एक अफवाह और मच गया मौत का तांडव! MP के मुरैना में ट्रेन से उतरकर पटरी पर आए चार लोगों को दूसरी ट्रेन ने कुचला-10 बड़ी बातें
मध्य प्रदेश के मुरैना में एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है, जहां आग लगने की अफवाह के बाद कुछ यात्रियों ने चलती ट्रेन से उतरकर पटरी पर आ गए. इसी दौरान दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई. मामले की जांच की जा रही है.
Morena Train Accident
Morena Train Accident: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया. यहां कथित तौर पर ट्रेन में आग लगने की अफवाह के बाद कुछ यात्री घबराकर ट्रेन से नीचे उतर गए और रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए. इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई..
जानकारी के मुताबिक, यात्रियों को ट्रेन के इंजन में आग लगने की सूचना मिली थी. अफवाह फैलते ही कुछ लोगों में डर का माहौल बन गया और उन्होंने ट्रेन से उतरने का फैसला कर लिया. इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर खड़े यात्रियों के साथ यह हादसा हो गया.
मौके पर पहुंचा रेलवे और स्थानीय प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग की खबर किस तरह फैली और यात्रियों ने ट्रेन से उतरने का फैसला क्यों लिया.
रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराकर गलत कदम न उठाएं और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें, क्योंकि अफवाहों के कारण बड़े हादसे हो सकते हैं.
मुरैना रेल हादसा: 10 बड़ी बातें
1- हेतमपुर स्टेशन के पास हुआ दर्दनाक हादसा: मध्य प्रदेश के मुरैना और राजस्थान के धौलपुर के बीच रविवार को बड़ा रेल हादसा हुआ. सरायछौला थाना क्षेत्र के हेतमपुर स्टेशन के पास चार यात्रियों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
2- मोबाइल फटने के बाद आग की अफवाह फैली: जानकारी के मुताबिक उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक यात्री का मोबाइल फट गया था. इसके बाद ट्रेन में आग लगने की अफवाह तेजी से फैल गई, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया.
3- चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी गई: घबराए यात्रियों में से किसी ने ट्रेन की अलार्म चेन खींच दी, जिसके बाद खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर रुक गई. ट्रेन रुकते ही कई यात्री जान बचाने के लिए नीचे उतर गए.
4-दूसरी रेलवे लाइन पर पहुंचे यात्री हादसे का शिकार हुए: ट्रेन से उतरने के बाद कुछ यात्री पास वाली रेलवे लाइन पर चले गए. इसी दौरान आगरा की ओर से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस उसी ट्रैक से गुजरी और उसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
5-मृतकों में मां-बेटे समेत चार लोग शामिल: हादसे में आफरीन (35) और उनके चार साल के बेटे असद खान की मौत हो गई. इसके अलावा शकुंतला देवी (60) और विरमा देवी (60) ने भी इस हादसे में अपनी जान गंवा दी.
6- रेलवे ने घटना की पुष्टि की: उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के अनुसार, खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में अलार्म चेन पुलिंग के कारण ट्रेन रुकी थी. इसके बाद कुछ यात्री नीचे उतर गए और हादसा हो गया.
7-पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए यात्री: रेलवे के मुताबिक, उसी समय अप दिशा से फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी. ट्रैक पर मौजूद यात्रियों को ट्रेन ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे चार लोगों की मौत हो गई.
8- हादसे के बाद रेलवे और प्रशासन मौके पर पहुंचा: घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. यात्रियों को सहायता उपलब्ध कराई गई और स्थिति को नियंत्रित किया गया.
9-अफवाह बनी हादसे की बड़ी वजह: प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आग लगने की अफवाह के कारण यात्रियों ने जल्दबाजी में ट्रेन से उतरने का फैसला लिया. रेलवे अब पूरे मामले की जांच कर रहा है कि आखिर अफवाह कैसे फैली.
10- रेलवे ने जांच शुरू कर दी है: रेलवे प्रशासन ने कहा है कि हादसे के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के बाद ही साफ होगा कि लापरवाही, अफवाह और परिस्थितियों में किसकी कितनी भूमिका रही.




