जेवर एयरपोर्ट पहुंचना हुआ आसान! नोएडा-ग्रेटर नोएडा में शुरू हुईं 100 ई-बसें, जानिए रूट, किराया और समय
नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में यात्रियों के लिए 100 नई इलेक्ट्रिक सिटी बसों की शुरुआत हो गई है. ये बसें नोएडा, ग्रेटर नोएडा, जेवर एयरपोर्ट, गाजियाबाद और आनंद विहार जैसे प्रमुख रूटों पर चलेंगी. बसों का किराया 20 से 50 रुपये के बीच रखा गया है. यात्रियों को मोबाइल पर रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग की सुविधा भी मिलेगी.
Noida Electric Bus Service: नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. यहां 15 जून से 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है. इन बसों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 जून को हरी झंडी दिखाई थी.
नई ई-बस सेवा से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और जेवर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को बेहतर और सस्ती सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी. प्राधिकरण के अनुसार सभी बसें लगभग 15 मिनट के अंतराल पर संचालित होंगी.
कितना होगा किराया?
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ई-बसों का किराया बेहद किफायती रखा गया है. न्यूनतम किराया 20 रुपये, मध्यम दूरी का किराया 30 रुपये और अधिकतम किराया 50 रुपये रखा गया है.
ई-बसों के प्रमुख रूट
रूट नंबर-1
बॉटनिकल गार्डन से परी चौक (ग्रेटर नोएडा)
मार्ग : बॉटनिकल गार्डन – गोल्फ कोर्स – सिटी सेंटर – होशियारपुर – सेक्टर-51 – परथला – गौर चौक (ग्रेटर नोएडा वेस्ट) – सूरजपुर कलेक्ट्रेट – परी चौक.
रूट नंबर-2
बॉटनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट
मार्ग : बॉटनिकल गार्डन – सेक्टर-44 छलेरा – एमिटी स्कूल – एक्सप्रेसवे – परी चौक – गलगोटिया यूनिवर्सिटी – दनकौर – रबूपुरा – जेवर एयरपोर्ट.
यह रूट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए खास तौर पर उपयोगी रहेगा.
रूट नंबर-3
बॉटनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेट
मार्ग : सेक्टर-37 अंडरपास – छलेरा – अगाहपुर – बरौला – सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन – सेक्टर-75 – नॉर्थ आई चौक – सेक्टर-116 – सेक्टर-78 – सैमसंग फेज-2 – फूल मंडी – कुलेसरा – सूरजपुर कलेक्ट्रेट.
रूट नंबर-4
बॉटनिकल गार्डन से नया बस अड्डा गाजियाबाद
मार्ग : बॉटनिकल गार्डन – गोल्फ कोर्स – सिटी सेंटर – सेक्टर-52 – साईं मंदिर – सेक्टर-61 – सेक्टर-62 – प्रताप विहार गाजियाबाद – आरआरटीएस स्टेशन गाजियाबाद – नया बस अड्डा गाजियाबाद.
रूट नंबर-5
बॉटनिकल गार्डन से आनंद विहार बस स्टेशन
मार्ग : बॉटनिकल गार्डन – सेक्टर-16 – नोएडा प्रवेश द्वार – सेक्टर-14ए – अक्षरधाम – कौशांबी – आनंद विहार बस स्टेशन.
यात्रियों को मिलेगी रियल टाइम ट्रैकिंग सुविधा
इन सभी बसों में डिजिटल रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे यात्री बस की स्थिति मोबाइल पर देख सकेंगे. पूरी तरह इलेक्ट्रिक होने के कारण ये बसें प्रदूषण मुक्त हैं और इनके संचालन से वायु एवं ध्वनि प्रदूषण में कमी आएगी.
नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि ई-बस सेवा से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, ट्रैफिक जाम में राहत मिलेगी और नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी.




