शादी के लिए नहीं मानी तो बार-बार बनाए जबरन संबंध, वॉशरूम में बच्चे को जन्म देने वाली छात्रा ने सुनाई पूरी आपबीती
मध्य प्रदेश के धार जिले में बोर्ड परीक्षा के दौरान घटी एक चौंकाने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है. कक्षा 10 की एक नाबालिग छात्रा ने सरकारी स्कूल के वॉशरूम में बच्चे को जन्म दिया.
student gives birth during board exam
मध्य प्रदेश के धार जिले में बोर्ड परीक्षा के दौरान घटी एक चौंकाने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है. कक्षा 10 की एक नाबालिग छात्रा ने सरकारी स्कूल के वॉशरूम में बच्चे को जन्म दिया. मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब छात्रा ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि वह कई महीनों से एक परिचित युवक द्वारा कथित यौन उत्पीड़न का शिकार हो रही थी.
गुरुवार को माता-पिता की उपस्थिति में हुई मेडिकल जांच और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया के दौरान छात्रा ने पूरी जानकारी दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है.
आरोपी से कैसी हुई थी मुलाकात?
एफआईआर के मुताबिक, छात्रा की आरोपी युवक से मुलाकात साल 2024 में एक गरबा उत्सव के दौरान हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई. छात्रा ने बताया कि वह युवक से बात करने के लिए अपने पिता के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करती थी. उसने कहा मई 2025 में आरोपी ने उससे दोबारा संपर्क कर शादी का प्रस्ताव रखा. जब छात्रा ने शादी के लिए मना कर दिया, तो वह कथित तौर पर उसे अपने किराए के मकान में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए.
छात्रा ने परिवार को क्यों नहीं बताया?
छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने घटना का खुलासा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी. शिकायत के अनुसार, वह लगातार फोन कर संपर्क में बना रहा और कई बार अपने कमरे में बुलाकर कथित रूप से दोबारा शारीरिक संबंध बनाए. डर और बदनामी के भय से छात्रा ने अपने परिवार को कुछ नहीं बताया और गर्भावस्था को भी छिपाए रखा.
कैसे अस्पताल पहुंची छात्रा?
बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्रा को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ. उसने परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति ली, लेकिन काफी समय तक वापस नहीं लौटी. स्कूल कर्मचारियों ने जब वॉशरूम की जांच की तो पाया कि छात्रा ने वहां एक बच्चे को जन्म दिया है. तुरंत उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि छात्रा और नवजात शिशु दोनों की हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. डीएसपी उमाकांत चौधरी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.




