प्रियंका गांधी को कमान, कांग्रेस का हित सर्वोपरी... सपा से कैसे होगा गठबंधन, राहुल गांधी ने साफ कर दी पिक्चर
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस-सपा सीट शेयरिंग की कमान प्रियंका गांधी को सौंपी गई है. राहुल गांधी ने कांग्रेस के हितों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया है. कांग्रेस ने सपा के सामने 181 संभावित सीटों की सूची रखी है, जबकि अखिलेश यादव जीतने की संभावना के आधार पर सीटें बांटने के पक्ष में हैं.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे की बातचीत अब निर्णायक दौर में पहुंचने की तैयारी में है. कांग्रेस नेतृत्व ने इस पूरी कवायद की कमान प्रियंका गांधी वाड्रा को सौंपने का फैसला किया है. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने साफ संदेश दिया है कि अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में कांग्रेस के हितों से समझौता नहीं होना चाहिए. साथ ही नेताओं को सम्मानजनक सीट समझौते के लिए बातचीत की पूरी छूट दी गई है.
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा है कि सीट शेयरिंग की बातचीत में जरूरत पड़ने पर ही वह सीधे दखल देंगे. फिलहाल पूरी जिम्मेदारी प्रियंका गांधी संभालेंगी. बातचीत करने वाली कमेटी उन्हें हर चरण की जानकारी देगी और वह राहुल गांधी को भी अपडेट रख सकती हैं. कांग्रेस की कोशिश है कि सीटों पर सहमति बनने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव एक साथ चुनाव प्रचार करें.
प्रियंका गांधी संभालेंगी सीट शेयरिंग की कमान
कांग्रेस नेतृत्व ने समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है. इसमें प्रियंका गांधी के अलावा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हैं. यही टीम सपा नेताओं के साथ बातचीत करेगी.
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने प्रियंका को बातचीत की जिम्मेदारी देते हुए कहा है कि कांग्रेस के हितों को प्राथमिकता दी जाए. गठबंधन में सीटों की संख्या के साथ-साथ उन सीटों पर पार्टी की जीत की संभावना और संगठन की स्थिति को भी ध्यान में रखा जाए.
राहुल गांधी का संदेश- जरूरत पड़ने पर ही करूंगा दखल
सीट बंटवारे को लेकर राहुल गांधी फिलहाल बातचीत की प्रक्रिया में सीधे हस्तक्षेप नहीं करना चाहते. सूत्रों के अनुसार, उन्होंने नेताओं को आपसी बातचीत से सम्मानजनक समझौते तक पहुंचने की छूट दी है. हालांकि, बातचीत के दौरान कांग्रेस के हितों से जुड़ा कोई बड़ा मुद्दा सामने आता है तो शीर्ष नेतृत्व हस्तक्षेप कर सकता है. इसका मतलब है कि कांग्रेस एक तरफ गठबंधन को बनाए रखना चाहती है, वहीं दूसरी तरफ सीटों के मामले में अपनी राजनीतिक जमीन और दावेदारी को भी कमजोर नहीं होने देना चाहती.
कांग्रेस ने मांगी हैं 181 सीटें, सपा का अलग गणित
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं. कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के सामने 181 संभावित सीटों की सूची रखी है. पार्टी का दावा है कि इन सीटों पर उसका संगठन, स्थानीय नेताओं की सक्रियता और चुनावी संभावनाएं बेहतर हैं. हालांकि, समाजवादी पार्टी इस मांग को लेकर सहज नहीं दिख रही. अखिलेश यादव का रुख है कि सीटों का बंटवारा वहां की जीतने की संभावना के आधार पर होना चाहिए. सपा ने कांग्रेस को 2022 विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन का हवाला देते हुए अपनी दलील भी दी है.
17 नवंबर से शुरू होगी औपचारिक बातचीत
कांग्रेस और सपा के बीच सीटों की संख्या को लेकर औपचारिक बातचीत 17 नवंबर से शुरू होने की तैयारी है. कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी की अगुवाई वाली कमेटी इसमें हिस्सा लेगी. दोनों दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीटों की संख्या के साथ-साथ उन सीटों पर सहमति बनाने की होगी, जहां दोनों पार्टियां अपना दावा कर रही हैं.
दिसंबर से चुनावी अभियान शुरू करने की तैयारी
कांग्रेस ने सीट शेयरिंग की बातचीत के साथ-साथ चुनावी प्रचार की तैयारी भी तेज करने का फैसला किया है. पार्टी नेताओं को दिसंबर से चुनावी कैंपेन शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भी बैठक के बाद दिसंबर में प्रचार शुरू होने की बात कही है.
सीटों पर सहमति के बाद राहुल-अखिलेश की संयुक्त रैलियां?
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की योजना है कि सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार करें. दोनों नेताओं की साझा रैलियां गठबंधन के पक्ष में माहौल बनाने की रणनीति का हिस्सा हो सकती हैं. हालांकि, संयुक्त प्रचार का अंतिम कार्यक्रम सीट शेयरिंग और गठबंधन की औपचारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा.
कांग्रेस के सामने गठबंधन भी, अपनी जमीन बचाने की चुनौती भी
कांग्रेस के लिए उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन राजनीतिक रूप से अहम है. 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और विपक्षी गठबंधन को राज्य में अच्छा प्रदर्शन मिला था. अब 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करना चाहती है.
दूसरी ओर, अखिलेश यादव सीटों का बंटवारा जीत की संभावना के आधार पर करना चाहते हैं. ऐसे में प्रियंका गांधी के सामने चुनौती होगी कि वह कांग्रेस की बड़ी दावेदारी और सपा की चुनावी रणनीति के बीच ऐसा रास्ता निकालें, जिससे गठबंधन भी बना रहे और दोनों दलों को सम्मानजनक हिस्सेदारी भी मिल सके.




