Begin typing your search...

दिवाली से पहले NOIDA की मिठाई फैक्ट्रियों पर छापा, रसगुल्लों में मिले मक्खी-मच्छर; एक्शन में खाद्य विभाग- देखिए VIDEO

दीपावली से पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मिठाई निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की. जांच में रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर और निर्माणशालाओं में गंदगी मिली. 400 किलो रसगुल्ले नष्ट किए गए, जबकि 450 किलो बूंदी सीज कर दी गई.

दिवाली से पहले NOIDA की मिठाई फैक्ट्रियों पर छापा, रसगुल्लों में मिले मक्खी-मच्छर; एक्शन में खाद्य विभाग- देखिए VIDEO
X
मोहम्मद रज़ा
मोहम्मद रज़ा5 Mins Read

Published on: 3 Nov 2026 11:03 PM

दीपावली पर मिठाइयों की खरीदारी से पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा से चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है. खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मिठाई बनाने वाली इकाइयों में साफ-सफाई की गंभीर लापरवाही मिली. कहीं रसगुल्लों में मक्खी और मच्छर पड़े थे, तो कहीं गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार की जा रही थीं. कार्रवाई के दौरान करीब 750 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई, जबकि एक निर्माण इकाई का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

त्योहार के दौरान मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जांच अभियान तेज कर दिया है. जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को विभाग की अलग-अलग टीमों ने मिठाई निर्माणशालाओं का निरीक्षण किया.

इस दौरान अधिकारियों ने मिठाइयों की गुणवत्ता, उन्हें तैयार करने के तरीके और निर्माण इकाइयों में साफ-सफाई की स्थिति देखी. जांच में कई जगह अनियमितताएं सामने आईं. अधिकारियों ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से सात खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं.

रसगुल्लों में मिले मक्खी-मच्छर, 400 किलो से ज्यादा मिठाई नष्ट

खाद्य विभाग की टीम जब ग्रेटर नोएडा के बिलासपुर स्थित सुंदर सिंह की मिठाई निर्माणशाला पहुंची तो वहां करीब 100 किलो रसगुल्लों में मक्खी और मच्छर पड़े मिले. खाद्य पदार्थ दूषित होने के कारण अधिकारियों ने पूरी खेप नष्ट करा दी. यहां से छेना और रसगुल्लों के नमूने भी लिए गए.

इसके बाद टीम ने नोएडा के सेक्टर-62 स्थित रसूलपुर नवादा में सम्यक मिठाई वाले की निर्माण इकाई का निरीक्षण किया. यहां भी रसगुल्लों की हालत ठीक नहीं मिली. करीब 300 किलो रसगुल्लों को प्रदूषित अवस्था में मिलने के कारण नष्ट कराया गया.

450 किलो बूंदी सीज, गंदगी में बन रही थीं मिठाइयां

सम्यक मिठाई वाले की निर्माणशाला में जांच के दौरान बेहद गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार की जा रही थीं. टीम ने यहां से रसगुल्ले, बूंदी के लड्डू और बूंदी के नमूने लिए. इसके अलावा करीब 450 किलो बूंदी को सीज कर दिया गया. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निर्माण इकाई में स्वच्छता की स्थिति को गंभीर मानते हुए सुधार होने तक लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू की है. साथ ही निर्माणशाला में कारोबार के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है.

किन-किन जगहों पर हुई जांच?

खाद्य विभाग की टीमों ने मंगलवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया.

  • - गणेश स्वीट, गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-121: बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया.
  • - सुंदर सिंह की निर्माणशाला, बिलासपुर: छेना और रसगुल्लों के नमूने लिए गए. करीब 100 किलो दूषित रसगुल्ले नष्ट कराए गए.
  • - सोनू मिठाई निर्माणशाला, बिशनपुर, सेक्टर-58: बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया.
  • - सम्यक मिठाई वाले, रसूलपुर नवादा, सेक्टर-62: रसगुल्ले, बूंदी के लड्डू और बूंदी के नमूने लिए गए. यहां 300 किलो रसगुल्ले नष्ट और 450 किलो बूंदी सीज की गई.

मिठाई खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?

दीपावली के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठते हैं. ऐसे में खाद्य विभाग ने कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे लाइसेंसी और पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें. खरीदारी का बिल संभालकर रखें और सामग्री लेते समय उसकी निर्माण तिथि और बैच नंबर जरूर जांचें.

विभाग का कहना है कि मिठाई कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करना होगा. दीपावली तक यह अभियान जारी रहेगा. इस दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी. खाद्य विभाग के मुताबिक, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा की निगरानी में यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाया जा रहा है.

अगला लेख