क्राइम में भी छोरियां नहीं कम! स्टेशन जा रहा था युवक, ऑटो रुका और फिल्मी अंदाज में किडनैपिंग, मिनटों में खाते से रकम साफ
एमपी के सतना में एक युवक को ऑटो में अगवा करने वाली छोरियां पहले उसे पेट्रोल पंप पर ले गईं. फिर गनप्वाइंट पर उसके खाते से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लिए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
मध्य प्रदेश के सतना में क्रिमिनल्स के इकबाल इस कदर बुलंद हैं कि रेलवे स्टेशन जा रहे एक युवक के आगे अचानक सड़क पर रुके ऑटो में सवार चार युवक-युवतियों ने फिल्मी अंदाज में उसका मुंह दबाकर अगवा कर लिया. युवक को पेट्रोल पंप ले जाकर गनप्वाइंट पर मोबाइल से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लिए. फिर सुनसान इलाके में धक्का देकर उतार दिया. इतना ही नहीं, ऐसा करने से पहले अपहरणकर्ताओं ने उसका मोबाइल भी छीन लिया. युवक की शिकायत पर सतना पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में पूरी वारदात का खुलासा कर चारों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
Satna Crime: ऑटो में अगवा कर युवक से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर
मध्य प्रदेश के सतना जिले में अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन जा रहे एक युवक का रास्ते में अपहरण कर उससे जबरन ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाए गए. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
रेलवे स्टेशन जाते वक्त कैसे हुआ युवक का अपहरण
सतना पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रफुल्ल श्रीवास्तव (20 वर्ष), निवासी मुख्तयारगंज, 6 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे घर से रेलवे स्टेशन के लिए निकले था. स्टेशन रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के पास अचानक एक ऑटो उनके पास आकर रुका. ऑटो में चार सवार युवकों और युवतियों ने उनका मुंह दबाकर जबरन अंदर बैठा लिया.
पेट्रोल पंप ले जाकर ऐसे कराए पैसे ट्रांसफर
आरोपी युवक को महादेवा पेट्रोल पंप ले गए. वहां उसका मोबाइल छीन लिया गया और डरा-धमकाकर पिन कोड पूछ लिया गया. इसके बाद आरोपियों ने उसके खाते से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए. पुलिस के मुताबिक, ट्रांजैक्शन पेट्रोल पंप के माध्यम से कराया गया और रकम को आगे ट्रांसफर कर लिया गया.
पुलिस ने दिखाई तत्परता, चारों आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रावेन्द्र द्विवेदी ने विशेष टीम गठित की. मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस हत्थे चढ़े गिरफ्तार आरोपियों में पियूष कुशवाहा (सतना), अंकित द्विवेदी (अमरपाटन), दीपाली बागरी (नागौद) और दिशा वर्मन (सतना) शामिल है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ऑटो और लूटा गया मोबाइल भी जब्त कर लिया है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर केंद्रीय जेल सतना भेज दिया गया.
MP Crime: क्राइम के बाद सुरक्षा पर सवाल!
इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासतौर पर रात के समय रेलवे स्टेशन और मुख्य मार्गों पर गश्त बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यदि अन्य लोग भी शामिल पाए जाते हैं तो कार्रवाई की जाएगी.





