Begin typing your search...

क्या अखिलेश यादव के लिए यूपी विधानसभा चुनाव लड़ना अशुभ? 2012 का किस्सा सुनाकर बोले- सीधे लोकसभा से शपथ में मिलेंगे

अखिलेश यादव ने 2027 में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का संकेत दिया है. जानिए 2012 का किस्सा, उनका चुनावी रिकॉर्ड और अब तक कितने चुनाव जीते हैं.

क्या अखिलेश यादव के लिए यूपी विधानसभा चुनाव लड़ना अशुभ? 2012 का किस्सा सुनाकर बोले- सीधे लोकसभा से शपथ में मिलेंगे
X

क्या अखिलेश यादव के लिए विधानसभा चुनाव लड़ना अशुभ है? यूपी की सियासत में 2027 के चुनाव को लेकर बयानबाजी तेज है. सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा अभी साफ नहीं हुआ है. इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव बनारस पहुंचे तो मीडिया ने उनसे पूछ लिया कि आखिर वह किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे? पहले तो अखिलेश ने मुस्कुराते हुए कहा, 'तुम ही बता दो...' लेकिन अगले ही पल ऐसा जवाब दिया कि 2027 के चुनाव को लेकर चर्चा शुरू हो गई. अखिलेश बोले, 'हम विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, सीधे लोकसभा से शपथ में मिलेंगे.'

इसके बाद उन्होंने अपने पुराने सियासी किस्से का जिक्र किया. अखिलेश ने कहा कि 2012 में भी वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़े थे और सीधे लोकसभा से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. काशी के लोगों की शुभ-अशुभ में आस्था का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वह वही करेंगे, जो उनके लिए शुभ रहा है. यानी 2027 में भी अखिलेश विधानसभा का चुनाव लड़ने के बजाय चुनाव लड़वाने की तैयारी में हैं. लेकिन सवाल है कि आखिर अखिलेश ने 2012 का कौन सा किस्सा सुनाया और अब तक उन्होंने कितनी बार विधानसभा चुनाव लड़ा है?

अखिलेश यादव ने 2012 में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था. उस समय वह कन्नौज से लोकसभा सांसद थे. मुख्यमंत्री बनने के बाद वह विधान परिषद के सदस्य बने थे. 2022 में उन्होंने पहली बार करहल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा और जीता था. इसलिए यह कहना सही होगा कि उन्होंने अब तक सिर्फ एक बार विधानसभा चुनाव लड़ा है.

अखिलेश यादव के चुनावी रिकॉर्ड की खास बात यह है कि उन्होंने अब तक लोकसभा और विधानसभा मिलाकर कुल 7 चुनावी मुकाबले लड़े हैं और सातों में जीत दर्ज की है. यानी अब तक एक भी चुनाव नहीं हारे हैं. इसमें 2009 का लोकसभा चुनाव खास है, क्योंकि उस साल उन्होंने दो सीटों- कन्नौज और फिरोजाबाद से चुनाव लड़ा था और दोनों पर जीत हासिल की थी.

अखिलेश यादव का चुनावी सफर

  • 2000: अखिलेश यादव ने पहली बार कन्नौज लोकसभा सीट पर उपचुनाव लड़ा और BSP के अकबर अहमद डंपी को हराकर जीत दर्ज की.
  • 2004: कन्नौज लोकसभा सीट पर अखिलेश यादव ने ठाकुर राजेश सिंह को हराकर लगातार दूसरी बार जीत हासिल की.
  • 2009: अखिलेश यादव ने कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और BSP के महेश चंद्र वर्मा को हराकर जीत दर्ज की.
  • 2009: इसी साल उन्होंने फिरोजाबाद लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ा और BSP के एसपी सिंह बघेल को हराया.
  • 2019: अखिलेश यादव आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे और BJP के दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को हराकर सांसद बने.
  • 2022: अखिलेश यादव ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा. करहल सीट से BJP के प्रो. एसपी सिंह बघेल को हराकर विधायक बने.
  • 2024: अखिलेश यादव ने कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और BJP के सुब्रत पाठक को हराकर फिर जीत दर्ज की.

2012, 2014 और 2017 में क्या हुआ?

  • - 2012: अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था. उस समय वह कन्नौज से लोकसभा सांसद थे. मुख्यमंत्री बनने के बाद 5 मई 2012 को विधान परिषद के सदस्य बने.
  • - 2014: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा.
  • - 2017: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी किसी सीट से उम्मीदवार नहीं बने. उस समय वह मुख्यमंत्री थे.
  • - 2022: पहली बार विधानसभा चुनाव लड़े और मैनपुरी की करहल सीट से जीतकर विधायक बने. बाद में लोकसभा की सदस्यता छोड़ दी.
  • - 2024: कन्नौज से लोकसभा चुनाव जीतकर फिर सांसद बने
अखिलेश यादव
अगला लेख