15 लाख की फिरौती, 1 करोड़ का विवाद और किडनैप कर हत्या; धनबाद में रिकवरी एजेंट की मौत मामले का पुलिस ने कैसे किया खुलासा?
धनबाद में लोन रिकवरी एजेंट अमित अग्रवाल की 1 करोड़ रुपये के लेन-देन विवाद में हत्या कर दी गई. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. शव उसके फ्लैट से बरामद हुआ,
Dhanbad Loan Recovery Agent Amit Agarwal Murder Case: झारखंड के धनबाद में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार अग्रवाल की कथित तौर पर करीब 1 करोड़ रुपये के लेन-देन विवाद में हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में आरोपी विकास खंडेलवाल को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है.
पुलिस के मुताबिक, अमित अग्रवाल बीते कुछ दिनों से लापता थे. उनके परिवार ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. इसी बीच परिजनों को अमित के मोबाइल फोन से 15 लाख रुपये की फिरौती के कॉल आने लगे, जिससे मामला और गंभीर हो गया.
कैसे आरोपी तक पहुंची पुलिस?
तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपी विकास खंडेलवाल तक पहुंची. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि अमित की हत्या कर शव को सदर थाना क्षेत्र के सूर्य हाइलैंड सोसाइटी में स्थित अपने फ्लैट में छिपाकर रखा है.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फ्लैट से अमित का शव बरामद किया. शव को कब्जे में लेकर शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया.
डीएसपी नौशाद आलम ने क्या बताया?
डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) नौशाद आलम ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अमित और विकास के बीच करीब 1 करोड़ रुपये के लोन सेटलमेंट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. यही विवाद हत्या की वजह बना.
फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फिरौती की कॉल्स किस मकसद से की गईं, और क्या इस वारदात में कोई और व्यक्ति भी शामिल था. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है.





