राम मंदिर के बाद क्या? UP चुनाव 2027 के लिए BJP को किस नैरेटिव की है तलाश
राम मंदिर के बाद भाजपा 2027 यूपी चुनाव के लिए नए नैरेटिव की तलाश में है. विकास, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, जनसंख्या संतुलन और राष्ट्रवाद पर फोकस बढ़ सकता है.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में पिछले एक दशक के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने कई बड़े राजनीतिक और वैचारिक नैरेटिव के सहारे 2014 से 2024 तक के चुनावों में सफलता हासिल की है. 2014 में राष्ट्रवाद, 2017 में कानून-व्यवस्था और हिंदुत्व, 2019 में राष्ट्रीय सुरक्षा, 2022 में बुलडोजर और राम मंदिर निर्माण की राजनीति भाजपा के प्रमुख चुनावी हथियार रहे. लेकिन 2027 विधानसभा चुनाव की ओर बढ़ते हुए सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है और उसका उद्घाटन भी हो गया है, तब भाजपा मतदाताओं के सामने कौन सा इमोशनल और पॉलिटिकल एजेंडा रखेगी?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राम मंदिर का प्रतीकात्मक महत्व खत्म नहीं होगा, लेकिन चुनावी राजनीति में किसी भी मुद्दे की प्रभावशीलता समय के साथ बदलती है. भाजपा को अब ऐसा नया नैरेटिव चाहिए जो हिंदुत्व समर्थक वोटर को भी जोड़े रखे और विकास की अपेक्षा रखने वाले वर्ग को भी आकर्षित करे.
क्या वक्फ कानून वैचारिक मुद्दा बन सकता है?
हाल के वर्षों में वक्फ संपत्तियों और वक्फ बोर्ड की शक्तियों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर बहस तेज हुई है. केंद्र सरकार द्वारा वक्फ कानून में संशोधन की पहल को भाजपा केवल प्रशासनिक सुधार के रूप में नहीं, बल्कि "समान अधिकार" और "पारदर्शिता" के मुद्दे के रूप में प्रस्तुत कर रही है.
उत्तर प्रदेश में यह मुद्दा इसलिए महत्वपूर्ण हो सकता है क्योंकि यहां बड़ी संख्या में ऐसी जमीनों और संपत्तियों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं. भाजपा इस बहस को "विशेषाधिकार बनाम समान कानून" के रूप में पेश करने की कोशिश कर सकती है.
यह नैरेटिव पार्टी के कोर समर्थक वर्ग को भावनात्मक रूप से जोड़ने की क्षमता रखता है. हालांकि, इसकी चुनौती यह है कि यह मुद्दा अभी भी आम मतदाता के दैनिक जीवन से सीधे तौर पर उतना जुड़ा हुआ नहीं है जितना राम मंदिर या कानून-व्यवस्था का सवाल था.
जनसंख्या संतुलन का मुद्दा आगे बढ़ेगा?
भाजपा और उसके वैचारिक सहयोगी लंबे समय से जनसंख्या नियंत्रण और जनसांख्यिकीय बदलाव के मुद्दे को उठाते रहे हैं. उत्तर प्रदेश में योगी सरकार पहले भी जनसंख्या नीति का मसौदा सामने ला चुकी है. 2027 तक यह विषय एक बड़े राजनीतिक विमर्श के रूप में उभर सकता है. वेस्ट से लेकर ईस्ट तक के कई जिले ऐसे हैं, जहां पर अननेचुरल डेमोग्राफिक चेंज हुए हैं.
इस मुद्दे का राजनीतिक तर्क यह है कि भाजपा इसे संसाधनों, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक संतुलन से जोड़कर प्रस्तुत कर सकती है. पार्टी के लिए यह एक ऐसा विषय है जो वैचारिक आधार को भी मजबूत करता है और प्रशासनिक सुधार के एजेंडे के साथ भी जोड़ा जा सकता है. हालांकि विपक्ष इसे सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का प्रयास बताकर चुनौती देने की कोशिश करेगा.
कानून-व्यवस्था और बुलडोजर मॉडल नैरेटिव जारी रहेगी?
2017 और 2022 के चुनावों में कानून-व्यवस्था भाजपा की सबसे बड़ी ताकतों में से एक रही. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राजनीतिक पहचान भी इसी मुद्दे के इर्द-गिर्द बनी है. राज्य सरकार लगातार दावा करती रही है कि अपराध नियंत्रण, माफिया पर कार्रवाई और महिलाओं की सुरक्षा के मामलों में उत्तर प्रदेश की स्थिति पहले से बेहतर हुई है.
2027 में भाजपा इस मॉडल को और अधिक संस्थागत रूप दे सकती है. केवल बुलडोजर की छवि से आगे बढ़कर "सुरक्षित उत्तर प्रदेश" का व्यापक संदेश दिया जा सकता है. इसका आधार यह होगा कि सुरक्षा का मुद्दा जाति और वर्ग की सीमाओं से ऊपर जाकर लगभग हर मतदाता को प्रभावित करता है. इसलिए कानून-व्यवस्था भाजपा के लिए सबसे भरोसेमंद चुनावी स्तंभों में से एक बना रह सकता है.
महिला सुरक्षा और लाभार्थी वर्ग निर्णायक होगा?
पिछले कुछ चुनावों में भाजपा को महिला मतदाताओं से उल्लेखनीय समर्थन मिला है. उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत और विभिन्न सामाजिक योजनाओं का लाभ लेने वाली महिलाओं का एक बड़ा वर्ग भाजपा के साथ जुड़ा दिखाई दिया.
