Noida International Airport: कौन हैं Neetu Samra, जो बनीं नोएडा एयरपोर्ट की अंतरिम CEO? अब जल्द शुरू होगी उड़ान
नीतू समरा को नोएडा इंटरनेशल एयरपोर्ट का अंतरिम CEO बनाया गया है. BCAS नियमों के तहत एयरपोर्ट का भारतीय CEO अनिवार्य होने के कारण यह फैसला लिया गया. अब जल्द ही सुरक्षा मंजूरी मिलने और उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है
नीतू समरा
Who is Neetu Samra: ग्रेटर नोएडा में बन रहे Noida International Airport को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव सामने आया है. एयरपोर्ट के संचालन को तेजी देने के लिए अब नीतू समरा को अंतरिम CEO नियुक्त किया गया है. यह फैसला Bureau of Civil Aviation Security (BCAS) के नियमों के तहत लिया गया है, जिसमें साफ कहा गया है कि भारत में किसी भी एयरपोर्ट का CEO भारतीय नागरिक होना चाहिए.
अब तक एयरपोर्ट के CEO रहे Christoph Schnellmann को नई भूमिका देते हुए Executive Vice Chairman बनाया गया है. वह अब निदेशक मंडल में रहकर रणनीतिक फैसलों में योगदान देंगे.
कौन हैं नीतू समरा?
नीतू समरा पहले अक्टूबर 2021 से एयरपोर्ट प्रोजेक्ट में CFO के तौर पर काम कर रही थीं और प्रोजेक्ट के फाइनेंशियल और ऑपरेशनल विकास में उनकी अहम भूमिका रही है. अब CEO बनने के बाद उनसे एयरपोर्ट संचालन को अंतिम चरण तक पहुंचाने की उम्मीद है.
क्यों अटकी हुई थी सुरक्षा मंजूरी?
दरअसल, BCAS की ओर से सुरक्षा मंजूरी (Security Clearance) इसलिए अटकी हुई थी क्योंकि CEO विदेशी नागरिक थे. नियमों के मुताबिक. विदेशी CEO होने पर सुरक्षा मंजूरी नहीं दी जा सकती थी. अब भारतीय CEO नियुक्त होने के बाद माना जा रहा है कि BCAS से जल्द ही सुरक्षा क्लियरेंस मिल जाएगा और इसके साथ ही एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा.
क्यों खास है Noida International Airport?
Noida International Airport को उत्तर भारत के सबसे बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है. शुरुआत में यहां से हर साल करीब 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी, जो आने वाले समय में और बढ़ाई जाएगी. यह एयरपोर्ट न सिर्फ दिल्ली-एनसीआर बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों के लिए आर्थिक विकास का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है.




