कौन थीं 30 साल की एक्टर Divyanka Sirohi? सामने आई मौत की वजह
30 साल की हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का अचानक निधन हो गया, जिससे इंडस्ट्री और उनके फैंस में शोक की लहर है. बताया जा रहा है कि यूपी के गाजियाबाद स्थित घर में उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
हरियाणवी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. मशहूर एक्ट्रेस और सोशल मीडिया सेंसेशन Divyanka Sirohi का महज 30 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया. बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित उनके घर पर उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस अचानक हुई मौत ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि फैंस और पूरी हरियाणवी इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है. किसी को यकीन नहीं हो रहा कि इतनी कम उम्र में एक उभरता सितारा हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह गया. अभी तक परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर शोक की लहर साफ देखी जा सकती है.
कौन थीं दिव्यांका सिरोही?
Divyanka Sirohi मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थीं. उन्होंने मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से BCA की पढ़ाई की और इसके बाद सिक्किम से MBA किया. बचपन से ही उन्हें एक्टिंग और डांस का शौक था, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए एक नई पहचान दी.
उनकी लोकप्रियता का असली मोड़ तब आया जब उन्होंने दिवाली के आसपास पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के गाने ‘Meri Mammi Nu Pasand Ni Tu’ पर एक वीडियो बनाया, जो वायरल हो गया. इस वीडियो को करीब 2 करोड़ व्यूज मिले और इसके बाद उनके TikTok पर फॉलोअर्स 50 लाख तक पहुंच गए.
हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कितना बड़ा नाम थीं?
दिव्यांका सिरोही ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी. उन्होंने 50 से ज्यादा म्यूजिक वीडियो में काम किया और कई बड़े कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर की. उनकी जोड़ी खास तौर पर मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया और केडी के साथ खूब पसंद की गई. उनकी एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें तेजी से लोकप्रिय बना दिया था.
इंस्टाग्राम पर कितनी थी फैन फॉलोइंग?
TikTok पर स्टार बनने के बाद दिव्यांका ने इंस्टाग्राम पर भी बड़ी फैन फॉलोइंग बना ली थी. उनके इंस्टाग्राम पर करीब 1.3 मिलियन फॉलोअर्स थे, जहां उनके पोस्ट और वीडियो खूब वायरल होते थे. उनकी हर नई पोस्ट पर हजारों लाइक्स और कमेंट्स आते थे, जो उनकी लोकप्रियता का सबूत थे.
परिवार और निजी जिंदगी कैसी थी?
दिव्यांका सिरोही का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था. उनके परिवार में भाई हिमांशु और बहनें दीपांशु और जस्मीत हैं. वह गाजियाबाद में अपने माता-पिता और दादी के साथ रहती थीं. परिवार के साथ उनका गहरा जुड़ाव था और वह अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी पर्सनल लाइफ की झलक भी साझा करती थीं.
अंतिम संस्कार कब और कहां हुआ?
दिव्यांका सिरोही का अंतिम संस्कार 22 अप्रैल, बुधवार सुबह गाजियाबाद में किया गया. इस दौरान परिवार, करीबी दोस्त और इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग मौजूद रहे. दिव्यांका के निधन के बाद हरियाणवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है. फैंस सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी अचानक मौत पर हैरानी जता रहे हैं.




