Begin typing your search...

हरियाणा के मंत्री कंवर लाल पंवार का कब, कहां और कैसे हुआ एक्सीडेंट? जानिए अब कैसा है उनका हाल

हरियाणा सरकार के वरिष्ठ मंत्री कृष्ण लाल पंवार पानीपत में एक बड़े सड़क हादसे में घायल हो गए. जीटी रोड पर उनका काफिला आपस में भिड़ गया, जिसमें उनकी सरकारी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

हरियाणा के मंत्री कंवर लाल पंवार का कब, कहां और कैसे हुआ एक्सीडेंट? जानिए अब कैसा है उनका हाल
X
( Image Source:  ANI )

Haryana Minister Krishan Lal Panwar Road Accident: हरियाणा की नायब सैनी सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार शुक्रवार को एक बड़े सड़क हादसे का शिकार हो गए. पानीपत के जीटी रोड पर एल्डिको सिटी के पास उनका काफिला अचानक आपस में टकरा गया. हादसा इतना जबरदस्त था कि मंत्री की सरकारी इनोवा गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों ने मंत्री को गाड़ी से बाहर निकाला और इलाज के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है. उन्हें गंभीर चोट नहीं आई है.


कब और कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, कृष्ण लाल पंवार चंडीगढ़ से पानीपत लौट रहे थे. शाम करीब 4 बजे उनका काफिला एल्डिको सिटी के पास टोल प्लाजा के सामने पहुंचा था. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि काफिले के आगे चल रही एक गाड़ी ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए. इसके बाद पीछे चल रही पायलट गाड़ी ने भी तेजी से ब्रेक मारे, जिससे पीछे आ रही मंत्री की गाड़ी समेत 3 से 4 वाहन एक के बाद एक भिड़ते चले गए.



तुरंत अस्पताल पहुंचा प्रशासनिक अमला

टक्कर इतनी तेज थी कि मंत्री की इनोवा का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया. सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मंत्री के एक्सीडेंट की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला तुरंत अस्पताल पहुंच गया. पानीपत के विधायक प्रमोद विज, डीसी वीरेंद्र दहिया और एसपी भूपेंद्र सिंह भी हालात का जायजा लेने सिविल अस्पताल पहुंचे. अस्पताल के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ लग गई. डॉक्टरों की टीम मंत्री की स्वास्थ्य जांच में जुटी रही.



दिसंबर में हुई थी घुटने की सर्जरी

बताया जा रहा है कि दिसंबर 2025 में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में कृष्ण लाल पंवार के बाएं घुटने की सर्जरी की गई थी. इसी वजह से उन्होंने हाल के महीनों में अपनी यात्रा के लिए फॉर्च्यूनर की जगह इनोवा का इस्तेमाल शुरू किया था.

कौन हैं कृष्ण लाल पंवार?

  • कृष्ण लाल पंवार हरियाणा की राजनीति का बड़ा दलित चेहरा माने जाते हैं. वे वर्तमान में पंचायत एवं विकास विभाग के साथ-साथ खान एवं भूविज्ञान विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
  • पंवार का राजनीतिक सफर तीन दशक से ज्यादा लंबा रहा है. उन्होंने 1991 में पहली बार इनेलो के टिकट पर असंध सीट से विधानसभा चुनाव जीता था. इसके बाद कई बार विधायक बने.
  • कृष्ण लाल पंवार ने 2014 में भाजपा जॉइन की और इसराना सीट से चुनाव जीतकर मनोहर लाल खट्टर सरकार में मंत्री बने.
  • 2019 में चुनाव हारने के बाद भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा, लेकिन 2024 के चुनाव से पहले उन्होंने इस्तीफा देकर दोबारा विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. इसके बाद उन्हें नायब सैनी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया.
  • राजनीतिक गलियारों में कृष्ण लाल पंवार को पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का बेहद करीबी माना जाता है.



अगला लेख