कोरियन लवर गेम ही नहीं, Evil Nun और The Baby in Yellow जैसे गेम्स भी खेलती थीं तीनों बहनें; सामने आ रहे नए खुलासे
गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या के मामले में उनके कमरे से मिली डायरी पुलिस जांच का अहम सुराग बन गई है. डायरी से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है.
Ghaziabad triple sisters suicide case: गाजियाबाद के भारत सिटी सोसाइटी में तीन नाबालिग बहनों की सामूहिक आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान एक हाथ से लिखी डायरी सामने आई है, जिसे अब इस केस का सबसे अहम सुराग माना जा रहा है. यह डायरी तीनों बहनों, निशिका (16), प्राची (14) और पाकी (12), के कमरे से बरामद हुई है.
बुधवार तड़के तीनों बहनों ने नौवीं मंज़िल से कूदकर अपनी जान दे दी थी. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस घटना ने पूरे इलाके और शहर को झकझोर कर रख दिया.
डायरी में क्या लिखा है?
पुलिस के मुताबिक, डायरी में तीनों बहनों की मानसिक स्थिति, और उनकी रुचियों की झलक मिलती है. डायरी में कई हॉरर मोबाइल गेम्स और डिजिटल कंटेंट का ज़िक्र है, जिनसे वे काफ़ी प्रभावित थीं. डायरी में जिन गेम्स के नाम मिले हैं, उनमें शामिल हैं- Poppy Playtime (सर्वाइवल हॉरर गेम), The Baby in Yellow (डरावनी कहानी पर आधारित गेम), Evil Nun (स्टील्थ और एस्केप गेम), Ice Cream Man Game और Ice Game... इसके अलावा, डायरी में मशहूर गेमिंग यूट्यूब चैनल्स Techno Gamers और Bright Gamers का भी ज़िक्र है, जिनका कंटेंट वे नियमित रूप से देखती थीं.
डायरी में और क्या लिखा है?
डायरी में बार-बार कोरियन कल्चर के प्रति गहरा लगाव सामने आता है. तीनों बहनों ने लिखा है, “We love Korean. Love, love, love.” डायरी में कोरियन एक्टर्स, K-Pop, कोरियन फिल्मों और Korean BL Dramas के साथ-साथ जापानी एक्टर्स, गाने, फिल्में और Japanese BL Dramas का भी ज़िक्र है.
क्या परिवार से परेशान थीं तीनों बहनें?
पुलिस के अनुसार, डायरी में यह भी लिखा गया है कि परिवार उन्हें इस लगाव से दूर करने की कोशिश कर रहा था, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान थीं. उन्होंने डायरी को अपनी 'true life story' बताया है और लिखा है कि जो कुछ लिखा गया है, उस पर भरोसा किया जाए.
पिता ने पुलिस को क्या बताया?
लड़कियों के पिता चेतन कुमार ने पुलिस को बताया कि तीनों बहनें पिछले करीब तीन साल से एक कोरियन गेम खेल रही थीं, और इसी दौरान उन्होंने स्कूल जाना भी लगभग बंद कर दिया था. हालांकि पुलिस अभी इस दावे की पुष्टि कर रही है.
पुलिस जांच में क्या चल रहा है?
डीसीपी (ट्रांस हिंडन) निमिश पाटिल ने बताया कि डायरी को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है. उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल इस मामले को आत्महत्या मानकर ही जांच हो रही है, लेकिन हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या कोई टास्क-बेस्ड ऐप इस्तेमाल हो रहा था? क्या किसी ऐप या गेम ने मानसिक रूप से उन्हें प्रभावित किया? डीसीपी के मुताबिक, अब तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है जिससे यह साबित हो सके कि कोई कोरियन टास्क-बेस्ड ऐप सीधे तौर पर इस घटना से जुड़ा है.
क्या परिवार की आर्थिक तंगी बनी सुसाइड की वजह?
सोसाइटी के एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि लड़कियों के पिता को शेयर मार्केट में भारी नुकसान हुआ था. कथित तौर पर उन्हें ₹2 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ और हालात इतने खराब हो गए थे कि एक बार बिजली का बिल चुकाने के लिए मोबाइल फोन तक बेचना पड़ा. पुलिस ने पुष्टि की है कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी जांच का हिस्सा है, क्योंकि घर में लगातार तनाव और झगड़ों की बात सामने आई है.





