पसंद थे कोरियन लड़के, शादी करना चाहती थी तीनों बहनें, गाजियाबाद ट्रिपल सुसाइड केस में अबतक क्या-क्या हुआ?
गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है. पुलिस को सुसाइड नोट और 8 पन्नों की डायरी मिली है, जिसमें कोरियन कल्चर, K-POP और मोबाइल बंद किए जाने का जिक्र है. शुरुआती जांच में किसी टास्क-बेस्ड गेम का सबूत नहीं मिला. जानिए इस केस में अब तक क्या-क्या सामने आया.
गाजियाबाद के टीला मोड़ इलाके में तीन सगी नाबालिग बहनों की आत्महत्या ने पूरे समाज को हिला कर रख दिया है. भारत सिटी सोसायटी की नौवीं मंजिल से कूदकर तीनों ने जान दे दी, जिसके बाद परिवार, पड़ोस और पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई. मामला सामने आने के बाद हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर इतनी छोटी उम्र में ऐसा कदम क्यों उठाया गया.
जांच आगे बढ़ी तो कई चौंकाने वाले पहलू सामने आए. पुलिस के मुताबिक, तीनों बहनें कोरियन कल्चर से काफी प्रभावित थीं और इसी को लेकर घर में तनाव भी चल रहा था. अब यह मामला सिर्फ एक सुसाइड नहीं, बल्कि सोशल मीडिया, मोबाइल एडिक्शन और पारिवारिक दबाव जैसे कई मुद्दों से जुड़ा दिख रहा है.
गाजियाबाद में उस रात आखिर क्या हुआ था?
जवाब: पुलिस के मुताबिक, रात करीब 2 बजे तीनों बहनों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. इसके बाद उन्होंने स्टूल लगाकर एक-एक करके बालकनी से छलांग लगा दी. शुरुआत में पड़ोसियों को लगा कि कोई हादसा हुआ है, लेकिन कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मामला आत्महत्या का निकला.
तीनों बहनों की पहचान क्या थी?
जवाब: पुलिस के अनुसार मृतक बहनों के नाम निशिका (16 साल), प्राची (14 साल) और पाखी (12 साल) थे. तीनों सगी बहनें थीं और एक ही परिवार में रहती थीं. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
मौके से क्या-क्या सबूत मिले?
जवाब: पुलिस को घटनास्थल से एक पेज का सुसाइड नोट मिला, जिस पर सिर्फ “मम्मी-पापा सॉरी” लिखा था. इसके अलावा घर से 8 पन्नों की एक डायरी भी मिली है, जिसमें बहनों ने अपनी पसंद, सोच और हालात के बारे में लिखा था.
डायरी में ऐसा क्या लिखा था?
जवाब: डायरी में लिखा था कि तीनों बहनें कोरियन कल्चर, K-POP, कोरियन मूवी, म्यूजिक और यूट्यूब कंटेंट से बहुत प्रभावित थीं. वे कोरियन लाइफस्टाइल से जुड़ना चाहती थीं और इसी वजह से कोरियन लड़के से शादी करने की इच्छा भी जताई गई थी. डायरी में यह भी लिखा गया कि मोबाइल बंद कर दिए जाने के बाद वे उस दुनिया से कट गई थीं, जिसे वे पसंद करती थीं.
क्या किसी गेम या ऑनलाइन टास्क का दबाव था?
पुलिस ने साफ किया है कि शुरुआती जांच में किसी टास्क-बेस्ड गेम या कथित ‘कोरियन लव गेम’ का कोई सबूत नहीं मिला है. बच्चियां सामान्य मोबाइल गेम्स खेलती थीं, जो प्ले स्टोर पर आसानी से उपलब्ध होते हैं. फिलहाल पुलिस इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की फोरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है.
परिवार की पृष्ठभूमि और हालात क्या थे?
जवाब: जांच में सामने आया है कि बच्चियों के पिता ने दो शादियां की थीं और परिवार में कुल पांच बच्चे थे. पुलिस के मुताबिक, बच्चियों की मोबाइल एडिक्शन को देखते हुए परिवार ने फोन इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी. इसी फैसले के बाद घर में तनाव बढ़ा और बच्चियां मानसिक रूप से परेशान रहने लगीं.
अब तक इस केस में क्या-क्या हुआ?
- गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर जान दी.
- घटना रात करीब 2 बजे हुई, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था.
- मृतकों की पहचान निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई.
- मौके से “मम्मी-पापा सॉरी” लिखा एक पेज का सुसाइड नोट मिला.
- घर से 8 पन्नों की डायरी बरामद हुई, जिसमें कोरियन कल्चर का जिक्र था.
- डायरी में कोरियन लाइफस्टाइल और शादी की इच्छा जैसी बातें लिखी थीं.
- परिवार ने मोबाइल एडिक्शन के कारण फोन इस्तेमाल पर रोक लगाई थी.
- पुलिस को किसी टास्क-बेस्ड गेम या खतरनाक ऑनलाइन चैलेंज का सबूत नहीं मिला.
- तीनों के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं.
- पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल जांच के आधार पर पूरे मामले की सच्चाई जोड़ने में जुटी है.
पढ़ें पूरी टाइमलाइन
- 1:35 बजे रात: तीनों बेटियों ने पानी पीने का बहाना किया और माँ के कमरे से निकलकर दूसरे कमरे में चली गईं.
- 1:40 बजे: कमरे में पहुंचते ही बेटियों ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. दरवाजा बंद होने की आवाज सुनकर मां को शक हुआ और वह बाहर आकर दरवाजा खटखटाने लगीं.
- 1:45 बजे: दरवाजा नहीं खुलने पर मां ने दूसरे कमरे में सो रहे पिता को जगाया और पूरी बात बताई.
- 1:50 बजे: पिता ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला और कमरा बंद ही रहा.
- 1:55 बजे: अचानक नीचे कुछ गिरने की आवाज आई. पिता ने पास वाले कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो एक बेटी नीचे गिरी हुई थी. कुछ ही पलों में बाकी दो बेटियां भी एक-एक कर नीचे कूद गईं.
- 2:06 बजे: घबराए पिता ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी.
- 2:20 बजे: पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.
- 2:45 बजे: एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंची. तीनों बेटियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.





