Begin typing your search...

जेफरी एपस्टीन के घर दलाई लामा का क्‍या काम? ईमेल लीक में तिब्‍बती धर्म गुरु का 169 बार नाम, 2012 में मुलाकात के दावे से मचा बवाल

जेफरी एपस्टीन से जुड़े ईमेल्स में दलाई लामा का नाम 169 बार आने का दावा किया गया है. 2012 में मुलाकात और पुराने NXIVM विवाद से जुड़े आरोपों ने अंतरराष्ट्रीय विवाद को हवा दी है.

dalai lama jeffrey epstein emails controversy 2012 meeting
X
( Image Source:  ANI )
प्रवीण सिंह
Edited By: प्रवीण सिंह

Published on: 5 Feb 2026 9:09 AM

अमेरिकी अरबपति और यौन अपराधों के आरोपी जेफरी एपस्टीन से जुड़े नए ईमेल सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है. इन ईमेल्स में तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा का नाम कम से कम 169 बार दर्ज होने का दावा किया गया है, जिससे दुनिया भर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्टूबर 2012 के कुछ ईमेल्स में यह संकेत मिलता है कि दलाई लामा ने उस दौरान जेफरी एपस्टीन से मुलाकात की थी और वे एक कार्यक्रम में उसके साथ शामिल होने वाले थे. यूरोपीय मीडिया आउटलेट Nexta TV ने यह भी दावा किया है कि दलाई लामा के कुछ अनुयायियों की भी एपस्टीन से मुलाकात हुई थी.

“एपस्टीन के घर पर दलाई लामा को देखा था”

इस विवाद को और हवा तब मिली जब पिछले साल पत्रकार माइकल वोल्फ ने Daily Beast Podcast में एक बड़ा दावा किया. वोल्फ ने कहा कि उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित एपस्टीन के मैनहैटन टाउनहाउस में आयोजित तथाकथित “सैलून मीटिंग्स” के दौरान कई प्रभावशाली हस्तियों को देखा था, जिनमें दलाई लामा का नाम भी शामिल था. वोल्फ के मुताबिक, कई लोग एपस्टीन के पास आर्थिक मदद या दान हासिल करने के मकसद से आते थे और संभव है कि दलाई लामा की मौजूदगी भी इसी उद्देश्य से जुड़ी हो. हालांकि इस दावे के समर्थन में कोई सार्वजनिक तस्वीर या आधिकारिक दस्तावेज सामने नहीं आया है.

दलाई लामा के ऑफिस की चुप्पी

स्वतंत्र पत्रकार जैकब सिल्वरमैन ने अपने सबस्टैक लेख “Why Was The Dalai Lama At Jeffrey Epstein’s House?” में इस मुद्दे की पड़ताल की. उन्होंने लिखा कि दलाई लामा के कार्यालय से इस संबंध में सवाल पूछे गए थे, लेकिन किसी तरह की औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई. सिल्वरमैन ने यह भी जिक्र किया कि दलाई लामा पहले भी कुछ विवादित हस्तियों से जुड़े आयोजनों में शामिल हो चुके हैं.

NXIVM सेक्स कल्ट से जुड़ा पुराना विवाद

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2009 में दलाई लामा एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे जो बाद में कुख्यात सेक्स कल्ट NXIVM से जुड़ा पाया गया. इस संगठन के प्रमुख कीथ रैनिएरे को 2019 में यौन शोषण, तस्करी और जबरन श्रम जैसे सात मामलों में दोषी ठहराया गया और उसे 120 साल की सजा सुनाई गई.

सिल्वरमैन के अनुसार, उस कार्यक्रम में दलाई लामा ने भाषण दिया था और रैनिएरे के कंधों पर पारंपरिक तिब्बती शॉल भी रखी थी. दावा किया गया कि इसके बदले उन्हें लगभग 10 लाख डॉलर (करीब 8 करोड़ रुपये) मिले थे, हालांकि इस पर दलाई लामा की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई.

एपस्टीन फाइलों में और कौन-कौन नाम?

नए दस्तावेजों में कई और चर्चित नाम भी सामने आए हैं. इनमें शामिल हैं लिंक्डइन के सह-संस्थापक रीड हॉफमैन, प्रसिद्ध फिल्ममेकर मीरा नायर, भारतीय-अमेरिकी आध्यात्मिक वक्ता और वेलनेस गुरु दीपक चोपड़ा. हालांकि इन नामों का आना यह साबित नहीं करता कि सभी लोग किसी अपराध में शामिल थे, लेकिन इससे यह जरूर साफ होता है कि एपस्टीन का नेटवर्क बेहद प्रभावशाली और व्यापक था.

विवाद और सवाल

दलाई लामा जैसे वैश्विक आध्यात्मिक नेता का नाम एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में बार-बार सामने आना कई सवाल खड़े करता है -

  • क्या यह सिर्फ औपचारिक मुलाकात थी?
  • क्या किसी तरह का दान या फंडिंग जुड़ी थी?
  • या फिर यह केवल संदर्भ मात्र हैं जिनका गलत अर्थ निकाला जा रहा है?

फिलहाल इन सवालों पर दलाई लामा की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

वर्ल्‍ड न्‍यूज
अगला लेख