल में योगी या यूुं कहें कि यूपी मॉडल लागू होगा? इस बात की चर्चा इसलिए चरम पर है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल में विधायी दल का नेता चयन करने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पश्चिम बंगाल में BJP के विधायी दल के नेता के चुनाव के लिए सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है.
बंगाल में अमित शाह को पर्यवेक्षक बनाने की फैसले ने कई सवालों को जन्म दे दिया है. चर्चा यह भी है कि विधायी दल के नेता का चयन करने के लिए अमित शाह जैसे कद्दावर नेता और बीजेपी के चाणक्य को क्यों, वहां भेजा जा रहा है. आखिर बीजेपी का बंगाल में क्या कर गुजरने का इरादा है?
दरअसल, 4 मई, 2026 को घोषित बंगाल विधानसभा चुनावों के नतीजों में, BJP ने बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया और असम में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की है. Bharatiya Janata Party ने चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था, सख्त प्रशासन और पहचान की राजनीति को केंद्र में रखकर एक वैकल्पिक शासन मॉडल पेश किया था. यह मॉडल उत्तर प्रदेश और आंशिक रूप से असम की राजनीति से प्रेरित नजर आता है, जहां “सख्ती + संदेश” दोनों साथ चलते हैं. तो क्या बंगाल में योगी मॉडल लागू है? इसका जवाब 'हां' में देना जल्दबाजी माना जाएगा. लेकिन संकेत इतने स्पष्ट जरूर हैं कि इसे सिर्फ चुनावी जुमला नहीं कहा जा सकता.
‘UP मॉडल’ आखिर है क्या और क्यों चर्चा में है?
“UP मॉडल” को आमतौर पर Yogi Adityanath की शासन शैली से जोड़ा जाता है, जिसमें कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, आक्रामक पुलिसिंग और प्रशासनिक दृढ़ता शामिल है. इसके साथ ही राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक पहचान को भी राजनीतिक रूप से साधा जाता है. इसी कारण यह सिर्फ प्रशासनिक नहीं, बल्कि एक राजनीतिक ब्रांड बन चुका है.
असम मॉडल का भी जिक्र क्यों जरूरी?
बंगाल के संदर्भ में सिर्फ यूपी नहीं, बल्कि असम का अनुभव भी अहम है. हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम में कानून-व्यवस्था, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई और राजनीतिक प्रबंधन का संयोजन देखने को मिला. बीजेपी ने बंगाल में भी इसी तरह के “सख्त प्रशासन + राजनीतिक संतुलन” का संकेत देने की कोशिश की, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि पार्टी एक से ज्यादा राज्यों के मॉडल को मिलाकर रणनीति बना रही है.
ऐसे कौन से संकेत हैं दिखे जो इस मॉडल की ओर इशारा करते हैं?
बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी नेताओं ने “UP जैसी सख्त कार्रवाई” की बात खुलकर कही. कानून-व्यवस्था को सबसे बड़ा मुद्दा बनाया गया और यह नैरेटिव गढ़ा गया कि बंगाल में अपराध और राजनीतिक हिंसा को सख्ती से नियंत्रित करने की जरूरत है. यह सिर्फ आलोचना नहीं थी, बल्कि इसे एक “विकल्प” के रूप में पेश किया गया था. यानी ममता मॉडल के मुकाबले एक नया शासन मॉडल.
हिंदुत्व और सुरक्षा का कॉम्बिनेशन कितना असरदार रहा?
बीजेपी ने ने घुसपैठ, सीमा सुरक्षा, धार्मिक पहचान और नागरिकता जैसे मुद्दों को एक साथ जोड़ा. यह वही रणनीति है, जिसने उत्तर प्रदेश और असम दोनों में असर दिखाया है. बंगाल में इसे इस तरह पेश किया गया कि सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान एक ही राजनीतिक संदेश का हिस्सा बन जाएं, जिससे वोटों का ध्रुवीकरण भी हुआ और समर्थन भी बढ़ा.
योगी की एंट्री क्या सिर्फ प्रचार थी या बड़ा संकेत?
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का बंगाल में प्रचार करना सिर्फ चुनावी रैली तक सीमित नहीं था. यह “UP मॉडल” की ब्रांडिंग का हिस्सा था. जिन सीटों पर उन्होंने प्रचार किया, वहां बीजेपी का प्रदर्शन बेहतर रहा, जिससे यह संकेत मिला कि उनकी छवि और सख्त शासन का संदेश मतदाताओं तक असरदार तरीके से पहुंचा.
क्या बंगाल में वही मॉडल हूबहू लागू हो सकता है?
यहीं सबसे बड़ा सवाल है. बंगाल की सामाजिक संरचना, राजनीतिक इतिहास और सांस्कृतिक पहचान उत्तर प्रदेश या असम से अलग है. वहां पर बांग्लादेशी घुसपैठिए और क्लब सिस्टम बिल्कुल अलग मुदृदा है. इसलिए वहां पर “कॉपी-पेस्ट मॉडल” लागू करना बीजेपी के लिए आसान नहीं होगा. इसके बावजूद योगी मॉडल की चर्चा हो रही है तो इसलिए कि भबानीपुर से ममता बनर्जी को 15 हजार मतों से हराने के तत्काल बाद सुवेंदु अधिकारी ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा था कि बंगाल में बीजेपी की जीत हिंदू लहर का प्रतीक है. यह बहुसंख्यक हिंदुओं को ममता को सबक है. ऐसे बंगाल में सख्स शासन प्रशासन वाला कोई मॉडल लागू होता भी है तो वो वहां की परिस्थितियों के हिसाब से बदला हुआ संस्करण होगा. यानी “एडॉप्टेड मॉडल”, न कि पूरी तरह वही UP या असम मॉडल.
योगी मॉडल सिर्फ नारा या आने वाला सच?
बंगाल में “UP मॉडल” अब सिर्फ राजनीतिक बयान नहीं रहा, बल्कि एक संभावित शासन विकल्प के रूप में सामने आने के संकेत हैं. हालांकि, इसकी वास्तविकता चुनावी वादों से नहीं, बल्कि सत्ता में आने के बाद लिए जाने वाले फैसलों से तय होगी. फिलहाल, इतना जरूर है कि बीजेपी ने इसे एक मजबूत नैरेटिव बना दिया है, जिसने बंगाल की राजनीति में नई बहस खड़ी कर दी है. क्या राज्य सख्त शासन की ओर बढ़ेगा या अपनी पारंपरिक राजनीतिक राह पर ही कायम रहेगा. सोशल मीडिया पर यह चर्चा है कि सीएम योगी ने बंगाल में 47 सीटों पर प्रचार किया था, उनमें से 45 पर बीजेपी प्रत्याशियों की जीत हुई.