2027 में पार्टी महिला सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार को एक नए सामाजिक नैरेटिव के रूप में पेश कर सकती है. राजनीतिक दृष्टि से यह महत्वपूर्ण इसलिए है क्योंकि महिला मतदाता अब केवल पारिवारिक मतदान पैटर्न का हिस्सा नहीं रह गई हैं, बल्कि स्वतंत्र राजनीतिक प्राथमिकताएं भी विकसित कर रही हैं.
क्या रोजगार और विकास नया चुनावी केंद्र बनेगा?
उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर, फिल्म सिटी और औद्योगिक निवेश जैसे प्रोजेक्ट भाजपा सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रचारित किए जाते हैं. लेकिन 2027 तक केवल परियोजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि उनके रोजगार परिणाम भी महत्वपूर्ण होंगे.
युवा मतदाता के सामने सबसे बड़ा सवाल नौकरी और आय का है. भाजपा यदि निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर को रोजगार सृजन के ठोस आंकड़ों से जोड़ पाती है, तो यह विकास आधारित नैरेटिव उसके लिए मजबूत राजनीतिक हथियार बन सकता है. खासकर उन शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में जहां पहचान की राजनीति के साथ आर्थिक अपेक्षाएं भी तेजी से बढ़ी हैं.
इमोशनल और डवलपमेंट का घालमेल करने के फिराक में?
2027 के चुनाव की दिशा को देखते हुए सबसे संभावित रणनीति किसी एक मुद्दे पर निर्भर रहने की नहीं, बल्कि कई नैरेटिव के संयोजन की दिखाई देती है. राम मंदिर भाजपा की वैचारिक उपलब्धि के रूप में मौजूद रहेगा, लेकिन उसके साथ कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, जनसंख्या संतुलन, वक्फ सुधार और विकास परियोजनाओं को जोड़कर एक व्यापक राजनीतिक कहानी गढ़ने की कोशिश होगी. गंगा एक्सप्रेसवे को योगी सरकार मॉडल के रूप पेश कर सकती है. ऐसा कर बीजेपी ईस्ट से वेस्ट तक विकास का नैरेटिव बना सकती है. यह उत्तर प्रदेश का यह सबसे लंबा एक्सप्रेसवे माना जाता है और इसे पश्चिमी, मध्य तथा पूर्वी यूपी को तेज सड़क संपर्क से जोड़ने वाले बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है.
यही कारण है कि 2027 का चुनाव केवल "राम मंदिर के बाद क्या?" का सवाल नहीं होगा, बल्कि यह तय करेगा कि भाजपा हिंदुत्व, सुशासन और विकास के बीच नया संतुलन कैसे बनाती है. उत्तर प्रदेश की राजनीति में अगला बड़ा नैरेटिव संभवतः किसी एक भावनात्मक मुद्दे से नहीं, बल्कि पहचान, सुरक्षा और विकास के संयुक्त मॉडल से तैयार होगा.
2022 में इस पर बीजेपी ने जोर दिया था?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने कई समानांतर नैरेटिव पर जोर दिया था. सबसे प्रमुख नैरेटिव "बुलडोजर और कानून-व्यवस्था" का था, जिसके जरिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने माफिया और अपराधियों पर कार्रवाई को अपनी बड़ी उपलब्धि बताया. दूसरा बड़ा मुद्दा हिंदुत्व और राम मंदिर रहा, जिसमें अयोध्या में मंदिर निर्माण को सांस्कृतिक गौरव से जोड़ा गया. भाजपा ने डबल इंजन सरकार के तहत केंद्र और राज्य के तालमेल, मुफ्त राशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं, महिलाओं की सुरक्षा, गरीब कल्याण और कोविड प्रबंधन को भी प्रमुखता दी. राष्ट्रवाद, विकास और मजबूत नेतृत्व का संदेश भी चुनावी अभियान का अहम हिस्सा रहा.
'कानून व्यवस्था और विकास पर लगाएंगे दांव'
यूपी बीजेपी के प्रवक्ता चंद्रमोहन सिंह का कहना है कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में कानून-व्यवस्था और विकास भाजपा के सबसे बड़े मुद्दे होंगे. उनके मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते कुछ वर्षों में सुशासन और तेज विकास का ऐसा मॉडल पेश किया है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है. उन्होंने कहा कि अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई ने प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बनाया है, वहीं गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं ने विकास को नई गति दी है.
चंद्रमोहन सिंह के अनुसार जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिए गेम चेंजर साबित होने वाला प्रोजेक्ट है. उन्होंने कहा कि वेस्ट यूपी के लोगों के लिए यह किसी असली "जेवर" से कम नहीं है. भाजपा का मानना है कि विकास और बेहतर कानून-व्यवस्था का लाभ आगामी चुनाव में पार्टी को निश्चित रूप से मिलेगा.
विकास, सुरक्षा और राष्ट्रवाद
यूपी बीजेपी के प्रवक्ता अवनीश त्यागी का कहना है कि 2027 विधानसभा चुनाव में सुशासन, विकास, महिला सुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा, देश की एकता और अखंडता जैसे मुद्दे भाजपा के चुनावी अभियान के केंद्र में रहेंगे. उनका कहना है कि भाजपा ने हाल के वर्षों में जिन राज्यों में सफलता हासिल की है, वहां विकास और राष्ट्रीय हितों से जुड़े मुद्दों को जनता ने प्राथमिकता दी है. उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम किया है. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अयोध्या धाम का पुनर्विकास, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं राज्य की नई पहचान बन रही हैं.
अवनीश त्यागी का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में हुए सुधार भी भाजपा की बड़ी उपलब्धियां हैं. साथ ही जनसंख्या संतुलन के मुद्दे पर केंद्र सरकार द्वारा गठित समिति की रिपोर्ट आने के बाद यह विषय भी राष्ट्रीय और राजनीतिक विमर्श का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है, जिसका असर आगामी चुनावों में देखने को मिल सकता है.




