पटना में BPSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज! TRE 4.0 नोटिफिकेशन में देरी से भड़का छात्रों का गुस्सा, देखिए हंगामे के VIDEO
पटना में BPSC TRE 4.0 नोटिफिकेशन में देरी के खिलाफ हजारों अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस लाठीचार्ज की खबर सामने आई. अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयसीमा तय करने की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी.
बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर एक बार फिर बेरोजगारी का गुस्सा फूट पड़ा है. बिहार में मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के महज एक दिन बाद ही राजधानी का माहौल तब तनावपूर्ण हो गया, जब हजारों बीपीएससी अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE 4.0) की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए.
शुक्रवार को हालात तब और बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. आरोप है कि भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे स्थिति और ज्यादा उग्र हो गई और पटना का ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हो गया. वहीं भाजपा सरकार पर पप्पू यादव समेत तेजस्वी यादव ने सरकार से सवाल पूछे हैं तीखा वार किया है.
पटना में लगभग 10,000 बीपीएससी अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 4.0 की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए. यह प्रदर्शन पटना कॉलेज से शुरू होकर डाक बंगला चौराहा तक पहुंचा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था ठप हो गई. अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को लेकर लगातार देरी कर रही है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है.
बिहार के पटना में क्यों हो प्रदर्शन?
इस आंदोलन का नेतृत्व छात्र नेता दिलीप कुमार कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों की तीन मुख्य मांगें थीं-
- TRE 3 भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए
- TRE 4.0 की अधिसूचना तुरंत जारी की जाए
- कुल रिक्तियों की संख्या और भर्ती की समयसीमा साफ की जाए
इसके अलावा, एक अहम मांग डोमिसाइल नीति को सख्ती से लागू करने की भी रही, जिससे बिहार के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिल सके.
सरकार पर क्या आरोप लगाए गए?
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना था कि सरकार कैबिनेट विस्तार में व्यस्त है, जबकि बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि छात्र महीनों से लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे हैं और नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा.
क्या आंदोलन और तेज होगा?
दिलीप कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही भर्ती अधिसूचना जारी नहीं की गई, तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन अनिश्चितकालीन धरना और घेराव आंदोलन में भी बदल सकता है.




